वर्ष 35 / अंक - 46-47 / संघ ब्रिगेड की दिवाली: भागवत ने धुएं का जश्न मनाया...

संघ ब्रिगेड की दिवाली: भागवत ने धुएं का जश्न मनाया, मोदी ने ‘दिमागी नक्सलियों’ पर भड़ास निकाली, और शाह-फड़णवीस ने गोकुल डेयरी पर कब्जा किया

संघ ब्रिगेड की दिवाली: भागवत ने धुएं का जश्न मनाया, मोदी ने ‘दिमागी नक्सलियों’ पर भड़ास निकाली, और शाह-फड़णवीस ने गोकुल डेयरी पर कब्जा किया

भारत के बड़े हिस्सों में दिवाली पारंपरिक रूप से रोशनी का त्योहार मानी जाती है. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसे शोर और धुएं के उत्सव के रूप में बदला जा रहा है. नागरिकों के विरोध और कभी-कभार आने वाले अदालती फैसलों के बावजूद हर साल धुआं और घना तथा शोर असहनीय होता जा रहा है. दिल्ली और भारत के शहरी इलाकों, खासकर बड़े शहरों में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक गिर रही है, जिसके पीछे कई कारण हैं. अब नागरिकों को सांस लेने के अपने अधिकार के लिए लड़ना होगा, लेकिन संघ ब्रिगेड के लिए वायु और ध्वनि प्रदूषण की शिकायत ‘सनातन’ के लिए एक खतरा बन गई है – एक ऐसा शब्द जिसे वे अब हिंदू धर्म के पर्याय के बतौर लोकप्रिय बनाना चाहते हैं. भाजपा विधायकों, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों से लेकर मोहन भागवत तक, पूरा संघ ब्रिगेड अब हमें बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़ने के ‘फायदों’ और ‘आशीर्वादों’ के बारे में उपदेश देने में मशगूल है.

इस बीच, नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा बलों के विभिन्न अंगों के साथ दिवाली ‘मनाने’ का एक तरीका ही बना लिया है. वे सैन्य वर्दी पहनते हैं और इस मौके का इस्तेमाल सशस्त्र बलों के राजनीतिकरण के लिए करते हैं. इस दिवाली, मोदी को बस्तर में अर्धसैनिक बलों के साथ जश्न मनाते देखा गया, जहां महिला अधिकारी ताली बजाते हुए प्रधान मंत्री के चारों ओर नाच रही थीं. उन्होंने ‘दिमागी नक्सलियों’ के खिलाफ फिर से भड़ास निकाली – यह शब्द उन्होंने इस साल स्वतंत्रता दिवस के भाषण में गढ़ा था जिसे वे अपने ‘आंतरिक दुश्मनों’ की लंबी सूची में शामिल करते हैं. लोगों को शांति और खुशी की शुभकामनाएं देने के बजाय, प्रधान मंत्री ने इस त्योहार का इस्तेमाल अर्धसैनिक बलों को देश में असहमति जताने वालों और सार्वजनिक आंदोलनों के खिलाफ भड़काने के लिए किया.

जब मोदी सशस्त्र बलों को सत्ता से जवाबदेही मांगने के लिए अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करने वाले नागरिकों के खिलाफ उकसा रहे थे, तब महाराष्ट्र के मुख्य मंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह – जो देश में सहकारी नेटवर्क की देखरेख भी करते हैं – चुनावी चोरी का एक और अध्याय लिख रहे थे. सत्ता हथियाने के एक बेशर्म मामले में, महाराष्ट्र सरकार ने एक सहकारी चुनाव के नतीजों को पलट दिया, ताकि बीजेपी एक ऐसी शक्शिाली दूध सहकारी संस्था पर कब्जा कर सके जिसका सालाना टर्नओवर 4,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है. कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ, जिसे ‘गोकुल डेयरी’ के नाम से जाना जाता है, के 25-सदस्यीय बोर्ड में कांग्रेस के नेतृत्व वाले पैनल ने 13 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल किया था. इस जनादेश को पलटने के लिए महाराष्ट्र सरकार एक अध्यादेश ले आई, जिसके जरिए वोटिंग अधिकारों वाले चार और निदेशकों को नामित किया गया. और इस तरह, वर्धित 29-सदस्यीय बोर्ड में भाजपा की 16-13 से जीत सुनिश्चित कर दी गई. हाई कोर्ट ने इस खुली चुनावी डकैती पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है.

पर्दे के पीछे और भी बहुत कुछ चल रहा है. जिस सरकार ने विपक्षी नेताओं, खोजी पत्रकारों और असहमति रखने वाले नागरिकों के फोन टैप करने के लिए इजरायली जासूसी तकनीक ‘पेगासस’ का इस्तेमाल किया था, उसने अब एक कदम और आगे बढ़ते हुए निगरानी के ऐसे और भी उपकरण हासिल कर लिए हैं, जिनसे लगभग किसी भी फोन से डेटा चुराया जा सकता है. गृह मंत्री अमित शाह देश के कानूनों और अपनी ही सरकार के नियमों को तोड़-मरोड़ रहे हैं, ताकि इस तरह की निगरानी तकनीक खरीदी जा सके. हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए आन्दोलनों के दौरान न केवल कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को बेरहमी से जबरन हिरासत में लिया गया, बल्कि कई लोगों ने यह भी शिकायत की कि पुलिस ने उनके फोन छीन लिए थे. पेगासस तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ फोन टैप करने के लिए ही नहीं, बल्कि झूठे इलेक्ट्राॅनिक सबूत गढ़ने के लिए भी किया गया ताकि कार्यकर्ताओं, वकीलों और विद्वानों को भीमा-कोरेगांव जैसे बदनाम मामलों में साजिश रचने के आरोप में फंसाया जा सके. यह समझना मुश्किल नहीं है कि इस ताजा जासूसी घोटाले के जरिए फासीवाद-विरोधी कार्यकर्ताओं के खिलाफ किस तरह की साजिशें रची जा रही हैं.

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में दिवाली के बाद पारंपरिक रूप से छठ का लोकप्रिय त्योहार मनाया जाता है, जो अब भारत के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी तेजी से फैल रहा है. ‘फूट डालो और राज करो’ की औपनिवेशिक राजनीति में माहिर संघ ब्रिगेड ने अब छठ जैसे लोकप्रिय त्योहार को अपनाना और इसे अन्य त्योहारों व संस्कृतियों के खिलाफ खड़ा करना शुरू कर दिया है. इस खतरनाक रणनीति का सबसे स्पष्ट उदाहरण पश्चिम बंगाल में देखा जा सकता है, जहां हाल ही में आई भाजपा सरकार ने पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े त्योहार ‘शरदोत्सव’ या दुर्गा पूजा को कमजोर करने की हर संभव कोशिश की, जबकि छठ त्योहार को सरकारी संरक्षण और बढ़ावा दिया. इसका नतीजा यह हुआ कि बंगला-हिंदी या बंगाल-बिहार के बीच एक दरार पैदा हो गई है, ‘शरदोत्सव’ और छठ के बीच एक सांस्कृतिक विभाजन या टकराव दिखने लगा है. इस विभाजन का सबसे बड़ा फायदा भाजपा को, खासकर उसकी बंगाल इकाई को, मिलता दिख रहा है. वे खुद तो सुरक्षित बच जाते हैं, जबकि पश्चिम बंगाल के लोगों का गुस्सा बिहार, बिहारियों और बिहारी संस्कृति की ओर मुड़ जाता है.

दिवाली से लेकर छठ तक, संघ ब्रिगेड अपने नफरत, लूट और ‘फूट डालो-राज करो’ के खतरनाक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए त्योहारों का इस्तेमाल कर रही है. इस साजिश में फंसने के बजाय आज जरूरत इस बात की है कि भारत की सांस्कृतिक विविधता का सम्मान किया जाए, और लोकप्रिय त्योहारों को हथियाने की इस फासीवादी चाल को बेनकाब करके उसका मुकाबला किया जाए.

14 November, 2026