स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीएचसी, पुनपुन को स्थानांतरित करने के निर्णय के विरोध में पुनपुन नगर पंचायत की जनता पिछले तीन दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रही थी. स्थानीय विधायक का. गोपाल रविदास भी दो दिनों से जनता के साथ धरना स्थल पर मौजूद रहकर उसे समर्थन दे रहे थे.
4 सितंबर 2025 को विधायक के प्रयासों से सिविल सर्जन, पटना स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर धरना समाप्त करने की अपील की. लेकिन लोग लिखित आश्वासन मिलने तक धरना जारी रखने की घोषणा की. विधायक के हस्तक्षेप से अंततः सिविल सर्जन, पटना ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि पुनपुन पीएचसी पूर्ववत यथास्थान पर ही संचालित होगा और इसे कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा. लिखित आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त हुआ. धरना-प्रदर्शन में पप्पू चंद्रवंशी, दिलीप यादव, श्याम, मनोज कुमार, विजय यादव, इत्यादि ने नेतृत्वकारी भूमिका निभायी.
उसी तरह, नगर पंचायत, पुनपुन द्वारा अतिक्रमण के नाम पर फुटपाथी दुकानदारों को हटाए जाने की सूचना पर विधायक गोपाल रविदास पुनपुन बाजार पहुंचे. उन्होंने फुटपाथी दुकानदारों के साथ पुनपुन धर्मशाला में एक दिवसीय बैठक की. बैठक में विधायक गोपाल रविदास के नेतृत्व में फुटपाथी दुकानदार संघ का गठन किया गया, जिसमें पप्पू चंद्रवंशी, दिलीप यादव, मिथिलेश, मनोज कुमार, श्याम, राजेश्वर, विजय यादव, मो. रिजवान, बुद्धू यादव, सत गुरु (पूर्व मुखिया) नगर पंचायत के चेयरमैन सहित दर्जनों दुकानदार शामिल हुए.
इस दौरान विधायक ने नगर पंचायत पदाधिकारी ऋचा से मुलाकात कर कहा कि पर्व का समय होने के कारण इस समय फुटपाथी दुकानदारों को हटाना उचित नहीं है. विधायक की पहल पर नगर पंचायत पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि फिलहाल किसी भी फुटपाथी दुकानदार को नहीं हटाया जाएगा. सभी फुटपाथी दुकानदार पहले की तरह दुकान लगा सकते हैं. अगली बैठक में उनके पुनर्वास पर निर्णय लिया जाएगा.
इस निर्णय से फुटपाथी दूकानदारों ने राहत महसूस करते हुए विधायक के प्रति गहरा आभार जताया है.