वर्ष 35 / अंक - 48 / संघर्ष का कोई विकल्प नहीं है: प्रो. डी. एम. दिवाकर

संघर्ष का कोई विकल्प नहीं है: प्रो. डी. एम. दिवाकर

संघर्ष का कोई विकल्प नहीं है: प्रो. डी. एम. दिवाकर

आज हिंदुस्तान जिस मोड़ पर खड़ा है और जिस तरह की परिस्थितियां सरकार ने पैदा कर दी हैं, ऐसे में इस सम्मेलन का महत्व और अधिक बढ़ जाता है. इतिहास गवाह है कि इस संगठन ने बहुत ही महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किए हैं. सरकारें कई बार इसकी वजह से सकते में आई हैं और झुकी भी हैं. इन आंदोलनों ने नए प्रतिमान गढ़े भी हैं. किसान आंदोलन ने काले कानूनों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और सरकार को अंततः उसे वापस लेना पड़ा. काॅर्पाेरेट परस्त सरकारें जनता के बीच लुभावने नारे जरूर देती हैं लेकिन काम अमीरों के लिए करती हैं. कहने को हमारे पास लोकतंत्र है. कुछ अधिकार भी हैं और हम उस अधिकार के तहत लड़ते भी हैं. लेकिन मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि वर्तमान सरकार मजदूर विरोधी है, गरीब विरोधी है, किसान विरोधी है, दलित और अल्पसंख्यक विरोधी है और उन तमाम मेहनतकशों के खिलाफ है. आप देखिए जो सबसे मजबूत कानून इन्होंने पहली बार आपके सामने क्या कह के लाया – नोटबंदी!

क्या हश्र हुआ उसका? हमारे जितने छोटे कारोबार थे, जितने काम करने वाले लोग थे, छोटे धंधे वाले लोग थे, सारे कारोबार बंद हो गए और सबको समेट के ऑनलाइन मार्केट में और बड़े-बड़े माॅल में जोड़ दिया गया. इतने से संतोष नहीं हुआ तो इन्होंने वस्तु और सेवा कर (GST) का दूसरा धमाका किया. हमारे पास कोई आधारभूत संरचना नहीं थी उस वक्त में, जिससे हम इसके लिए तैयार होते. लेकिन एक आजादी का जश्न मनाने के नाम पर उन्होंने ठीक आधी रात को इसे लागू किया. परिणाम यह हुआ कि जो बचा-खुचा हमारा कुटीर उद्योग और कारोबार था, असंगठित क्षेत्र का कारोबार था, उन सबको जबरदस्त धक्का लगा. उसके बाद मजदूर संहिता (Labour Code) कानून लाया गया. सारे कानूनों के जो अधिकार हमारे पास थे, उनको एक झटके में खत्म करने की कोशिश की गई, छंटनी का कानून बनाकर काॅर्पाेरेट को छंटनी करने की खुली छूट मिली. जो बचा-खुचा था वह था हमारे ग्रामीण क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार योजना (मनरेगा). अब उसको भी खत्म करके विकसित भारत ग्रामीण रोजगार जीविका मिशन के नाम पर उसको खत्म कर दिया गया. कुल मिलाकर मजदूरों के खिलाफ एक बड़ी साजिश के तौर पर और काॅर्पाेरेट परस्त नीतियों के पक्ष में कानून बनाए और अमल में लाए जा रहे हैं.

किसान मजदूर संगठन, कारखानों के मजदूर, छोटे-मोटे जो उद्योगों में लगे हुए लोग, दलित और वंचित समाज के जो लोग – ये सभी संघर्षरत हैं. सरकार कहती है कि वह 80 करोड़ लोगों को 5 किलो अनाज देती है, किसान को 500 रुपया महीना सम्मान निधि देती है, 16 रुपया रोज, चाय का तक खर्चा नहीं है वह. लेकिन वही किसान जब न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की मांग करता है और मजदूर न्यूनतम मजदूरी का सवाल उठाता है तो उनपर दमन होता है. कोरोना के नाम पर जब तालाबंदी हुईउस दौरान सरकारें जिस तरह से निर्ममता के साथ पेश आईं वह भी हमें याद करना चाहिए.

ऐसे में केवल खेती बचा हुआ था जो अर्थव्यवस्था को किसी तरह संभाल रहा था. इसके बावजूद कि खेती रीढ़ बनी हुई थी, खेती के पक्ष में कोई भी निर्णय नहीं लिए जा रहा. लैंड बैंक बनाए जा रहे हैं. एफसीआइ (फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया) को कमजोर कर निजी क्षेत्रों के साइलो तैयार किए जा रहे हैं ताकि पूरे देश का अन्न काॅर्पाेरेट के हाथों जला जाये. यह न केवल किसान परिवार की संप्रभुता बल्कि देश की खाद्य संप्रभुता को भी खतरा पहुंचा देगा. ऐसे में बहुत जरूरी हो जाता है कि यह लड़ाई हर मुकाम पर तेज हो, हर जगह इसे मजबूती से लड़ा जाए.

लोगों को काम नहीं मिलता. वे पलायन के लिए बाध्य हैं. बार-बार यह मांग उठी है कि श्रमिकों का निबंधन होना चाहिए – जहां से वे जाते हैं (प्लेस ऑफ ओरिजिन) पर भी और जहां वे जाते हैं (डेस्टिनेशन) पर भी. लेकिन सरकारों ने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया.

मैं धन्यवाद देना चाहता  हूं भाकपा(माले) को और खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा को कि आपने सर्वे करके मजदूरों का आंकड़ा इकट्टा किया. बिहार में यह एक बहुत अच्छी पहल थी. जब सरकार अब झूठे आंकड़े परोस रही हो तो एक बड़ी चुनौती है कि हम समानांतर जनपक्षीय आंकड़ा इकट्टा करें. जब 2021-22 में तालाबंदी हुई थी तोें रोजगार घट गया था. लेकिन 1922 में भारत सरकार के PLFS सर्वे में एब्सोल्यूट नंबर में रोजगार बढ़ने का दावा किया गया. यह बात गले से नहीं उतरती. एक तो लंबे समय तक आंकड़े नहीं आए, बाद के दिनों के जो ग्रोथ रेट के दस्तावेज आए हैं, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां व लोग बता रहे हैं कि वे भरोसे के लायक नहीं हैं. तो मैं आपसे निवेदन करना चाहूंगा कि आप जहां भी काम कर रहे हैं, गांव में, रेहड़ी-पटरी वालों स्ट्रीट वेंडर्स के बीच या छोटे-छोटे कारोबारियों के बीच, आंकड़े इकट्टा करिए. हम एक समानांतर बहस को जन्म दें और झूठे आंकड़ों के सहारे परोसी जा रही सरकार की साजिशों को नाकाम कर दें.

दूसरी महत्वपूर्ण बात मैं आपसे कहना चाहूंगा कि नोटबंदी, जीएसटी और तालाबंदी के बाद भारत में अभूतपूर्व बेकारी-बेरोजगारी आई जो 45 साल पुराने ऊंचे स्तर पर पहुंच गयी और इसी बीच में सरकार ने उन आंकड़ों को समझने और समीक्षा करने के बजाय PLFS ने जो आंकड़ा इकट्टा किया था, उसे भी टास्क पर ले लिया कि आपने बिना हमसे परमिशन के ये आंकड़े छापे कैसे? नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे का जो पांचवें दौर का डेटा था उसमें कुपोषण बढ़ा है, महिलाओं में खून की कमी बढ़ी थी, बच्चों में ठिगनापन और दुबलापन का विस्तार हुआ था. इस सबको आंकने के बजाय प्रकारांतर से PLFS के सर्वे में जो लोगं शामिल थे, उन्हें दंडित करने की कोशिश की गई और डराया-धमकाया गया कि आप सही आंकड़े नहीं छाप सकते.

आप जानते हैं कि 2021 में हमारा जनगणना होना था. यह भारत में एकमात्र भरोसे का आंकड़ा होता है जिसके आधार पर कहीं कुछ बहस और चर्चा होती है और विकास के काम को अंजाम दिया जाता है. कोरोना महामारी के बहाने 2021 के जनगणना नहीं हुई. लेकिन इलेक्शन तो हुए, रैलियां भी हुईं. क्योंकि इन आंकड़ों से वे सवाल बाहर आते जिन्हें वे ढंकना चाहते हैं. वे तो लोगों को धर्म और जाति के विवादों में फंसा आपसी वैमनस्यता का माहौल बनाना चाहते हैं. इसीलिए 2021 की जनगणना नहीं हुई. अगर जनगणना होती, हमारे गांव में, गरीब परिवारों में, समाज के बीच में क्या स्थिति है, वह सामने आती. इस गैप को भरने के लिए बिहार ने जो सामाजिक-आर्थिक सर्वे किया, उसने 2022 तक सबको पक्का घर देने, किसानों की आमदनी दोगुना कर देने और हमारी इकोनाॅमी को 5 खरब कर देने के उनके वायदों की पोल खोल दी.

विभिन्न राज्यों में जो हमारी वास्तविक मजदूरी है, वह घट रही है. अभी आरबीआई का स्टेट फाइनेंस का आंकड़ा आया है, जिसमें विभिन्न राज्यों में शिक्षा का जो बजट है उसका प्रतिशत घट गया है और कई राज्यों में तो बहुत महत्वपूर्ण ढंग से घटा है. मतलब यह है कि गरीब के बच्चे ना पढ़ें, गरीब के बच्चे आगे ना जाएं, गरीब के बच्चे कुशल कारीगर ना बनें. हमारा काम है कि हमारे गांवों के सरकारी विद्यालयों की क्या स्थिति है, हमारे महाविद्यालयों की क्या स्थिति है, हमारे विश्वविद्यालयों की क्या स्थिति है, हमारे रिसर्च की क्या स्थिति है, किन मुद्दों पर रिसर्च किए जा रहे हैं, हम इसकी जांच करें और आंकड़े जुटायें. जाॅन द्रेज साहब ने स्कूलों की स्थिति के बारे में एक बहुत बढ़िया अध्ययन किया है. उससे पता चलता है कि गरीब के बच्चों के कुशल मनुष्य होने और एक अच्छा नागरिक बनने के रास्ते को बंद किए जा रहा है और उन तमाम लूट को छूट मिल रही है जो काॅर्पाेरेट के लिए है. जरूरी है कि हम देश के आर्थिक परिस्थिति व उसकी चुनौतियों के हिसाब से स्थानीय स्तरों पर अपने कार्यक्रम बनाएं, अपने आंकड़े इकट्टा करें और सरकार को आईना दिखाएं. लोकतांत्रिक संघर्षों को तेज करें, उसके नए-नए तरीकों को ढूंढ़े जिससे कि सरकार बेालती बंद हो जाए और उसे हटाया जा सके. पूरे देश में एनआरसी और सीएए का विरोध हुआ तो उसी काम को अब एसआईआर के माध्यम से अमल में लाया जा रहा है. अभी मतदाता सूची से नाम कटेगा और आगे चलकर उन सारी सुविधाओं से नाम कटेंगे. गरीबों के पक्ष में जो भी थोड़ा-बहुत हो रहा है, वह जन दबाव के कारण या वोट के लालच में या पैसा बटोरने के लिए, उसे भी बंद करने की कोशिश हो रही है. इसलिए हमें सचेत रहना होगा और हर मुद्दे पर, हर स्तर पर संघर्ष करना होगा.

इसलिए यह आंदोलन और यह सम्मेलन आज और भी महत्वपूर्ण हो गया है. संघर्ष का कोई विकल्प नहीं है. छोटे और बड़े सभी संघर्षों में एकता हो, हम आपस में मिल-जुलकर समन्वित प्रक्रिया से आगे बढ़ें, अपने समानांतर आंकड़े तैयार करें और समाज में चेतना का विस्तार करते हुए उन लड़ाइयों को लेकर आगे बढ़ें. मजदूरों के अधिकार जो छीने जा रहे हैं उसके खिलाफ भी हम लड़ें, किसानों की एकता भी मजबूत हो और जो हमारे पेशेवर संगठन – चाहे वह वकीलों का हो, शिक्षकों का हो, डाॅक्टरों का हो, कामगारों का हो – के बीच में एकता हो. इस व्यापक एकता के साथ हम इन बड़ी लड़ाइयों को आगे ले जाएं जाकि हम उन फासीवादी ताकतों को जो अलोकतांत्रिक तरीके से देश पर कब्जा करके बैठी हुई हैं, उखाड़ फेंकें और एक लोकतांत्रिक जनतांत्रिक सरकार गठन संभव कर सकें.

28 November, 2026