वर्ष 35 / अंक - 48 / क्यूबा के साथ एकजुटता में आरएमपीआइ, भाकपा(माले) और...

क्यूबा के साथ एकजुटता में आरएमपीआइ, भाकपा(माले) और किसान महासभा की मानवीय सहायता

क्यूबा के साथ एकजुटता में आरएमपीआइ, भाकपा(माले) और किसान महासभा की मानवीय सहायता

19 नवंबर को, नई दिल्ली में क्यूबा के दूतावास में, रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (RMPI), भाकपा(माले) और अखिल भारतीय किसान महासभा (एआइकेएम) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ‘क्यूबा अकेला नहीं है. हम हमेशा क्यूबा के साथ हैं और अमेरिका के साम्राज्यवादी हमलों के खिलाफ हैं’ की घोषणा करते हुए  जीवन रक्षक मानवीय सामग्रियों की एक खेप क्यूबा के राजदूत काॅमरेड जुआन कार्लाेस मार्सन एगुइलेरा को सौंपी. यह छोटी-सी खेेप भारत के किसानों और मेहनतकश जनता के योगदान से बनी एकजुटता के बंधन को दर्शाती है, जो क्रांतिकारी अंतर्राष्ट्रीयता की भावना से प्रेरित है.

इस प्रतिनिधिमंडल में आरएमपीआइ के महासचिव काॅमरेड मंगत राम पसला, भाकपा(माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य काॅमरेड संजय शर्मा, अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव काॅमरेड पुरुषोत्तम शर्मा, ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) के महासचिव काॅमरेड राजीव डिमरी और भाकपा(माले) के अंतर्राष्ट्रीय विभाग के काॅमरेड वी. अरुण कुमार शामिल थे.

क्यूबा के राजदूत ने सहायता सामग्री और एकजुटता के लिए प्रतिनिधिमंडल को धन्यवाद देते हुए बताया कि कैसे नाकेबंदी आम लोगों के दैनिक जीवन पर भारी पड़ रही है. तेल की आपूर्ति पर लगी पाबंदियों के कारण बिजली उत्पादन बाधित होता है. जब बिजली जाती है, तो पानी की आपूर्ति भी रुक जाती है. अस्पतालों में जरूरी सामान की कमी हो जाती है, जिसका कैंसर का इलाज करा रहे मरीजों पर गंभीर असर पड़ता है. उन्होंने यह भी बताया कि उनके देश में शिशु मृत्यु दर बढ़ रही है, जबकि कभी वहां की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली ने अमेरिकी महाद्वीप में सबसे कम शिशु मृत्यु दर हासिल की थी. इन मुश्किलों के बावजूद, क्यूबा अपने अंतर्राष्ट्रीय चिकित्सा मिशनों को जारी रखे हुए है. राजदूत ने मेक्सिको के ग्रामीण इलाकों में सेवा दे रहे लगभग 5,000 क्यूबाई डाॅक्टरों के काम का उदाहरण दिया.

राजदूत ने कहा कि वाशिंगटन क्यूबा की आय के मुख्य स्रोत पर्यटन को भी निशाना बनाता है. यहां तक कि जो यूरोपीय यात्री इस द्वीप पर आते हैं, उन्हें बाद में अमेरिका की यात्रा करने पर पाबंदियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने डोनाल्ड ट्रम्प और मार्काे रुबियो द्वारा ‘मोनरो डाॅक्ट्रिन’ को – जिसके जरिए वाशिंगटन लैटिन अमेरिकी देशों के मामलों में अपनी मर्जी थोपने की कोशिश करता रहा है – फिर से लागू करने की कोशिशों की निंदा की और वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की सैन्य धमकियों को भी इसी साम्राज्यवादी नीति का एक और रूप बताया. राजदूत ने बतिस्ता तानाशाही के खिलाफ संघर्ष और ‘बे ऑफ पिग्स’ में अमेरिका समर्थित हमले की हार को याद करते हुए कहा कि क्यूबा की जनता ने साम्राज्यवादी आक्रामकता के सामने बार-बार अपनी संप्रभुता और सम्मान की रक्षा की है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि मौजूदा कठिनाइयों के बावजूद वे आगे भी ऐसा करना जारी रखेंगे.

काॅमरेड मंगत राम पासला ने क्यूबा के लोगों के अदम्य साहस और अपने समाज में क्रांतिकारी बदलाव को आगे बढ़ाने के उनके दृढ़ संकल्प का जिक्र करते हुए इस मदद को एक छोटा-सा योगदान बताया और दोहराया कि उनकी पार्टी और जनसंगठन, साम्राज्यवादी आक्रामकता के खिलाफ क्यूबा के लोगों के संघर्ष का समर्थन करना जारी रखेंगे.

प्रतिनिधिमंडल ने राजदूत को भाकपा(माले) महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य और आरएमपीआइ के महासचिव का. मंगत राम पसला के साझे पत्र को, जो कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ क्यूबा की केंद्रीय समिति के प्रथम सचिव काॅमरेड मिगुएल डियाज-कैनेल बरमुडेज को संबोधित था, सौंपा  और क्यूबा पर अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सम्मेलन के प्रस्ताव की एक प्रति भी सौंपी.

दोनों महासचिवों के पत्र में याद दिलाया गया है कि कैसे 1 जनवरी 1959 को कमांडर फिदेल कास्त्रो के नेतृत्व में हुई क्यूबा की क्रांति ने दुनिया भर में क्रांतिकारी अंतर्राष्ट्रीयता की एक नई भावना को प्रेरित किया. दशकों से, क्यूबा साम्राज्यवाद और दमन के खिलाफ लड़ने वाले लोगों के साथ खड़ा रहा है. क्यूबा के चिकित्सा मिशनों ने कई महाद्वीपों के समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई हैं, जबकि खुद क्यूबा को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है. पत्र में कहा गया है कि इसी अंतर्राष्ट्रीयता की भावना के तहत, भारत के किसानों और मजदूरों ने इस खेप के लिए अपना योगदान दिया है. चूंकि ट्रम्प प्रशासन ने नाकेबंदी (ब्लाॅकेड) को और सख्त कर दिया है, इसलिए पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों ने अपनी संप्रभुता, गरिमा और समाजवाद की रक्षा करने के लिए क्यूबा के लोगों को सलाम किया और अमेरिका द्वारा लगाई गई इस आपराधिक नाकेबंदी को तुरंत और बिना किसी शर्त के खत्म करने की मांग की.

विदित हो कि अखिल भारतीय किसान महासभा ने पंजाब के जालंधर में 20 और 21 सितंबर को आयोजित अपने पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा लगाई गई अवैध नाकेबंदी की निंदा की और इसे तुरंत हटाने तथा क्यूबा के खिलाफ लगाए गए सभी प्रतिबंधों को वापस लेने की मांग की. सम्मेलन ने पूरे भारत के किसानों से अपील की कि वे अमेरिकी नाकेबंदी के कारण गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे क्यूबा के लोगों के साथ खड़े हों. क्यूबा को मानवीय सहायता पहुंचाने की यह पहल उसी प्रस्ताव से निकली है.

काॅमरेड पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ क्यूबा के छह दशकों के प्रतिरोध ने दुनिया भर के मेहनतकश लोगों को यह दिखाया है कि अन्याय और दमन के खिलाफ एकजुट होकर वे क्या कुछ हासिल कर सकते हैं. उन्होंने नाकेबंदी को खत्म करने के संघर्ष में क्यूबा के लोगों के साथ भारत के किसानों, मजदूरों और मेहनतकश जनता की एकजुटता व्यक्त की. उन्होंने क्यूबा और वेनेजुएला पर अमेरिकी दबाव और भारतीय किसानों के अनुभवों के बीच संबंध जोड़ते हुए कहा कि ट्रम्प प्रशासन भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के जरिए भारत में अपने साम्राज्यवादी पैर पसारने और देश के संसाधनों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है.

प्रतिनिधिमंडल ने एक बार फिर से क्यूबा के लोगों के साथ एकजुटता और हर तरह के दमन और अन्याय को खत्म करने के साझा संघर्ष के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार  व्यक्त करते हुए राजदूत से विदा ली.

28 November, 2026