वर्ष 35 / अंक - 27 / का. नंदकिशोर प्रसाद स्मृति सभा

का. नंदकिशोर प्रसाद स्मृति सभा

का. नंदकिशोर प्रसाद स्मृति सभा

30 जून, 2026 को भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता, पूर्व बिहार राज्य सचिव तथा लंबे समय तक पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य रहे काॅमरेड नंदकिशोर प्रसाद (जमुना जी) की स्मृति में पटना स्थित जगजीवन राम शोध संस्थान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

सभा में भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, वरिष्ठ नेता स्वदेश भट्टाचार्य, पोलित ब्यूरो सदस्य कार्तिक पाल, हलधर महतो, प्रभात कुमार, मीना तिवारी, वरिष्ठ नेता का. केडी यादव, बिहार राज्य सचिव का. कुणाल, झारखंड राज्य सचिव मनोज भक्त, प. बंगाल राज्य सचिव अभिजीत मजुमदार, राजद के प्रधान महासचिव रणविजय साहू, विधान पार्षद शशि यादव, सांसद सुदामा प्रसाद, माकपा के वरिष्ठ नेता सर्वाेदय शर्मा, बिहार महिला समाज की अध्यक्ष निवेदिता झा, फिलहाल की संपादक प्रीति सिन्हा, भाकपा के वरिष्ठ नेता रामलला सिंह तथा भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता बलदेव झा सहित अनेक नेता उपस्थित थे. इसके अलावा बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी तथा पार्टी कार्यकर्ता भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए.

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि काॅमरेड जमुना जी पार्टी के शुरुआती दौर की क्रांतिकारी ऊर्जा को आगे बढ़ाने वाले नेताओं में थे. उन्होंने अत्यंत विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी को संघर्ष के रास्ते पर मजबूती से टिकाए रखा. आज जरूरत है कि नई पीढ़ी उनके साहस, प्रतिबद्धता और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाए.

उन्होंने कहा कि आज बिहार में एनकाउंटर और बुलडोजर को बढ़ावा दिया जा रहा है. भाजपा इसे कानून-व्यवस्था का माॅडल बताने की कोशिश कर रही है, जबकि वास्तव में यह माफिया राज है. कानून के शासन और संविधान के राज में न तो एनकाउंटर की जगह है और न ही बुलडोजर न्याय की. भाकपा (माले) हर फर्जी एनकाउंटर और हर तरह के राज्य दमन के खिलाफ लगातार लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी. हमें इस पूरी एनकाउंटर और बुलडोजर राजनीति की अवधारणा के खिलाफ लड़ना होगा.

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय चाय बेचने वालों, झालमूढ़ी बेचने वालों और छोटे-छोटे रोजगार करने वाले गरीब लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाने वाले प्रधानमंत्री सत्ता में आने के बाद उन्हीं मेहनतकश लोगों को उजाडते हैं.

सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ पार्टी नेता का. केडी यादव ने की और संचालन पोलित ब्यूरो सदस्य का. मीना तिवारी ने किया. समकालीन लोकयुद्ध के संपादक संतोष सहन ने में सबके प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया.


04 July, 2026