वर्ष 34 / अंक-34 / निर्भया की याद में आइसा ने निकाला कैंडल मार्च

निर्भया की याद में आइसा ने निकाला कैंडल मार्च

निर्भया की याद में आइसा ने निकाला कैंडल मार्च

16 दिसंबर 2025 को प्रयागराज में ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) द्वारा निर्भया हत्याकांड की याद में विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास से बालसन चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा तक मार्च निकाला गया.

कार्यक्रम के दौरान ही महिला छात्रावासों की दो से तीन वार्डनों ने हॉस्टल के मेन गेट पर आकर लड़कियों को इकट्टा होने से रोका और उनको कार्यक्रम में शामिल नहीं होने दिया.

मार्च की शुरुआत महिला छात्रावास पर एक संक्षिप्त सभा करके की गई जिसमें छात्र-छात्राओं ने कविताओं और गीतों की प्रस्तुति की. इस दौरान आइसा प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड मनीष कुमार ने अपनी बात करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा मर्दवाद और पितृसत्ता को पोषित किया जा रहा है जिसके कारण देश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है और इस पर रोक लगाने की बजाय अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है.

कार्यक्रम का संचालन आइसा इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष सोनाली ने किया. उन्होंने कहा कि देश में फासीवादी सत्ता है और इसका सबसे बड़ा हमला महिलाओं पर ही है. महुआ और साक्षी ने गीत प्रस्तुत किया.


छात्रों ने कहा कि सन 2012 में हुआ दिल्ली गैंगरेप निर्भया रेप कांड के नाम से जाना जाता है. जिस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था लेकिन उसके बाद से इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ ही रही हैं. पिछले साल पश्चिम बंगाल में हुई आरजी कर मेडिकल रेप केस से लेकर के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय बीएचयू रेप कांड जैसी तमाम बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की. इसके साथ ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय की महिला छात्रावास में लगाई गई बंदी को हटाने की मांग की गई.

इस कार्यक्रम में पूजा, जैनब, आकांक्षा, अनन्या, आशीष, अविराम, श्वेतांक आदि ने कविताएं पढ़ीं. इस कार्यक्रम में भानु, विवेक, शशि भूषण, सुधीर, अमित, मानवेन्द्र, सुजीत, गोविंद, प्रदीप्त, रितेश, अभिनव, कुलदीप, रूपम, प्रतिमा, शिवानी, बंदना, शिल्पी, शुभम, पूजा साहनी, शिवांगी, विकास, अनुज, केतन, आर्यन आदि छात्र-छात्राएं, शोधार्थी शामिल रहे.

20 December, 2025