18 नवंबर को नई दिल्ली के हरिकिशन सिंह सुरजीत भवन में काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य की स्मृति सभा आयोजित की गई. इस स्मृति सभा में भाकपा(माले) के महासचिव काॅ. दीपंकर भट्टाचार्य, माकपा के महासचिव एम. ए. बेबी, भाकपा के महासचिव डी. राजा, रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (आरएमपीआई) के महासचिव मंगत राम पासला, फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. ए. अबूशावेश, भाकपा(माले) के सांसद सुदामा प्रसाद, आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा, पत्रकार और लेखक उर्मिलेश, अभय कुमार दुबे और अजय सिंह, डेमोक्रेटिक टीचर्स इनिशिएटिव की उमा गुप्ता और कई अन्य लोग काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य की चिरस्थायी क्रांतिकारी विरासत को सम्मान देने के लिए एक साथ शामिल हुए.
वेनेजुएला और चीन के दूतावासों के प्रतिनिधि भी इस स्मृति सभा में शामिल हुए, जिन्होंने अपनी एकजुटता व्यक्त की और दिवंगत क्रांतिकारी नेता को श्रद्धांजलि दी.
श्रद्धांजलि सभा में भूमिगत संघर्ष के कठिन वर्षों की यादें ताजा हुईं; पार्टी के पुनर्निर्माण और विस्तार के लिए किए गए धैर्यपूर्ण कार्यों को याद किया गया; और उस आत्मीयता, विनम्रता और काॅमरेडशिप (साथीपन) को याद किया गया, जिसके जरिए शंभूजी ने क्रांतिकारियों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया था. उनके साथ दशकों तक काम करने वाले साथियों और उनके जीवन के अंतिम वर्षों में उन्हें जानने वाले युवा कार्यकर्ताओं की यादों के माध्यम से, इस सभा में उस गहरी व्यक्तिगत और राजनीतिक विरासत की झलक मिली, जिसे वे अपने पीछे छोड़ गए हैं.
काॅमरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा, ‘ऐसे समय में जब भारतीय राजसत्ता भाकपा(माले) आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही थी और भीषण दमन के कारण साथी बिखर गए थे, तब शंभूजी पार्टी के पुनर्निर्माण में एक आधारस्तंभ और मार्गदर्शक के रूप में उभरे. कम उम्र में ही बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर, उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन को एकजुट करने, नए साथियों को तैयार करने और पार्टी का विस्तार करने में लगा दिया. असाधारण धैर्य, विनम्रता और दृढ़ संकल्प के साथ, उन्होंने पार्टी को उसके सबसे कठिन दौर से बाहर निकाला. उनका जाना एक बहुत बड़ी क्षति है, लेकिन उनका अद्भुत साहस, क्रांतिकारी समर्पण और पार्टी में अटूट विश्वास हमें आज के समय की अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना करने की जिम्मेदारी सौंपता है.’
काॅमरेड एम. ए. बेबी ने कहा, ‘काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य ने सचमुच एक क्रांतिकारी जीवन जिया. आज, जब भारत को सत्तावादी ताकतों से एक अभूतपूर्व खतरे का सामना करना पड़ रहा है, और सरकार जन आंदोलनों को कुचलने की कोशिश कर रही है, तो हमें अपने संगठनों को मजबूत करना होगा और एक नया जन आंदोलन खड़ा करना होगा. काॅमरेड शंभुजी का जीवन और उनकी क्रांतिकारी निष्ठा हमें आगे का रास्ता दिखाती है.’
फिलिस्तीन राज्य के राजदूत अब्दुल्ला एम. ए. अबूशावेश ने फिलिस्तीनी लोगों और फिलिस्तीनी दूतावास की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, ‘हम आज न केवल काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए एकत्र हुए हैं, बल्कि एक ऐसे जीवन का सम्मान करने के लिए भी आए हैं जो सिद्धांतों, दृढ़ विश्वासों और एक अधिक न्यायपूर्ण व समान समाज के संघर्ष के लिए समर्पित था. हम एक फिलिस्तीनी होने के नाते संघर्ष, बलिदान, दृढ़ता और एक न्यायपूर्ण उद्देश्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के अर्थ को गहराई से समझते हैं. इस लंबी और कष्टदायक यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय एकजुटता हमारी ताकत और उम्मीद का स्रोत बनी रही है.’
उन्होंने आगे कहा कि भले ही काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य अब हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन जिन मूल्यों का उन्होंने समर्थन किया, जो बलिदान उन्होंने दिए और जिन पीढ़ियों को उन्होंने प्रेरित किया, वे उनकी स्थायी विरासत का हिस्सा बनी रहेंगी. उन्होंने काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य को ‘लाल सलाम’ पेश करते हुए भारत तथा फिलिस्तीन के लोगों के बीच निरंतर अंतरराष्ट्रीय एकजुटता और मित्रता का आह्वान किया.
काॅमरेड डी. राजा ने कहा, ‘काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य एक महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों के लिए और हमारे देश को बदलने के संघर्ष के लिए समर्पित कर दिया. आज, जब भाजपा-आरएसएस अपनी विभाजनकारी सांप्रदायिक विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं और जाति व्यवस्था, असमानता तथा पितृसत्ता को बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं, तो सभी प्रगतिशील और लोकतांत्रिक ताकतों के बीच एकता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गई है – जैसा कि शंभुजी ने भाकपा(माले) की 11वीं पार्टी कांग्रेस में अपने भाषण में जोर देकर कहा था. यही वह क्रांतिकारी विरासत है जो काॅमरेड स्वदेश हमारे लिए छोड़ गए हैं, और यह वह जिम्मेदारी है जिसे हमें सामूहिक रूप से आगे बढ़ाना है.
काॅमरेड मंगत राम पासला ने कहा, ‘काॅमरेड शंभूजी का जाना न केवल भाकपा(माले) के लिए, बल्कि पूरे प्रगतिशील आंदोलन के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती. उनके साथ हुई हर मुलाकात ने मेरी ऊर्जा और क्रांतिकारी जज्बे को नया रूप दिया. आज, जब आरएसएस अपना बांटने वाला एजेंडा थोपने की कोशिश कर रहा है, तो हमारा देश गरीबी, असमानता और दलितों व अल्पसंख्यकों के दमन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है. ऐतिहासिक किसान आंदोलन ने दिखाया कि कैसे अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग एक साथ आकर एक मजबूत और एकजुट संघर्ष खड़ा कर सकते हैं. युवा पीढ़ी के उभरते आंदोलन भी एक नई उम्मीद जगाते हैं. एक समय था जब ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से आजादी पाना असंभव लगता था, फिर भी लोगों ने संघर्ष किया और इसे हासिल किया. हम ऐसा फिर कर सकते हैं. पंजाब में, हम आरएसएस का विरोध करने और गुरु नानक की प्रगतिशील विरासत की रक्षा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि और अधिक एकजुटता और सामूहिक संघर्ष के जरिए हम फासीवाद को हरा देंगे. काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य की क्रांतिकारी विरासत को आगे बढ़ाना, इस संघर्ष में हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा.’
वरिष्ठ पत्रकार उर्मिलेश ने याद करते हुए कहा, ‘मैं पहली बार काॅमरेड स्वदेश से – जिन्हें मैं शंभूजी के नाम से जानता था – 1980-82 के आसपास मिला था. वे एक वरिष्ठ काॅमरेड थे, जिनके साथ मुझे करीब से रहने और काम करने का मौका मिला. आज भारत एक बहुत बड़े खतरे का सामना कर रहा है, लेकिन हमारे पास इसका सामना करने की ताकत और क्षमता भी है. कम्युनिस्ट आंदोलन को लोकतांत्रिक और प्रगतिशील ताकतों की एक व्यापक और शक्तिशाली एकता बनाकर एक नई दिशा देनी चाहिए. वामपंथी दलों के बीच एक मजबूत एकता भारत के लोगों में नई उम्मीद जगा सकती है. हमें एक लोकतांत्रिक और प्रगतिशील भारत के लिए सामूहिक संघर्ष को मजबूत करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए.’
वरिष्ठ पत्रकार अभय कुमार दुबे ने याद करते हुए बताया, ‘मैं 1982 में दिल्ली आया और इंडियन पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) की तैयारी समिति से जुड़ गया, और बाद में भाकपा(माले) का हिस्सा बन गया. इसी दौरान मेरी मुलाकात शंभूजी से हुई. मैं अक्सर सोचता था कि उनके जैसा इंसान कैसे बना होगा. वे बहुत धीरे और सोच-समझकर बोलते थे, लेकिन दूसरों की बातें बहुत धैर्य के साथ सुनते थे. मेरी बौद्धिक क्षमताओं और दुनिया को समझने के नजरिए को आकार देने में दो लोगों का सबसे बड़ा योगदान रहा है: मेरे पिता और शंभूजी. उन्होंने मुझे किताबों या सैद्धांतिक व्याख्यानों के जरिए नहीं सिखाया, बल्कि रोजमर्रा की बातचीत के जरिए सिखाया – जैसे लोगों को कैसे संगठित किया जाए, पार्टी को कैसे मजबूत बनाया जाए और क्रांतिकारी कार्यों को कैसे आगे बढ़ाया जाए. वे बड़ी राजनीतिक रणनीति पर नजर रखते हुए छोटी-छोटी बातों पर भी पूरा ध्यान देते थे. मेरे लिए, शंभूजी मानो खुद भाकपा(माले) का ही जीता-जागता रूप थे. उन्होंने कभी लाइमलाइट में आने की कोशिश नहीं की, फिर भी उनके मार्गदर्शन ने साथियों की एक पूरी पीढ़ी को तैयार किया. पत्रकारिता में जाने के लिए जब मैंने पार्टी का पूर्णकालिक काम छोड़ा, तब भी उनका प्रभाव मुझ पर बना रहा.’
सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा, ‘यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि काॅमरेड शंभूजी ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष बिहार में बिताए – एक ऐसी धरती, जिसके क्रांतिकारी संघर्षों को सींचने और मजबूत करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. अपने समर्पित संगठनात्मक कार्यों के जरिए, उन्होंने भोजपुर को प्रतिरोध के एक शक्तिशाली केंद्र में बदल दिया. उन्होंने गरीबों और भूमिहीनों को एकजुट किया और उन्हें संघर्ष की एक मजबूत ताकत खड़ी की. वे हमेशा इस बात पर जोर देते थे कि जमीनी स्तर पर लोगों की सक्रिय भागीदारी के बिना, कोई भी क्रांतिकारी आंदोलन अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंच सकता. काॅमरेड शंभूजी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम जनसंघर्षों की इस विरासत को आगे बढ़ाएं और फासीवाद तथा काॅर्पाेरेट शासन को हराने के लिए अपनी सामूहिक लड़ाई को और तेज करें.’
वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह ने याद करते हुए कहा, ‘मुझे 1970 के दशक की शुरुआत का समय याद आता है, जब मैं पहली बार शंभूजी से मिला था – तब उन्हें ‘बबलू जी’ के नाम से जाना जाता था. उस समय मैं दिल्ली में डीटीसी कर्मचारियों के बीच काम कर रहा था, और पार्टी के अंडरग्राउंड नेटवर्क के जरिए हमारी कई बार मुलाकात हुई. काॅमरेड चारु मजूमदार की शहादत के बाद पार्टी बहुत कठिन दौर से गुजर रही थी, भारी दमन, आपसी फूट और अविश्वास का माहौल था. उस नाजुक मोड़ पर, शंभूजी ने क्रांतिकारी आंदोलन को बचाए रखने, मतभेदों को दूर करने और साथियों को फिर से एकजुट करने में असाधारण भूमिका निभाई. वे बहुत कम बोलते थे, लेकिन बहुत धैर्य के साथ दूसरों की बात सुनते थे. उनकी शांत मुस्कान देखकर अक्सर ऐसा लगता था कि वे जितना कहते हैं, उससे कहीं ज्यादा समझते हैं. 1982 में ‘इंडियन पीपुल्स फ्रंट’ के गठन से लेकर पार्टी के अंडरग्राउंड जीवन से बाहर आने तक, उन्होंने साथियों को – यहाँ तक कि जो लोग दूर हो गए थे, उन्हें भी – एक साथ लाने के लिए अथक प्रयास किए. जो बात मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करती थी, वह थी उनका अद्भुत धैर्य और असहमति के बावजूद काम करने की उनकी क्षमता. आज मैं जो कुछ भी हूं, उसका बहुत बड़ा श्रेय पार्टी और शंभूजी के मार्गदर्शन को जाता है. आज जब हमारे सामने फासीवाद की चुनौती है, तो उनका असाधारण धैर्य, दृढ़ता और एकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए एक हमेशा याद रहने वाला सबक है.’
काॅमरेड उमा ने एक बेहद निजी संस्मरण साझा करते हुए याद किया, ‘2002 में, जब दो हफ्ते जेल में बिताने के बाद मेरे परिवार ने मुझे अपनाने से इनकार कर दिया, तब शंभूजी ने मुझे पार्टी मुख्यालय बुलाया और मुझे सब कुछ सिखाया. उनके लिए ‘जनता का हित ही पार्टी का हित है’ यह सिपर्फ एक सिद्धांत नहीं था जिसे वे मानते थे, बल्कि यह उनके रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा था. काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का यही सार था.’
काॅमरेड नेहा ने याद किया, ‘जुलाई में पटना में मेरी शंभूजी से कुछ देर के लिए मुलाकात हुई थी. उस समय बिहार में कई काॅमरेड भूख हड़ताल पर थे और कुछ अन्य जेल में थे. अपनी बिगड़ती सेहत और भारी शारीरिक तकलीफ के बावजूद, उनकी पहली चिंता मेरा और भूख हड़ताल पर बैठे अन्य काॅमरेडों का हाल-चाल पूछना था. ऐसा असाधारण प्रेम, परवाह और साथ ही साथियों के प्रति अपनापन ही शंभूजी की पहचान थी. पार्टी की युवा पीढ़ी के रूप में, हम उन क्रांतिकारी मूल्यों और विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसे उन्होंने और उनके साथियों ने जीवन भर के संघर्ष से खड़ा किया था.’
स्मृति सभा में काॅमरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने दुनिया भर के कम्युनिस्ट और जन आंदोलनों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय सहयोगी दलों, साथियों और संगठनों से मिले श्रद्धांजलि संदेशों और एकजुटता के लिए आभार व्यक्त किया. भाकपा(माले) के दिल्ली राज्य सचिव रवि राय ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि आइसा नेता दानिश अली ने काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य के जीवन और उनके क्रांतिकारी योगदान को याद करते हुए एक संक्षिप्त शोक संदेश पढ़ा. ‘कम्युनिस्ट इंटरनेशनल’ को सामूहिक रूप से गाकर सभा संपन्न हुई. यह काॅमरेड शंभूजी और उन सभी साथियों को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि थी, जो अब हमारे बीच नहीं रहे या जिन्होंने शहादत दी है.