वर्ष 35 / अंक - 42 / दिलशाद अंसारी: बिहार में थाना हाजत में एक और हत्या

दिलशाद अंसारी: बिहार में थाना हाजत में एक और हत्या

दिलशाद अंसारी: बिहार में थाना हाजत में एक और हत्या

सहोदरा थाना पुलिस 12 अक्टूबर को 2 बजे भोर में औरैया (बेतिया, प. चंपारण) निवासी दिलशाद अंसारी के घर पहुंची. पुलिस उनको एक पुराने मामले में गिरफ्तार करने आई थी. स्थानीय बानूछापर थाना की पुलिस भी उसके साथ थी. दिलशाद अंसारी घर में ही थे. पुलिस ने उनको गिरफ्तार किया और अपनी बोलेरा में बिठा लिया. सुबह 5 बजे ही पुलिस ने दिलशाद अंसारी के घर फोन कर उनके पिता से कहा – ‘आपके बेटे की तबीयत ठीक नहीं है, आप लोग बेतिया के सदर अस्पताल में आइए. परिजन जब बेतिया सदर अस्पताल पहुंचे, वह मर चुका था.

यह मामला तुरत ही सोशल मीडिया पर चलने लगा. जानकारी मिलते ही भाकपा(माले) नेता फरहान रजा अस्पताल पहुंचे. आक्रांशि लोगों और सदर डीएसपी समेत अन्य अधिकारियों के बीच आक्रोशपूर्ण बातचीत होती रही. मजिस्ट्रेट की निगरानी में  शव का पोस्टमाॅटर्म हुआ और शाम 5 बजे सभी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद मृत शरीर को उनके परिजनों को सौंपा दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने इस अभियान में शामिल सहोदरा थाने के सभी 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया.

अगले दिन भाकपा(माले) का एक जांच दल दिलशाद अंसारी के घर पहुंचा और ग्रामीणों को संगठित कर सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू किया. भाकपा(माले) ने इस घटना को पुलिस थाने में हुई हाजत हत्या बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की. राजद नेता अशरफ फातमी, पूर्व विधायक शमीम अहमद और राजेंद्र राम तथ पश्चिम चंपारण जिले के कई मुस्लिम नेता धाीरे-धीरे मृतक के घर पहुंचने लगे. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी पीड़ित परिजनों से वीडियो काॅल पर बात की.

14 अक्टूबर इंसाफ मंच के जिला अध्यक्ष अख्तर इमाम, भाकपा(माले) बिहार राज्य कमिटी सदस्य फरहान राजा की अगुआई में भाकपा(माले) और इंसाफ मंच की एक संयुक्त टीम दिलशाद अंसार के घर पहुंच कर उनके परिजनों से मिली. इस टीम ने दिलशाद के पिता और अन्य परिजनों को साथ लेकर क्षेत्रीय डीआइजी से मुलाकात की और घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज संरक्षित करने का एक आवेदन दिया. जांच दल ने दिलशाद अंसारी के हत्या के दोषी सहोदरा थानाकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने, पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपए का मुआवजा और परिवार के किसी एक सदस्य को एक स्थाई सरकारी नौकरी  देने की मांग की.


17 October, 2026