वर्ष 35 / अंक - 42 / उप्र: राज्यव्यापी प्रदर्शन में ज्ञानेश कुमार से इस...

उप्र: राज्यव्यापी प्रदर्शन में ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग

उप्र: राज्यव्यापी प्रदर्शन में ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग

उत्तर प्रदेश में भाकपा(माले) ने 10 अक्टूबर 2026 को  राज्यव्यापी प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा. कई जिलों में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और जंतर मंतर प्रदर्शन के समर्थन में मार्च किया.

लखनऊ में परिवर्तन चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च कर भाकपा(माले), आइसा, आरवाईए, ऐपवा व एक्टू के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा. उधर, बलिया के मनियर में पार्टी के राज्य सचिव सुधाकर यादव व अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के प्रदेश अध्यक्ष श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला और प्रदर्शन किया. गाजीपुर में मुख्यालय स्थित सरयू पांडेय पार्क में प्रदर्शन कर प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया.

प्रयागराज में पत्थर गिरिजाघर पर आइसा, इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) व भाकपा(माले) के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन हुआ. कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. चंदौली के सकलडीहा बाजार में भाकपा(माले) ने प्रदर्शन किया. रायबरेली में शहीद चैक पर विरोध प्रदर्शन हुआ. देवरिया के भाटपाररानी में ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया. सोनभद्र सहित कई जिलों में भी मार्च और प्रदर्शन हुए.

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि वोट चोर ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए मोदी-शाह के नेतृत्व में भाजपा और राजग की केंद्र सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है. जंतर-मंतर पर पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया और 45 हजार अर्धसैनिक व पुलिस बल लगा दिया गया. सड़कबंदी, रेलबंदी, मेट्रोबन्दी कर दिल्ली और जंतर मंतर पहुंचने पर पाबंदी लगाई गई. नेताओं को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया. सरकार की किलेबंदी के बावजूद हजारों प्रदर्शनकारी दिल्ली और जंतर मंतर के आसपास पहुंच गए. आइसा राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, भाकपा(माले) महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और सुप्रसिद्ध वकील प्रशांत भूषण भी दिल्ली की सड़कों पर मार्च करते हुए गिरफ्तार किए गए. वक्ताओं ने गिरफ्तारियों की निंदा की और कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना होगा. जबतक उनका इस्तीफा नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा.

17 October, 2026