-- उज्ज्वल कुमार दत्त
पहला बैसाख – नए वर्ष की पहली सुबह. बंगाली जीवन में यह केवल एक तिथि नहीं, बल्कि उत्सव की धड़कन है. आंगनों में उकेरी गई अल्पना की सफेद रेखाएं, दुकानों में नई बही-खातों के पन्ने पलटने की तैयारी और धूप की सुगंध से भरी हवा – सब मिलकर एक गहरा आशावाद रचते हैं, मानो जीवन फिर से नए सिरे से आरंभ होगा.
लेकिन इतिहास के कुछ दिन ऐसे भी होते हैं, जो प्रकाश लेकर नहीं आते. वे दिन उजाले के बीच भी एक अदृश्य अंधकार में ढंक जाते हैं. 14 अप्रैल 2000 – ऐसा ही एक दिन निरसा की धरती पर उतर आया था. जिस दिन को आनंद का होना था, वही दिन काल के आघात से अचानक शोक में बदल गया – एक रक्तरंजित पहला बैसाख.
उस दिन गोलियों की आवाज ने नववर्ष की शांति को चकनाचूर कर दिया था. उत्सव के रंग रक्त की लालिमा में घुल गए थे. एक अडिग, निर्भीक और चरित्रवान मनुष्य – जो कभी झुकना नहीं जानता था, जो सत्ता के आगे बिक नहीं सका – उसे माफिया-राजनीति के अंधेरे हाथों ने निर्दयता से हमसे छीन लिया. वह व्यक्ति थे – गुरुदास चटर्जी.
वे केवल एक विधायक नहीं थे. वे एक दृढ़ नैतिक संकल्प थे – एक जीवंत प्रतिरोध, एक निर्भीक मानवीय शक्ति. लोगों ने उनमें अपनी लड़ाई, अपना साहस, अपनी गरिमा देखी थी. इसलिए उनकी मृत्यु केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं थी; वह एक समय की मृत्यु थी, एक विश्वास का अंत थी. फिर भी, यहीं एक प्रश्न जन्म लेता है – क्या किसी आदर्श को इतनी आसानी से मिटाया जा सकता है? क्या उसकी हत्या कर देने से वह सचमुच समाप्त हो जाता है, या वहीं से किसी और बड़े कथानक की शुरुआत होती है?
चरित्र: मनुष्य की अंतिम साधना
मनुष्य की वास्तविक आवश्यकता क्या है? आज के समय में यह प्रश्न जितना प्रासंगिक है, शायद अतीत में भी उतना ही था. धन, सत्ता और प्रभाव के बीच मनुष्य स्वयं को धीरे-धीरे खोता जा रहा है. लेकिन प्राचीन दार्शनिक कन्फ्रयूशियस ने कहा था – मनुष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता उसका चरित्र है. अपने चरित्र का निर्माण करना और दूसरों को उस पथ पर सहारा देना – यही सच्ची मानवता का मूल सूत्र है.
यह कोई अमूर्त विचार नहीं था – यह गुरुदास चटर्जी के जीवन में सजीव हो उठा था. उनके लिए राजनीति कभी सत्ता की सीढ़ी नहीं रही. उनके लिए राजनीति आत्मशुद्धि का एक कठिन मार्ग थी. वे जानते थे – चरित्र के बिना कोई संघर्ष स्थायी नहीं हो सकता, कोई आदर्श टिक नहीं सकता.
कन्फ्रयूशियस ने यह भी कहा था – “जिसका चरित्र नहीं है, वह न तो दरिद्रता को सह सकता है और न ही संपन्नता को संभाल सकता है.” गुरुदास दा का जीवन मानो इस सत्य का जीवंत प्रमाण था. उन्होंने दरिद्रता को गरिमा के साथ अपनाया और समृद्धि को निर्लाेभ दृढ़ता से ठुकरा दिया.
पुरुलिया: जड़ों की कथा
पुरुलिया की मिट्टी – रूखी, बंजर, धूप में झुलसी हुई. जैसे ही बरसात आती है, यह अचानक हरियाली की चादर ओढ़ लेती है, और फिर सूखे के दिनों में उसी तरह फट जाती है – टुकड़ों में, चीर-चीर होकर. इस मिट्टी के लोगों का जीवन भी कुछ ऐसा ही है – कष्टों में ढला हुआ, फिर भी भीतर एक अटूट दृढ़ता से भरा हुआ. इसी धरती पर जन्म हुआ झारखंड के निरसा के जननायक गुरुदास चटर्जी का. एक साधारण बंगाली परिवार में 20 मार्च 1950 को – जहां समृद्धि नहीं थी, लेकिन मूल्यबोध की एक मजबूत नींव थी; जहां आत्मसम्मान की शिक्षा थी और लोगों के साथ खड़े रहने का एक मौन संकल्प.
बचपन से ही गुरुदास अलग थे. अन्याय देखकर चुप रह जाना उनकी आदत नहीं थी – कभी स्कूल की छोटी-छोटी घटनाओं में, तो कभी मोहल्ले के किसी अन्याय के विरुद्ध, उनके चेहरे पर एक अजीब-सी बेचैनी उभर आती थी. मानो दुनिया ठीक न हो, तो उन्हें भी चैन नहीं मिलता. उन्होंने मैट्रिक तक पढ़ाई की, लेकिन किताबों में सीमित ज्ञान उन्हें उतना आकर्षित नहीं करता था – उससे कहीं अधिक उन्हें खींचता था बाहरी संसार, लोगों का जीवन, उनकी वंचनाएं और उनके संघर्ष.
वह समय राजनीतिक उथल-पुथल का था. नक्सल आंदोलन का तीव्र प्रभाव, समाज के भीतर पनपता आक्रोश – सब मिलकर एक अशांत दौर रच रहे थे. उस अशांत समय की लहरें उनके मन तक भी पहुंचीं. लेकिन वे केवल भावनाओं में बह नहीं गए; उन्होंने समझने की कोशिश की, खोजने की कोशिश की – मनुष्य की मुक्ति का वास्तविक मार्ग. यही खोज धीरे-धीरे उन्हें गढ़ती गई – एक जागरूक व्यक्ति, एक प्रतिरोधी चेतना और एक भावी नेता के रूप में.
निरसा: कोयलांचल की बहुस्वरता में बंगालियत
निरसा – एक ऐसा भूखंड, जिसने इतिहास में कई रूप बदले हैं. कभी मानभूम का हिस्सा रहा, फिर धनबाद के कोयलांचल में शामिल हुआ. यह क्षेत्र केवल खनिज संपदा के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक जटिलताओं के कारण भी विशेष महत्व रखता है. देश के विभिन्न हिस्सों से लोग आकर यहां बसे, और इस प्रकार एक मिश्रित संस्कृति का निर्माण हुआ – जहां भाषा, रीति-रिवाज और खान-पान सबमें विविधता झलकती है.
फिर भी, इस विविधता के भीतर बंगालियत एक सशक्त धारा की तरह प्रवाहित होती रही है. स्कूल, पुस्तकालय, रंगमंच और साहित्यिक सभाएं – इन सभी के माध्यम से बंगालियों ने यहां एक सुदृढ़ सांस्कृतिक परिवेश का निर्माण किया. यह परिवेश केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि विचारों के विकास की एक उर्वर भूमि रहा है.
गुरुदास चटर्जी इसी सांस्कृतिक विरासत के एक उज्ज्वल प्रतिनिधि थे. उनके भीतर बंगाली समाज की तार्किकता, साहस, संवेदनशीलता और एक अदम्य आत्मसम्मान स्पष्ट रूप से विद्यमान था.
श्रमिक आंदोलन और राजनीतिक चेतना का उदय
निरसा आकर वे “मार्कसिस्ट कोऑर्डिनेशन कमिटी” (Marxist Coordination Committee) से जुड़ गए. एके राय के नेतृत्व में यह संगठन श्रमिकों और किसानों के अधिकारों की लड़ाई में एक नई दिशा दे रहा था.
एके राय स्वयं एक विलक्षण व्यक्तित्व थे – सादा जीवन, कठोर आदर्शवाद और अडिग सिद्धांतों के धनी, मानो राजनीति के एक संन्यासी. गुरुदास दा ने उन्हीं से राजनीति का मूल मंत्र सीखा – “राजनीति का अर्थ है आत्मत्याग, न कि सत्ता की लालसा.”
श्रमिकों के बीच वे शीघ्र ही लोकप्रिय हो गए, क्योंकि उन्होंने केवल भाषण नहीं दिए, बल्कि व्यावहारिक रूप से उनकी मदद कर उनका विश्वास जीता. खदानों के अंधेरे में, मजदूर बस्तियों की कठिनाइयों में – हर जगह उनकी उपस्थिति स्वाभाविक और आत्मीय थी.
जेल और संघर्ष की अग्नि
लोकप्रियता कभी अकेले नहीं आती – उसके साथ चुपचाप चलती है शत्रुता भी. गुरुदास चटर्जी के जीवन में भी यह अपवाद नहीं था. श्रमिकों के बीच उनका बढ़ता प्रभाव और माफिया शक्तियों के विरुद्ध उनका निर्भीक रुख – इन सबने मिलकर उन्हें कई लोगों की आंखों में असुविधा का कारण बना दिया. और वही असुविधा धीरे-धीरे एक षड्यंत्र में बदल गई. एक झूठे हत्या के मुकदमे में उन्हें फंसाकर जेल भेज दिया गया – जहां सत्य से अधिक महत्व ‘सुविधा’ का हो जाता है.
जेल की अंधेरी चारदीवारी बहुतों को भीतर से तोड़ देती है, बहुतों को मौन कर देती है. लेकिन गुरुदास दा किसी और ही धातु के बने थे. वह अंधेरा उन्हें निगल नहीं सका; उलटे उसने उनके भीतर की ज्वाला को और प्रज्वलित कर दिया. एकांत के लंबे क्षण, अनिश्चितता का बोझ – इन सबके बीच उन्होंने अपने भीतर एक अद्भुत दृढ़ता खोज ली. मानो लोहा आग में तपकर और अधिक कठोर और सशक्त हो उठता है – वैसे ही वे भी उस अग्नि-परीक्षा से और अधिक अडिग बनकर निकले.
उन्होंने समझ लिया था कि संघर्ष का मार्ग कभी सरल नहीं होता. उसमें बाधाएं हैं, अपवाद हैं, अकेलापन है. परंतु इसी मार्ग में मनुष्य की मुक्ति की संभावना भी छिपी है. इसलिए जेल के वे दिन उनके लिए आत्म-तैयारी का समय बन गए. बाहर लौटकर वे पहले जैसे नहीं रहे – वे और अधिक स्पष्ट, सजग और अडिग योद्धा बन चुके थे, जिनके लिए पीछे हटना अपने अस्तित्व से इंकार करने के समान था.
राजनीतिक सफलता, पर सत्ता से विरक्ति
सन् 1990 – निरसा की धरती पर एक नया नाम गूंजने लगा: गुरुदास चटर्जी. चुनाव का परिणाम मात्र एक जीत नहीं था; वह जनता के विश्वास की स्वीकृति थी. इसके बाद 1995 और फिर 2000 – लगातार तीन बार वे विधायक चुने गए. ऐसी निरंतर सफलता अक्सर लोगों को बदल देती है – उनके व्यवहार में, जीवनशैली में, सोच में. लेकिन गुरुदास दा के मामले में मानो कुछ भी नहीं बदला. वे वैसे ही रहे – सरल, संयमी और निस्पृह.
उस समय राजनीति के गलियारों में सत्ता के समीकरण बन रहे थे. बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने स्वयं उन्हें बुलाया. प्रस्ताव था – कैबिनेट मंत्री बनने का. यह वह अवसर था, जो बहुतों के जीवन की दिशा बदल देता है. लेकिन गुरुदास दा ने उस प्रस्ताव के सामने एक शांत मुस्कान के साथ उत्तर दिया – सत्ता उनका लक्ष्य नहीं, लोगों का विश्वास ही उनकी असली पूंजी है.
उनके इस उत्तर में एक मौन दृढ़ता थी, मानो वे स्वयं को याद दिला रहे हों कि उन्होंने यह मार्ग किसी और उद्देश्य से चुना है. और भी आश्चर्य की बात यह कि उन्होंने उस अवसर को स्वयं लेने के बजाय किसी अन्य सहकर्मी का नाम सुझाया. राजनीति की भीड़ में ऐसा उदाहरण विरल है – जहां व्यक्ति अपने से अधिक दूसरे की उन्नति को महत्व देता है.
यह घटना स्पष्ट कर देती है कि गुरुदास चटर्जी के लिए राजनीति कभी सत्ता की सीढ़ी नहीं थी – वह लोगों के साथ खड़े रहने का एक नैतिक दायित्व थी. वे जानते थे कि पद व्यक्ति को महान नहीं बनाता, बल्कि व्यक्ति ही पद को गरिमा देता है. इसलिए सत्ता की चमक उन्हें कभी आकर्षित नहीं कर सकी; वे अपने चुने हुए कठिन मार्ग पर ही डटे रहे – जहां प्रकाश जलाने की जिम्मेदारी उन्होंने स्वयं उठाई थी.
सादा जीवन: एक मौन प्रतिरोध
तीन बार विधायक बनना – यह परिचय अक्सर व्यक्ति और समाज के बीच एक अदृश्य दूरी खड़ी कर देता है. लोग दूर हो जाते हैं – गाड़ियों के शीशों के पार, सुरक्षाकर्मियों के घेरे के भीतर. लेकिन गुरुदास चटर्जी के जीवन में इसका ठीक उलटा हुआ. जितनी बार वे जीते, उतनी ही अधिक वे आम होते चले गए.
उनके पास अपनी कोई गाड़ी नहीं थी. लालबत्ती की चमक उन्हें कभी आकर्षित नहीं कर सकी. उन्होंने सुरक्षा गार्ड भी नहीं रखे – क्योंकि उनका विश्वास था कि जनता का प्रेम ही सबसे बड़ी सुरक्षा है. वे निरसा के सामान्य लोगों की तरह ही चलते-फिरते थे – कभी मोटरसाइकिल पर, कभी पैदल, कभी अपने साथियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर.
उनका घर भी वैसा ही था – छोटा, सादा, लगभग अनदेखा-सा. उनका यह जीवन एक मौन घोषणा था – एक गहरा प्रतिरोध. उपभोगवादी और अवसरवादी राजनीति के विपरीत खड़े होकर उन्होंने अपने जीवन से ही यह सिद्ध कर दिया कि सत्ता को जिम्मेदारी में बदला जा सकता है.
उनके लिए सादगी ही शक्ति थी, और संयम ही जीवन का सबसे बड़ा साहस.
मानवता का उज्ज्वल पक्ष
राजनीति अक्सर मनुष्यों के बीच दूरियां पैदा कर देती है – मित्रता को नाजुक बना देती है और संबंधों को कठोर. प्रतिद्वंद्वी मानो शत्रु ही हो – यह धारणा एक अघोषित नियम की तरह स्थापित हो जाती है. लेकिन गुरुदास चटर्जी के लिए राजनीति की यह कठोर परिभाषा कभी स्वीकार्य नहीं थी. उनके लिए मनुष्य पहले था – राजनीति उसके बाद.
एक घटना इसका सजीव उदाहरण है. निरसा का वह उथल-पुथल भरा समय – आंदोलन जारी, चारों ओर तनाव की चुप्पी. उसी दौरान उनके एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एक फैक्ट्री आंदोलन से जुड़े हुए थे. खबर थी कि पुलिस उन्हें तलाश रही है – कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है. सामान्यतः इस सूचना को अपने तक सीमित रखना ही आसान और सुरक्षित होता. लेकिन गुरुदास दा ने वह रास्ता नहीं चुना.
कुमारडूबी की सड़क पर अचानक उन्होंने उस प्रतिद्वंद्वी को देखा और रोक लिया. चारों ओर कार्यकर्ताओं की भीड़, तनाव का वातावरण – फिर भी वे उन्हें अलग ले गए. बहुत शांत स्वर में कहा – “तुम्हारी तलाश हो रही है, सावधान रहो. यदि संभव हो तो अपनी स्थिति स्पष्ट करो, नहीं तो आत्मसमर्पण के बारे में सोचो.”
ये शब्द उन्होंने केवल मानवीय दृष्टि से कहे थे – इसमें कोई राजनीतिक चाल नहीं थी.
उस क्षण वे प्रतिद्वंद्वी नहीं थे – वे एक मनुष्य थे, जो दूसरे मनुष्य को आने वाले संकट से आगाह कर रहा था. राजनीति के कठोर मैदान में इस प्रकार का व्यवहार दुर्लभ है, लगभग अपरिचित. लेकिन यही गुरुदास चटर्जी का स्वभाव था.
यह घटना स्पष्ट करती है कि उनके लिए राजनीति कभी भी मानवता से ऊपर नहीं थी. वे मानते थे कि विचारों का संघर्ष हो सकता है, लेकिन मनुष्य को खोकर वह संघर्ष अर्थहीन हो जाता है. इसलिए वे अपने प्रतिद्वंद्वियों में भी एक मनुष्य को देख पाते थे – और यही दृष्टि उन्हें दूसरों से अलग बनाती थी.
माफिया शक्तियों से टकराव
धनबाद के कोयलांचल का इतिहास केवल कोयले का इतिहास नहीं है – यह अंधेरी शक्तियों का भी इतिहास है. जैसे धरती के नीचे आग जलती है, वैसे ही धरती के ऊपर भी लंबे समय से संघर्ष की ज्वाला सुलगती रही है – कोयले, जमीन, श्रम और प्रभाव पर नियंत्रण की निरंतर लड़ाई. इस संघर्ष के अदृश्य छोर पर थीं माफिया शक्तियां – जो कानून को दरकिनार कर, सत्ता की छाया का उपयोग कर अपना साम्राज्य खड़ा कर चुकी थीं. उस अंधेरे संसार में सत्य के पक्ष में खड़ा होना अपने जीवन को जोखिम में डालने के समान था.
गुरुदास चटर्जी ने इस जोखिम का हिसाब लगाकर कदम नहीं बढ़ाया. वे जानते थे कि यह संघर्ष सरल नहीं है – यहां प्रतिद्वंद्वी केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से सशक्त, संगठित और निर्मम भी हैं. फिर भी वे पीछे नहीं हटे. खदान क्षेत्रों के श्रमिकों के अधिकार, उनकी मजदूरी और सुरक्षा के प्रश्न, अवैध कब्जों के खिलाफ – उन्होंने खुलकर आवाज उठाई.
उनकी आवाज समय के साथ और अधिक दृढ़, और अधिक स्पष्ट होती गई – जो स्वाभाविक रूप से माफिया शक्तियों के लिए असुविधा का कारण बन गई.
धीरे-धीरे वह असुविधा भय में बदल गई, और भय ने शत्रुता का रूप ले लिया. गुरुदास दा उनके मार्ग की सबसे बड़ी बाधा बन गए – एक ऐसे व्यक्ति, जिसे न डराकर चुप कराया जा सकता था, न लालच देकर खरीदा जा सकता था. ऐसे लोग ही अन्याय के लिए सबसे अधिक खतरनाक होते हैं.
इसलिए टकराव अवश्यंभावी था. एक ओर एक अकेला व्यक्ति – जिसका हथियार केवल उसका आदर्श और उसकी ईमानदारी थी; दूसरी ओर संगठित अंधकार – जिसके पास धन, प्रभाव और हिंसा की शक्ति थी. इस असमान संघर्ष में गुरुदास चटर्जी ने अंततः अपना जीवन खो दिया, लेकिन उनका संकल्प, उनका साहस आज भी जीवित है – कोयलांचल के इतिहास पर एक अमिट छाप बनकर.
वह रक्तरंजित नववर्ष
14 अप्रैल 2000 – पहला बैसाख. सुबह वैसे ही आरंभ हुई थी जैसे किसी सामान्य दिन की होती है, लेकिन भीतर कहीं एक उत्सव की गरमाहट थी. दुकानों के सामने नई बहियों की सजावट, आंगनों में अल्पना की रेखाएं, लोगों के चेहरे पर नववर्ष की शुभकामनाएं – सब मिलकर निरसा की हवा में एक शांत उल्लास भर रहे थे. कौन जानता था कि उसी उल्लास का सीना चीरकर एक गहरा अंधकार उतर आएगा!
गुरुदास चटर्जी उस दिन अदालत से लौट रहे थे. दिनभर का काम समाप्त कर, शायद वे भी एक सामान्य दिन की तरह घर लौटेंगे – यही स्वाभाविक कल्पना थी. लेकिन अचानक, बिना किसी पूर्व संकेत के, वह सामान्यता टूट गई. गोलियों की आवाज – एक नहीं, कई. क्षण भर में सब कुछ ठहर गया. सड़क की धूल में वे गिर पड़े. चारों ओर अफरा-तफरी, भय, स्तब्धता – लेकिन समय मानो उसी एक क्षण में जम गया.
पहला बैसाख अब मात्रा एक उत्सव नहीं रहा – वह एक रक्तरंजित स्मृति बन गया. एक व्यक्ति की हत्या हुई, पर वास्तव में चोट पहुंची एक विश्वास को, एक आदर्श को, एक संघर्ष की धारा को. यह केवल राजनीतिक प्रतिशोध नहीं था – यह एक सुनियोजित षड्यंत्र था, जिसका लक्ष्य था ऐसे व्यक्ति को हटाना, जिसे किसी भी तरह दबाया नहीं जा सकता था.
बाद में उनके गुरु एके राय ने गहरे दर्द के साथ कहा था – “माफियाओं ने उसके भविष्य की हत्या कर दी.” यह केवल शोक की अभिव्यक्ति नहीं थी, बल्कि एक कठोर सत्य की स्वीकृति थी. क्योंकि गुरुदास चटर्जी केवल वर्तमान के नेता नहीं थे – वे एक संभावना थे, एक भविष्य थे, जो शायद और बड़े संघर्षों की दिशा दिखा सकता था.
उस दिन के बाद से पहला बैसाख निरसा के लिए केवल नए वर्ष की शुरुआत नहीं रहा – वह एक पीड़ादायक स्मृति बन गया, एक ऐसा घाव जो बार-बार यह याद दिलाता है कि अंधकार प्रकाश से डरता है, और इसी कारण उसे बुझाने की कोशिश करता है. लेकिन क्या प्रकाश सचमुच बुझ जाता है? या वह और गहराई में, और अधिक लोगों के भीतर फैल जाता है? गुरुदास चटर्जी की मृत्यु आज भी हमारे सामने यही प्रश्न छोड़ जाती है.
अधूरे सपने और जिम्मेदारी
गुरुदास चटर्जी की मृत्यु केवल एक निजी शोक तक सीमित नहीं रही. यह एक परिवार के टूटने के साथ-साथ एक पूरे समाज के भीतर हिलते हुए आधार की अनुभूति थी. जिस दिन वे गए, उस दिन केवल एक घर का दरवाजा बंद नहीं हुआ – निरसा के असंख्य लोगों के मन में एक अजीब-सी रिक्तता जन्म ले गई. मानो कोई, जो अब तक चुपचाप सहारा देता था, अचानक साथ छोड़ गया.
लेकिन यदि उनके जीवन को केवल इस रिक्तता तक सीमित कर दिया जाए, तो यह उनके प्रति अन्याय होगा. क्योंकि वे केवल शून्यता छोड़कर नहीं गए – वे एक अधूरा सपना, एक अनिवार्य जिम्मेदारी भी छोड़ गए. उन्होंने जो मार्ग दिखाया, जो संघर्ष शुरू किया – शोषणमुक्त, न्यायपूर्ण समाज का सपना – वह अब केवल उनका नहीं रहा.
उनकी मृत्यु के बाद वह जिम्मेदारी जैसे अनगिनत लोगों के कंधों पर चुपचाप फैल गई. अब प्रश्न हमारे सामने है – क्या हम उस सपने को जीवित रखेंगे, या धीरे-धीरे उसे भूल जाएंगे? गुरुदास चटर्जी ने अपने जीवन से जो दिशा दिखाई, क्या उस पर चलने का साहस हमारे भीतर है?
इसलिए उनका जाना अंत नहीं है – बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है. क्योंकि कुछ लोग अपनी मृत्यु के बाद और भी बड़े हो जाते हैं. उनके सपने व्यक्तिगत नहीं रहते, सामूहिक बन जाते हैं. गुरुदास दा का अधूरा सपना भी वैसा ही है – जो आज भी प्रतीक्षा कर रहा है, पूर्णता के लिए और हमारे स्पर्श के लिए.
चरित्र की शिक्षा: आज की प्रासंगिकता
आज का समय विचित्र है. चारों ओर एक अदृश्य प्रतिस्पर्धा – कौन कितनी जल्दी ऊपर उठेगा, कौन कितना अधिक पाएगा, कौन अपने लिए कितना संचित कर सकेगा. इस भीड़ में खड़े-खड़े कब मनुष्य अपने भीतर के मनुष्य को खो देता है, उसे पता भी नहीं चलता. नैतिकता धीरे-धीरे एक अनावश्यक शब्द बनती जा रही है, और चरित्र – मानो किसी पुरानी पुस्तक के पन्नों में कैद एक विचार.
ऐसे समय में गुरुदास चटर्जी का जीवन हमारे सामने एक दर्पण की तरह खड़ा हो जाता है.
यदि उनके जीवन को एक शब्द में समेटना हो, तो वह शब्द है – चरित्र. न कोई बड़ा पद, न कोई विशाल संपत्ति – यही एक गुण उन्हें विशिष्ट बनाता है. उन्होंने सिद्ध किया कि मनुष्य वास्तव में अपने चरित्र से ही बड़ा होता है. चरित्र हो तो मनुष्य गरीबी में भी सिर उठाकर जी सकता है. अभाव उसे तोड़ता नहीं, बल्कि और अधिक संयमित और मजबूत बना देता है. गुरुदास दा के जीवन में हम यही देखते हैं – अभाव था, पर आत्मसम्मान कभी डगमगाया नहीं.
चरित्र हो तो मनुष्य सत्ता के प्रलोभन को सहज ही ठुकरा सकता है, क्योंकि वह जानता है कि क्षणिक लाभ से स्थायी गरिमा कहीं अधिक बड़ी होती है. जब उनके सामने मंत्रित्व का प्रस्ताव आया, तब वे उसे अस्वीकार कर सके – क्योंकि उनके लिए सत्ता नहीं, अपने विश्वास का महत्व अधिक था.
और सबसे महत्वपूर्ण – चरित्र हो तो मनुष्य अन्याय के सामने झुकता नहीं. भय उसे रोक नहीं सकता, प्रलोभन उसे खरीद नहीं सकता. वह जानता है कि हारकर भी वह वास्तव में हारता नहीं – क्योंकि वह स्वयं के प्रति सच्चा रहता है.
आज के समय में यह शिक्षा और भी अधिक आवश्यक हो गई है. क्योंकि जितना हम आगे बढ़ रहे हैं, उतना ही इन सरल सत्यों को भूलते जा रहे हैं. गुरुदास चटर्जी का जीवन हमें वही भूल याद दिलाता है – चुपचाप, पर गहराई से. मानो वे कह रहे हों – मनुष्य होना ही सबसे बड़ा संघर्ष है, और उस संघर्ष का एकमात्र हथियार है – चरित्र.
एक अमर अग्निस्मृति
पहला बैसाख का वह रक्तरंजित दिन केवल एक तिथि नहीं है – वह एक जलती हुई स्मृति है, जो समय के साथ मिटती नहीं, बल्कि और गहरी होती जाती है. वह दिन हमें बार-बार यह याद दिलाता है कि मनुष्य को मारा जा सकता है, उसके शरीर को नष्ट किया जा सकता है, लेकिन उसके आदर्श को समाप्त नहीं किया जा सकता. क्योंकि आदर्श किसी एक शरीर में सीमित नहीं होता – वह अनगिनत लोगों के भीतर फैल जाता है, चुपचाप, अदृश्य रूप से.
गुरुदास चटर्जी इसलिए आज भी लुप्त नहीं हुए हैं. वे जीवित हैं – जब कोई मजदूर अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाता है, जब कोई साधारण व्यक्ति भय को नकारकर सत्य के साथ खड़ा होता है, जब कोई प्रलोभन को ठुकराकर अपनी ईमानदारी को थामे रहता है – हर उस क्षण में वे लौट आते हैं. उनकी उपस्थिति दिखाई नहीं देती, पर महसूस होती है – एक शक्ति के रूप में, एक साहस के रूप में.
निरसा की कोयला खदानों का अंधकार आज भी उतना ही गहरा है, लेकिन उसी अंधकार के भीतर कहीं एक प्रकाश जलता रहता है. वह प्रकाश किसी कृत्रिम चमक का नहीं – वह एक ऐसे मनुष्य के जीवन से निकला है, जिसने अपने तरीके से राह दिखाई थी.
वही प्रकाश आज भी मार्ग दिखाता है, दिशा देता है, और यह स्मरण कराता है – अंधकार कितना भी गहरा हो, प्रकाश बुझता नहीं.
गुरुदास चटर्जी इसलिए केवल एक व्यक्ति नहीं हैं. वे एक चरित्र हैं – जिसमें दृढ़ता है. वे एक चेतना हैं – जो मनुष्य को जगाती है. वे एक इतिहास हैं – जो रक्त से लिखा जाता है, लेकिन समय के साथ अमर हो जाता है. उनका जीवन एक अग्निस्मृति है – जो जलाती नहीं, बल्कि आलोकित करती है.