वर्ष 35 / अंक - 27 / भाजपा के अपराधियों की गीदड़-भभकियों से स्थानीयों का...

भाजपा के अपराधियों की गीदड़-भभकियों से स्थानीयों का आंदोलन नहीं दबेगा

भाजपा के अपराधियों की गीदड़-भभकियों से स्थानीयों का आंदोलन नहीं दबेगा

-- मनोज भक्त

भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने भरपूर कोशिश की कि भाकपा(माले) विधायक दल के नेता का. अरूप चटर्जी पर अनर्गल आरोपों और बेहूदी बातों के जरिए निरसा की जनता के विरोध को दबा दिया जाए. अपने अपराधों के लिए चर्चित ढुल्लू महतो निश्चित रूप से निरसा में लगभग 470 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 4.25 किमी एलिवेटेड हाईवे निर्माण में किसी जनसेवा या विकास के लिए बेचैन नहीं हैं. हाईवे निर्माण के तौर-तरीकों और लापरवाहियों के खिलाफ निरसा की जनता के विरोध ने उनके असली पेशे की कलई खोल दी है. सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों में उनकी गाली-गलौज और गुंडई भरी भाषा सुनी जा सकती है.

हाईवे निर्माण में सड़क की गुणवत्ता, प्रदूषण और स्थानीय युवाओं के रोजगार को लेकर निरसा के ग्रामीण आक्रोशित थे. इन तीनों ही मसलों पर राष्ट्रीय उच्चपथ प्राधिकरण की कोई स्पष्ट नीति नहीं है. यह कोई अपवाद नहीं है कि स्थानीय आबादी इन मुद्दों पर आक्रोश में थी – यह देशभर में आम समस्या बन चुकी है. स्थानीय पुलिस-प्रशासन और ठेकेदार अक्सर लोगों की मांगों को नजरअंदाज करते हैं या कुचल देते हैं, और इस काम में वे गुंडों की सहायता भी लेते हैं. भ्रष्ट राजनीतिक संरक्षण भी उन्हें मिल जाता है. निरसा में यह संभव नहीं हो पाया. यहां भाकपा(माले) के विधायक का. अरूप चटर्जी ने स्थानीय लोगों का नेतृत्व किया और कहा कि काम आगे बढ़ाने के लिए मुख्य ठेकेदार और प्राधिकरण को जनता के साथ इन मुद्दों पर बातचीत करनी होगी.

भाजपा सांसद ढुल्लू महतो के लिए निरसा की जनता का यह हस्तक्षेप असहनीय था. यह भाजपा, भाजपा सांसद ढुल्लू महतो और ठेकेदार ही स्पष्ट कर सकते हैं कि उन्होंने हाईवे के ठेकेदार से कोई रंगदारी वसूली है या नहीं. लेकिन धनबाद की जनता यह स्पष्ट रूप से जानती है कि ढुल्लू महतो विकास के लिए नहीं, रंगदारी के लिए जाने जाते हैं. भाजपा ने उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखकर ही उन्हें अपना जनप्रतिनिधि बनाया है. ‘द प्रिंट’ के अनुसार ढुल्लू महतो के खिलाफ 49 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें बलात्कार, हत्या और उगाही जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. उनकी काली कमाई उनके अपराधों की ही देन है. ढुल्लू महतो ने 2024 में अपनी आय 7 करोड़ से अधिक अभिप्रमाणित की है, लेकिन वास्तविक कमाई सैकड़ों करोड़ में हो सकती है. इसकी जांच के लिए उच्च न्यायालय में जनहित याचिका भी दायर की गई थी. जाहिर है, यह तथाकथित जनसेवक निरसा किस मंशा से आए होंगे!

भाजपा के इस अपराधी सांसद से गलती हो गई कि उन्होंने निरसा के इतिहास की जानकारी नहीं ली. वहां की संघर्षशील जनता को उन्होंने कम आंका. जब वे शहीद का. गुरुदास चटर्जी या मजदूरों के महान नेता का. एके राय को अपशब्द कहते हैं, तो वे भूल जाते हैं कि का. एके राय और का. गुरुदास चटर्जी केवल सांसद और विधायक नहीं थे – वे मजदूरों के प्रिय क्रांतिकारी नेता थे. सबसे गरीब, दलित, आदिवासी और पिछड़ी आबादी के लिए संघर्षों और कुर्बानियों से भरी लड़ाइयों के वे नायक थे. इन नायकों ने झारखंड आंदोलन में जनपक्ष की मजबूत नींव रखी है. जब धनबाद को माफिया नगरी के रूप में पहचान देने की कोशिश हो रही थी, मजदूरों ने लाल झंडे को बुलंद कर माफियाओं को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था.

संघर्ष और शहादत की इस विरासत का धनबाद की जनता, मजदूर और भाकपा(माले) का एक-एक कार्यकर्ता अभिन्न हिस्सा है. का. अरूप चटर्जी और धनबाद के मजदूर का. एके राय, का. गुरुदास चटर्जी और शहीद शक्तिनाथ महतो की विरासत का अपमान नहीं सहेंगे – और न ही ढुल्लू महतो की रंगदारी. धनबाद के युवाओं के रोजगार, विकास कार्यों में गुणवत्ता और प्रदूषण पर नियंत्रण के संघर्ष को भाजपा और उसके अपराधियों की गीदड़-भभकियों से दबाया नहीं जा सकता.

04 July, 2026