वर्ष 35 / अंक - 05 / 16 वर्षीय महादलित छात्रा की जलाकर हत्या की घटना की...

16 वर्षीय महादलित छात्रा की जलाकर हत्या की घटना की माले ने की जांच

16 वर्षीय महादलित छात्रा की जलाकर हत्या की घटना की माले ने की जांच

17 जनवरी 2026 को पटना जिले के संपतचक थाना क्षेत्र अंतर्गत 16 वर्षीय महादलित छात्रा को जिंदा जलाकर हत्या किए जाने की जघन्य घटना घटित हुई थी. भाकपा(माले) की 6 सदस्यीय टीम ने 24 जनवरी को घटनास्थल पर जाकर विस्तृत जांच-पड़ताल की.

टीम पीड़ित छात्रा के गांव अब्दुल्लाहचक पहुंची, जहां उसने उसके माता-पिता और चाचा से मुलाकात की और उनकी आपबीती सुनी. साथ ही, टीम बगल के गांव बैरिया भी गयी जहां उसके नाना और मामी से भी बात हुई.

पीड़िता दसवीं की परीक्षा देने वाली थी. 17 जनवरी की शाम लगभग 5 बजे वह अपने घर से मामी के घर बैरिया जा रही थी. इसी दौरान बैरिया गांव के पास उसकी देह पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई. वह गंभीर रूप से झुलस गई और इलाज के दौरान ही 6 दिनों बाद  एनएमसीएच पटना में उसकी मौत हो गई.

भाकपा(माले) की टीम ने इस घटना की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है.

पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य सह जिला सचिव कामरेड अमर ने घटना की तीखी निंदा करते हुए कहा कि डबल इंजन की एनडीए सरकार में छात्राओं, लड़कियों और महिलाओं के खिलाफ हत्या, उत्पीड़न और बलात्कार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है, जिसके लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है.

उन्होंने कहा कि घटना के बाद प्रशासन और सरकार की चुप्पी बेहद शर्मनाक है. घटना के 6 दिन बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना, बल्कि मौत के बाद खुद अपराधी का जाकर आत्मसमर्पण करना प्रशासन की घोर विफलता को दर्शाता है. साथ ही, एनएमसीएच, पटना में इलाज के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण किशोरी की मौत हुई, जिसकी अलग से जांच होनी चाहिए.

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी एक वार्ड पार्षद का पुत्रा है, जिसके कारण गिरफ्तारी, जांच और इलाज में जानबूझकर देरी की गई. पीड़ित परिवार को धमकाने और मामले को “मैनेज” करने का दबाव भी बनाया जा रहा है.

भाकपा(माले) ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को न्याय की पूर्ण गारंटी दी जाए, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए. कहा है कि अन्यथा भाकपा(माले) राज्यव्यापी आंदोलन करेगी.

जांच टीम में भाकपा(माले) की राज्य कमेटी सदस्य सह जिला कार्यालय सचिव कमलेश कुमार, संपतचक प्रखंड सचिव सत्यानंद पासवान, फतुहा प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव, तथा स्थानीय कार्यकर्ता सुरेश चंद्र ठाकुर, रासमणि देवी और मुन्नी देवी शामिल थे.

31 January, 2026