मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव सहनी ताजपुर थाना हत्याकांड संख्या-98/26 के अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला थाना फतेहपुर नाबालिग लड़की दुष्कर्म कांड संख्या 61/26 के दुष्कर्मी भाजपा नेता को गिरफ्तार करने, प्रखंड मुख्यालय चौक किराना दुकानदार नरेश चौधरी से 6 लाख रूपए लूटने एवं गोली मारने वाले अपराधियों को गिरफ्तार करने, दर्जीनिया चौड़ हत्याकांड के अपराधियों को गिरफ्तार करने, नीम चौक सोना लूट कांड का उद्भेदन करने आदि मांगों को लेकर 22 जून 2026 को भाकपा(माले) व बिहार राज्य व्यवसायी संघ के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने जनता मैदान से जुलूस निकालकर ताजपुर थाने का घेराव किया और अपनी मांगों से संबंधित नारे लगाकर प्रदर्शन किया.
भाकपा(माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता एवं व्यवसायी संघ के नेता प्रभात रंजन गुप्ता के संचालन में आयोजित सभा को वंदना सिंह, जीबछ पासवान, उपेंद्र राय, आसिफ होदा, ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज समेत मृतक संजीव सहनी के माता, पिता, पत्नी, भाई आदि ने संबोधित किया. हत्यारे को बचाने का पुलिस पर आरोप लगाते हुए एक स्मार-पत्र थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा को सौंपा. 15 दिनों के अंदर हत्यारे को गिरफ्तार करने अन्यथा एसपी के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा के साथ ही सभा समाप्ति की घोषणा की गई.
विदित हो कि अपराधियों ने मोटर साइकिल मिस्त्री संजीव सहनी की हत्या 15 मई को दिनदहाड़े ताजपुर के गांधी चौक स्थित उनके गैरेज पर ही कर दी थी. हत्या के विरोध में सड़क जाम हुआ तो मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष, एसडीपीओ संजय पांडे, एसपी अरविंद प्रताप सिंह पहुंचकर 4 दिनों के अंदर हत्यारे की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में सफलता पायी लेकिन घटना के महीने से अधिक बीत गये, हत्यारे अभी तक गिरफ्तार नहीं किए गये.
दूसरी घटना 9 जून को ताजपुर के फतेहपुर की है जब 11 वर्षीय बच्ची दुकान में सामान खरीदने गई जहां भाजपा नेता सह दुकानदार ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. (बच्ची के पिता राजस्थान में मजदूरी करते हैं.) बच्ची की मां ने मुसरीघरारी थाने में आवेदन प्राथमिक सूचना दी. तीन दिनों बाद थानाध्यक्ष ने उनको महिला थाने में जाने को कहा.
घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित के घर पहुंची. भाकपा(माले) नेताओं कीे एक जांच टीम के दबाव में थानाध्यक्ष ने अंततः एफआईआर दर्ज तो किया लेकिन करीब सप्ताह भर बीत गये, दुष्कर्मी गिरफ्तार नहीं हुआ. उसी तरह, अपराधियों ने ताजपुर चौक स्थित किराना दुकानदार नरेश सहनी से करीब 6 लाख रुपए लूट लिए और उन्हें गोली मार दी. सप्ताह भर बीत चला लेकिन अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई. नीमचौक के चर्चित सोना लूटकांड जिसमें निर्दाेष मजदूर मनीष साह को पुलिस ने शौच के रास्ते में पेट्रोल डालकर और मारपीट कर मरनासन्न कर दिया था. आंदोलन के दबाव में थानाध्यक्ष, एसआई, एवं आईओ को निलंबित तो किया गया था लेकिन इस हाई-प्रोफाइल मामले का उद्भेदन पुलिस आजतक नहीं कर सकी.