वर्ष 35 / अंक - 33 / आइसा-आरवाइए का जनाक्रोश मार्च: सिवान एसपी के इस्ती...

आइसा-आरवाइए का जनाक्रोश मार्च: सिवान एसपी के इस्तीफे की मांग

आइसा-आरवाइए का जनाक्रोश मार्च: सिवान एसपी के इस्तीफे की मांग

सिवान में आइसा और आरवाइए के बैनर तले 11 अगस्त को अंबेडकर पार्क से मार्च करते हुए बवानिया मोड़, जेपी चौक होते हुए जनाक्रोश मार्च निकाला गया और पुनः अम्बेडकर पार्क में लौटकर सभा आयोजित की गई. आरवाइए के राज्य सचिव व अगिआंव के पूर्व विधायक शिवप्रकाश रंजन, आइसा के बिहार राज्य अध्यक्ष धनंजय व राज्य सचिव दीपांकर ने मार्च का नेतृत्व किया.

पिछले 25 जुलाई को, नीट पेपर लीक व शिक्षा सुधर के सवाल पर आइसा द्वारा आहूत बिहार बंद के दौरान सिवान में तीन आंदोलनकारी छात्रों पर एके-47 से गोली चलाकर उन्हें घायल कर दिया गया था. इस हमले में तीनों छात्रों की जान बाल-बाल बची. सिवान प्रशासन द्वारा आंदोलनरत छात्रों पर गोली चलाने की इस घटना ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि बिहार की मौजूदा सरकार छात्र-युवा विरोधी और शिक्षा-रोजगार विरोधी सरकार है.

इस बर्बर पुलिसिया दमन के दोषी सिवान एसपी की बर्खास्तगी की मांग को लेकर ही 11 अगस्त के ऐतिहासिक दिन, जब 1942 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सचिवालय पर तिरंगा फहराने के दौरान सात छात्रों ने अपनी शहादत दी थी, आइसा-आरवाइए के नेतृत्व में यह जनाक्रोश मार्च निकाला गया. मार्च के जरिए जेन-जी आंदोलन पर गोली चलाने का आदेश देनेवाले वाले मजिस्ट्रेट व सिवान एसपी को तत्काल बर्खास्त करने की मांग करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चेतावनी दी गई कि अगर ये मांग पूरी नहीं हुई तो उनका आंदोलन और अधिक व्यापक और विकराल रूप लेगा.

अंबेदकर पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी छात्रा ने किसी व्यक्ति या सार्वजनिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया था. इसके बावजूद पुलिस ने आंदोलनकारी छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाई. छात्रों के खिलाफ पुलिस के पास कोई ठोस सबूत नहीं है, जबकि छात्रों के पास पुलिस दमन के सैकड़ों सबूत मौजूद हैं. पुलिस ने आदोलनकारियों को न केवल गोली मारकर घायल किया बल्कि घायल अवस्था में भी उन्हें घसीटा और बेरहमी से लाठियों से पीटा. कई छात्रों के हाथ-पैर टूटे और सिर फूटे.

वक्ताओं ने बिहार की बदहाल शिक्षा व्यवस्था और बर्बाद होती रोजगार प्रणाली के खिलाफ आइसा-आरवाइए द्वारा 19 अगस्त को जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में आयोजित छात्रा-युवा संसद में छात्रों और नौजवानों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की. कार्यक्रम में आरवाइए के सिवान के जिला सचिव का. जयशंकर पंडित, आइसा जिला सचिव का. अनीस, विकास यादव, मुन्ना यादव, सत्येंद्र यादव, राजेश साह सहित सैकड़ों छात्र-नौजवान शामिल थे.


15 August, 2026