-- चन्द्रमोहन
टीवीके सरकार अपना वादा पूरा करो ! फसल ऋण पूरी तरह माफ करो !!
15 सितंबर 2026 को, तेज धूप में, अलग-अलग किसान संगठनों से जुड़े सैकड़ों किसानों ने तिरुचिरापल्ली के समयपुरम में अपनी फसल का कर्ज पूरी तरह माफ करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. इस विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कई तरह की पाबंदियां लगाईं जिसमें उस निजी जगह पर विरोध प्रदर्शन के लिए शेड बनाने की इजाजत न देना भी शामिल है, जहां किसान धरना दे रहे हैं. इसके बावजूद किसानों ने यह विरोध प्रदर्शन इस पक्के इरादे के साथ जारी रखा: ‘जब तक तमिलनाडु सरकार अपना वादा पूरा नहीं करती, हम विरोध प्रदर्शन वापस नहीं लेंगे.’
तमिलनाडु पुलिस उन किसान संगठनों के पदाधिकारियों को गिरफ्तार या नजरबंद भी किया जो विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से तिरुचिरापल्ली आ रहे थे. यह दमन का एक अलोकतांत्रिक तरीका है जो विरोध करने और अपनी बात कहने की आजादी छीनता है. यह कड़ी निंदा के लायक है.
चुनाव का वादा और धोखा भरी बातचीत
सवाल उठता है कि यह विरोध प्रदर्शन क्यों? विदित हो कि अपने चुनावी घोषणापत्र में और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान, टीवीके पार्टी ने वादा किया था कि 5 एकड़ तक जमीन वाले छोटे और सीमांत किसानों द्वारा सहकारी समितियों से लिए गए फसल ऋण पूरी तरह माफ कर दिए जाएंगे, जबकि अन्य कृषि ऋणों का 50% हिस्सा माफ किया जाएगा.
लाखों किसानों ने, जो अपनी कृषि उपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) न मिलने और प्राकृतिक आपदाओं और अन्य मुश्किलों के कारण कर्ज के बोझ तले दबे हुए थे, इस वादे के पूरा होने की उम्मीद में टीवीके को वोट दिया था. सत्ता में आने के बाद, टीवीके सरकार ने यह नैरेटिव बनाया कि ‘खजाना खाली है’ और शुरू में कहा कि कृषि सहकारी समितियों के केवल 50,000 रु. तक के ऋण ही माफ किए जाएंगे. इसके बाद, विरोध प्रदर्शनों के बाद, उसने माफी की प्रस्तावित राशि को बढ़ाकर 75,000 रु. कर दिया.
चूंकि तमिलनाडु के बजट में भी कोई समाधान नहीं दिया गया, इसलिए किसानों ने एक बार फिर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसके बाद, टीवीके सरकार ने किसान संगठनों के साथ बातचीत की. किसान संगठनों को उम्मीद थी कि 5 एकड़ तक जमीन वाले सभी छोटे और सीमांत किसानों के लिए माफी की सीमा बढ़ाकर 1 लाख रु. कर दी जाएगी. 17 अगस्त 2026 को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने विधानसभा में घोषणा भी की कि पहले से घोषित 5,932 करोड़ रु. के कर्ज माफी के अलावा, 953 करोड़ रु.और माफ किए जाएंगे, जिससे 13.34 लाख किसानों के लिए कुल कर्ज माफी 6,220 करोड़ रु. हो जाएगी.
नई घोषणा के अनुसार, जिन किसानों ने सहकारी कृषि समितियों के माध्यम से 75,000 रु. तक का कर्ज लिया है, उन्हें 100% कर्ज माफी मिलेगी. जिन्होंने 75,000 रु. से 1 लाख रु. के बीच कर्ज लिया है, उनके लिए अधिकतम कर्ज माफी 75,000 रु. होगी. पहले की घोषणा की तुलना में, इस श्रेणी के किसानों को प्रति किसान 40,000 रु. की अतिरिक्त माफी मिलेगी. जिनका कर्ज 1 लाख रु. से अधिक है, उनके लिए अधिकतम माफी केवल 35,000 रु. होगी. 4 या 5 एकड़ जमीन वाले लाखों छोटे किसानों ने 1 लाख से 1.60 लाख रु. तक का फसल कर्ज लिया है. उन्हें केवल 35,000 रु. की माफी देना, लाखों गरीब छोटे और सीमांत किसानों के बीच भेदभाव करने और उन्हें धोखा देने जैसा है.
महाराष्ट्र में, राज्य की कृषि कर्ज माफी योजना के तहत, राज्य में कर्ज लेने वाले 56 लाख किसानों के लिए 36,585 करोड़ रु. के कर्ज माफी पैकेज की घोषणा पिछले महीने की गई थी, और अब सरकारी आदेश जारी कर दिया गया है. तेलंगाना में, 40 लाख किसानों को कवर करने वाली कर्ज माफी योजना, जिसके तहत प्रति किसान 2 लाख रु. तक का कर्ज माफ किया गया, के परिणामस्वरूप कुल 31,000 करोड़ रु. की कर्ज माफी हुई, जिससे राज्य के किसान कृषि कर्ज के बोझ से मुक्त हो गए.
किसानों कह रहे हैं कि तमिलनाडु सरकार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को ऐसे तरीकों का पालन करना चाहिए. टीवीके सरकार को छोटे और सीमांत किसानों के लिए कर्ज की राशि पर कोई सीमा नहीं लगानी चाहिए और छोटे और सीमांत किसानों के कर्ज की राशि पर कोई ऊपरी सीमा लगाए बिना उनका पूरा कर्ज माफ करना चाहिए, जैसा कि उसने अपने चुनावी घोषणापत्र में किसानों से वादा किया था. उनका कहना है – टीवीके सरकार किसानों को धोखा न दे!