वर्ष 35 / अंक - 19 / मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत की उच्चस्तरीय जांच...

मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत की उच्चस्तरीय जांच हो!

मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत की उच्चस्तरीय जांच हो!

लखनऊ, 5 मई 2026: भाकपा(माले) ने बिहार के किशनगंज जिले के निवासी मौलाना तौसीफ रजा मजहरी (30) की ट्रेन यात्रा के दौरान हुई संदिग्ध मौत/हत्या की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है. मौलाना की लाश बरेली कैंट रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन के किनारे 27 अप्रैल की सुबह मिली थी.

पार्टी की राज्य इकाई ने आज जारी बयान में कहा कि मौलाना की हत्या रूह कंपाने वाली घटना है. परिजनों का आरोप है कि मौलाना की टोपी और वस्त्र देख कर ट्रेन के अंदर उनसे मारपीट की गई और फिर ट्रेन से उन्हें बाहर फेंक दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई.

भाकपा(माले) ने कहा कि सत्ताधीशों ने नफरत का जो माहौल बनाया है, वह घटना के मूल में है. यह सांप्रदायिक राजनीति का परिणाम है. यह घटना दिखाती है कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का ट्रेन से यात्रा करना जान से खेलने जैसा हो गया है. मौलाना तौसीफ रजा ने अपनी पत्नी को आखिरी फोन काॅल में मदद की गुहार लगाई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि कुछ लोग उन्हें ट्रेन में घेरकर मार रहे हैं और उन्हें ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों से मदद नहीं मिल रही है.

रिपोर्ट के अनुसार, 26-27 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात को हुई इस घटना को पुलिस ने शुरुआत में ट्रेन से गिरकर हुआ हादसा बताया था, लेकिन अब परिजनों के आरोपों और ऑडियो-वीडियो सबूतों को देखते हुए, मौलाना की पत्नी तबस्सुम खातून की शिकायत पर बरेली जीआरपी ने सोमवार (04 मई) को हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की. मौलाना बरेली में उर्स में भाग लेकर रात की ट्रेन से बिहार लौट रहे थे.


09 May, 2026