-- ज्यां द्रेज
आप लोगों से मिलकर और आप लोग के साथ काम कर हमेशा प्रेरणा, ऊर्जा हिम्मत और बहुत खुशी मिलती है. क्योंकि हम देख रहे हैं कि आप सब लोग सब हिम्मत का काम करते हैं, लोगों के बीच में रहते हैं, लोगों के अधिकार के लिए लड़ते रहते हैं. आप वोट के लिए लड़ते हैं, लेकिन केवल वोट के लिए नहीं लड़ते हैं, क्रांति के लिए लड़ते हैं.
क्रांति का मतलब क्या है? क्रांति का मतलब है संपूर्ण बदलाव. पूंजीवाद, जातिवाद, पितृसत्ता, सांप्रदायिकता – यह हमको बिल्कुल नहीं चाहिए. सभी लोगों आजाद और सभी को बराबर रहना चाहिए. जैसे अभी यहां हम लोग बराबर हैं, हम लोग हमेशा ऐसे ही रहना चाहते हैं. मेरी समझ में कार्ल मार्क्स यही सपना था और उसके साथ भगत सिंह, बिरसा मुंडा, जोतिबा, सावित्रीबाई, डाॅ. अंबेडकर – इन सब का सपना था. इस सपने को कैसे पूरा करना, किस रास्ते से पूरा करना, यह अलग बात है. उन लोगों के बीच में शायद कुछ अंतर था, लेकिन उनका सपना एक ही था. और यही सपना हमारे संविधान का भी है. संविधान भी कहता है कि हमारा मौलिक मूल्य वही है – आजादी, बराबरी और बंधुत्व और मेरी समझ में यह कोई फालतू सपना नहीं है,
आप सब लोग देश के कोने-कोने से झारखंड में आए हैं. तो आप जानिए कि झारखंड के आदिवासी सदियों से दिखा रहे हैं कि हम बराबर और आजाद रह सकते हैं. केवल झारखंड में नहीं, और कई जगहों में भी आदिवासियों ने ऐसा दिखाया है. मेरी समझ में यही कारण है कि आदिवासी समाज में आपको संपूर्ण लोकतंत्र दिखेगा. मतलब केवल राजनीतिक लोकतंत्र से नहीं, राजनीतिक लोकतंत्र तो है ही क्योंकि ये लोग सामूहिक निर्णय अपना ग्राम सभा में ले रहे हैं, केवल सामाजिक लोकतंत्र से नहीं, क्योंकि वहां जाति व्यवस्था नहीं है, बल्कि उसके साथ आर्थिक लोकतंत्र भी है. क्योंकि आर्थिक संसाधन जिसमें जल, जंगल, जमीन शामिल है, उनके पास है ना कि मालिक के पास, ना कि जमींदार के पास. इस तरफ जमींदार और उस तरफ भूमिहीन मजदूर, ऐसा नहीं है वहां. सबके पास जल, जंगल और जमीन है इसलिए वहां आर्थिक लोकतंत्र दिखता है और इसीलिए संपूर्ण लोकतंत्र भी दिखता है. इसलिए साथियों, मुझे लगता है कि अगर हमें आजाद और बराबर रहना है तो हमें पूंजीवाद को किनारे कर आर्थिक लोकतंत्र लाना पड़ेगा. मतलब देश के आर्थिक संसाधनों को सामूहिक और लोकतांत्रिक नियंत्रण में लाना पड़ेगा न कि बड़ी कंपनियों के निजी नियंत्रण में.
अब मैं रोजगार गारंटी और रोजगार गारंटी कानून जिसको नरेगा बोलते हैं, इसके बारे में दो-तीन शब्द कहना चाहता हूँ. पहले आपको याद दिलाना चाह रहा हूं कि रोजगार गारंटी कानून जिसको नरेगा कहते हैं, यह मजदूर आंदोलन की बड़ी जीत थी. यह जीत सालों के संघर्ष के बाद मिली. उस समय हम लोग सब मिलकर इस उम्मीद में संघर्ष करते थे कि रोजगार गारंटी से ग्रामीण मजदूरों को न केवल भूख से बचने का, बल्कि शोषण से बचने का भी मौका मिलेगा. इस उम्मीद में संघर्ष कर रहे थे कि रोजगार गारंटी से महिलाओं को अपने घर के पास रोजगार मिलेगा और उनको थोड़ी-सी आर्थिक स्वतंत्रता मिलेगी. इस उम्मीद में संघर्ष कर रहे थे कि रोजगार गारंटी से गांव-गांव में तालाब, कुंए, चेकडैम बनेंगे, समतलीकरण होगा, बागवानी होगी और आर्थिक बदलाव भी आएगा. और इस उम्मीद में भी संघर्ष कर रहे थे कि रोजगार गारंटी को लेकर मजदूरों को संगठित होने का मौका मिलेगा.
2005 में जब हम लोग रांची में मिले थे तो हम सब लोग मिलकर यह निर्णय लिए थे कि हम इस कानून का स्वागत करते हैं और इस कानून को लागू करने के लिए संघर्ष करते रहेंगे. हमें समझ में आ रहा था कि कानून एक चीज है, लेकिन कानून लागू करना और अपना हक लेना दूसरी चीज है. फिर उसके बाद संघर्ष हुआ और उसका कुछ फल तो मिले. उदाहरण के लिए, 2006 के बाद जब रोजगार गारंटी कानून लागू हुआ तो भारत में खेेत मजदूरों की मजदूरी तेजी से बढ़ने लगी जो पहले ना के बराबर बढ़ती थी. मेरी समझ में कम से कम सात राज्यों – केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश – में कुछ सालों तक यह कानून ढंग से लागू हुआ. वहां काफी अच्छा काम भी हुआ और इसका फल भी मिला. बाकी राज्यों में भी काफी संघर्ष हुआ और जहां लोग संगठित हुए और इस कानून को लागू करने के लिए संघर्ष किए, जैसे उत्तर प्रदेश के सीतापुर में, बिहार के मुजफ्फरपुर व अररिया में, मध्य प्रदेश के बड़वानी में और कई जगहों में वहां काफी अच्छा काम दिखा और काफी आर्थिक और सामाजिक बदलाव दिखने लगा. ठेकेदार, सरकारी बाबू और राजनीतिक नेता का जो गिरोह है, उन्होंने बाकी जगहों में इस पूरे कानून को कमजोर करने और उसका फायदा उठाने और उसको लूटने के लिए लग गए हैं. वहां भी संघर्ष हुआ लेकिन इसके बावजूद कानून को समय-समय पर कमजोर किया गया और खास कर 2014 के बाद जब मोदी सरकार सत्ता में आयी, तब. क्योंकि मोदी सरकार ने रोजगार गारंटी को कभी पसंद नहीं किया. आज भी सोशल मीडिया में साफ दिखता है कि जो भाजपा के समर्थक लोग हैं, नरेगा से बहुत नफरत करते हैं. इसलिए कभी देरी से भुगतान को लेकर, कभी बजट को कम करके, कभी डिजिटलीकरण को लाकर के, वे इस कानून को कमजोर करते रहे. इसके कारण मजदूर थक गए और जब मजदूर थक जाते हैं तो कानून को सफल नहीं किया जा सकता क्योंकि तब निगरानी नहीं होती है और जब निगरानी नहीं होती है तो भ्रष्ट ठेकेदार घुस जाते हैं और योजना को लूटने लगते हैं.
आज इस साल में मोदी सरकार ने नरेगा को अंतिम झटका दिया है, इसको रद्द किया है. आप याद रखिए, केवल नरेगा नहीं, नरेगा के साथ के कई अधिकारों को छीन लिया जा रहा है, उदाहरण के लिए सूचना का अधिकार. आजकल आरटीआई के जितने रिक्वेस्ट डालते हैं उसका सही जवाब नहीं मिलता. बार-बार यही जवाब आता है कि यह सूचना हमारे पास नहीं है. जबकि पहले सूचना का अधिकार में बहुत दम था. इसी तरह शिक्षा का अधिकार देखिए. कहा जाता है कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है. मौलिक अधिकार मतलब यह है कि यह एक ऐसा अधिकार है जो कोई भी आपसे छीन नहीं सकता, लेकिन वास्तविकता क्या है? वास्तविकता यह है कि भारत में लाखों और करोड़ों बच्चे इस तरह के स्कूल में पढ़ते हैं जिसमें पढ़ाई नहीं हो सकती है, क्योंकि सुविधा नहीं है, टीचर नहीं है, भवन नहीं है, निगरानी नहीं है, डिसिप्लिन नहीं है. आप विश्वास नहीं करेंगे कि झारखंड में अगर सरकारी प्राथमिक स्कूलों को देखें तो 40% स्कूल हैं जिसमें एक ही टीचर रहता है और इन स्कूलों में बहुत सारे बच्चे हैं. यह नहीं कि बहुत कम बच्चे हैं, कई बार 50, 60, 80, 100, 100 से ज्यादा बच्चे हैं. एक अकेला बेचारा टीचर कैसे पढ़ाएगा? और उनको बीच में एसआइआर का काम करना पड़ता है, जनगणना का काम करना पड़ता है, बच्चों का बैंक खाता खोलना पड़ता है और उसे आधार से जोड़ना पड़ता है, यह करना पड़ता है, और वह करना पड़ता है. तो उस तरह के स्कूल में पढ़ाई नहीं हो सकती है. तो फिर शिक्षा का अधिकार का क्या मतलब रहा?