कामरेड सुधीर राजवंशी का जन्म वर्ष 1978 में नवादा जिले के सिरदला प्रखंड के कसियाडीह टोला धजवाटांड़ में हुआ. वे एक गरीब भूमिहीन परिवार से आते थे. 1998 में उन्होंने पार्टी से जुड़कर गांव स्तर पर राजनीतिक पहल की शुरुआत की. अपनी सक्रियता और प्रतिबद्धता के बल पर वे शीघ्र ही प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता बने और 2004 में जिला कमिटी से जुड़े. प्रखंड सचिव के रूप में उन्होंने वन भूमि पर लगभग 150 गरीब परिवारों को बसाने का साहसिक कार्य किया. इस संघर्ष के कारण उन पर मुकदमा हुआ और उन्हें महीनों जेल में रहना पड़ा.
1 जनवरी 2026 की रात उन्हें सीने में तेज जलन हुई. अगले दिन, 2 जनवरी को उनको नवादा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ईसीजी रिपोर्ट ठीक न आने पर उन्हें आईजीएमसी पटना भेजा गया. वहीं उपचार के दौरान 6 जनवरी की सुबह लगभग साढ़े तीन बजे उनका निधन हो गया. वे अपने पीछे तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए.
उनके अंतिम संस्कार में पार्टी राज्य स्थायी समिति सदस्य कामरेड निरंजन कुमार और राज्य कमेटी सदस्य रीता वर्णवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. 17 जनवरी को आयोजित शोक श्रद्धांजलि संकल्प सभा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं और पार्टी से जुड़े साथियों ने भाग लिया. सभा के मुख्य अतिथि कॉमरेड निरंजन कुमार और रीता वर्णवाल के अलावे माकपा के जिला सचिव तथा राजद नेताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
पार्टी जिला कमिटी के सभी सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहे. श्रद्धांजलि सभा को अजीत कुमार मेहता, नरेंद्र प्रसाद सिंह, सावित्री देवी, सुदामा देवी, महावीर मांझी और विनय पासवान जैसे प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया.