वर्ष 35 / अंक - 48 / उत्तर प्रदेश में चुनावी हलचल तेज हुई

उत्तर प्रदेश में चुनावी हलचल तेज हुई

उत्तर प्रदेश में चुनावी हलचल तेज हुई

-- लाल बहादुर सिंह

वैसे तो उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में अभी 3-4 महीने का समय शेष है, लेकिन प्रदेश में चुनावी हलचल तेज होती जा रही है. उत्तर प्रदेश में पार्टियों का चुनावी विन्यास पूरा हो गया है और अब इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. वैसे तो सीधा मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच है, लेकिन कुछ अन्य किरदार लड़ाई को बहुकोणीय बना रहे हैं.

चतुष्कोणीय मुकाबले में एक ओर राजग है जिसमें भाजपा के साथ राष्ट्रीय लोकदल, अनुप्रिया पटेल, ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान और संजय निषाद की जाति आधारित पार्टियां हैं तो दूसरी ओर सपा कांग्रेस का इंडिया गठबंधन है. इन दोनों के बीच ही सीधा मुकाबला माना जा रहा है. इंडिया गठबंधन में सीटों के तालमेल को लेकर टकराव बना हुआ है और बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने अपने लिए 181 सीटों की सूची अखिलेश यादव को सौंपी है.

दो अन्य ताकतें भी मैदान में उतरने का ऐलान कर चुकी हैं. इनमें एक मायावती जी की बसपा है और दूसरा ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है.

जहां तक वामपंथी पार्टियों की बात है, वे इंडिया गठबंधन की घटक हैं, इसलिए उसूलन वे इंडिया गठबंधन के साथ रहेंगी. यह अलग विषय है कि गठबंधन में लड़ने के लिए उन्हें सीटें मिलती हैं या नहीं. गठबंधन में सीटें न मिलने पर भी वे जिन कुछ सीटों पर  लड़ेंगी उन्हें छोड़कर वे बाकी सीटों पर इंडिया गठबंधन का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगीं.

आइए इन चारों प्रतिद्वंदियों के सामाजिक आधार की जांच पड़ताल करते हैं. राजग जहां सवर्णों तथा गैर यादव पिछड़ी-अतिपिछड़ी जातियों एवं गैर जाटव दलितों के आधार पर खड़ा है. वहीं इण्डिया गठबंधन मुख्यतः सपा के सामाजिक आधार यादव व मुस्लिम पर आधारित है.

लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में इस परम्परागत विन्यास में स्पष्ट बदलाव दिखा. राहुल गांधी ने जब संविधान और आरक्षण रक्षा पर चुनाव को एक तरह से जनमत संग्रह में तब्दील कर दिया तब गैर जाटव दलितों का बड़ा हिस्सा भाजपा और बसपा से टूटकर सपा-कांग्रेस गठबंधन की ओर शिफ्ट हो गया. यहां तक कि साहसिक कदम उठाते हुए सपा ने अयोध्या की सामान्य सीट से एक गैर जाटव दलित (पासी जाति) के प्रत्याशी को खड़ा किया और उसे जिताने में कामयाब रही.

जाटव मतदाताओं का भी एनडीए से अधिक मत सपा-कांग्रेस गठबंधन को मिला. लगभग आधे जाटव मत बसपा को मिले जिसके बल पर वह 9% वोट के आसपास मत पाने में सफल रही. ठीक इसी तरह अति पिछड़े समुदाय में भी सपा-कांग्रेस गठबंधन घुसपैठ करने में सफल रहा. इसके पीछे प्रमुख कारण भाजपा राज में सामंती ताकतों की दबंगई से पैदा असुरक्षा की भावना तथा आरक्षण खत्म होने का भय है. जहां तक ओवेशी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन की बात है उन्हें स्वतंत्र दावेदारी के नाम मुस्लिम तथा दलित दोनों समुदायों के युवाओं का पर कुछ वोट मिल सकता है. इसी बीच एक नाटकीय घटनाक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने आरोप लगाया है कि एसआइआर की प्रक्रिया के माध्यम से 1 करोड़ 27 लाख हिन्दू वोट कट गए जबकि 1.65% मुस्लिम वोट बढ़ गया. वोट तो कटे ही हैं. अकेले लखनऊ में हर तीसरे मतदाता का वोट कट गया है. लखनऊ कैंट में 34.18% तथा लखनऊ उत्तर और लखनऊ पूर्व दोनों में 31% वोट कट गया है.

योगी का बयान एसआइआर के माध्यम से की गई धांधली का साम्प्रदायिकरण करने का प्रयास है. साथ ही यह दिखाकर कि हमारा भी वोट कटा है, यह एसआइआर की प्रक्रिया को सही ठहराने का भी प्रयास है. उनका कहना है कि यह जानकारी उन्हें पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से लगी है. क्या यह आरोप सच है? क्या यह योगी को चुनाव हराने की दिल्ली सत्ता की किसी रणनीति का हिस्सा है?

इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के अनुसार उप्र की 403 विधानसभा सीटों की एक-एक सीट पर बीजेपी के कार्यकर्ता 10,000 से 25,000 वोट एसएसआर प्रक्रिया के तहत जुड़वाने के काम में लगेंगे. सघन अभियान चलाकर 86 लाख वोट जोड़ने का लक्ष्य योगी ने रखा है. क्या यह युद्ध स्तर पर चुनाव आयोग की  मदद से अपने वोट जुड़वाने और बढ़ाने की योजना का हिस्सा है?

जाहिर है दोनों प्रमुख गठबंधनों के बीच कांटे की टक्कर होने जा रही है, इनके मतों में 2024 के लोकसभा चुनाव में भी 1% से कम का अंतर था. राजग को इंडिया गठबंधन से कुछ मत ज्यादा मिले थे. हालांकि सीटें इंडिया गठबंधन को अधिक मिली थीं. निश्चित रूप से, हाल के महीनों में चंदा चोरी, नीट परीक्षा लीक और वोट चोरी पर चले आंदोलनों से मोदी की लोकप्रियता में भारी गिरावट आई है. लेकिन इससे विपक्ष निश्चिंत नहीं हो सकता, क्योंकि कानून व्यवस्था के नाम पर उग्र हिंदुत्व के प्रतीक योगी का अपने तरह का आकर्षण और वोट बैंक बन चुका है. इसलिए विपक्ष को कड़े मुकाबले के लिए तैयारी करनी होगी. जिस उत्तर प्रदेश से होकर दिल्ली का रास्ता गुजरता है उसे भाजपा आसानी से खोना नहीं चाहेगी. उल्लेखनीय है कि यह उत्तर प्रदेश ही है जिसने लोकसभा चुनाव में भाजपा को अल्पमत में पहुंचने पर मजबूर कर दिया था.

28 November, 2026