वर्ष 35 / अंक - 15 / बिहार में अपराध राज : जहानाबाद में 5 साल के छात्र...

बिहार में अपराध राज : जहानाबाद में 5 साल के छात्र आशु कुमार की नृशंस हत्या

बिहार में अपराध राज : जहानाबाद में 5 साल के छात्र आशु कुमार की नृशंस हत्या

जहानाबाद जिले के कड़ाउना पुलिस थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में स्थित एक निजी आवासीय गुरुकुल स्कूल के भीतर 5 साल के बच्चे, आशु कुमार की नृशंस हत्या ने व्यापक आक्रोश और शोक की लहर पैदा कर दी है. इस घटना ने निजी आवासीय स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा में गंभीर कमियों को उजागर कर दिया है.

भाकपा(माले) नेताओं की एक टीम ने 6 अप्रैल को घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. टीम में राज्य कमेटी के सदस्य रामधार सिंह और मुकेश पासवान शामिल थे. टीम के निष्कर्ष हतप्रभ कर देने वाले हैं जो एक सुनियोजित बर्बर कृत्य की ओर इशारा करते हैं.

बुलाकी बीघा गांव के हरदेव यादव और सिताबी देवी के 5 वर्षीय बेटे आशु कुमार को 1 अप्रैल को गुरुकुल स्कूल के हॉस्टल में भर्ती कराया गया था. उसका बड़ा भाई, 7 वर्षीय रिशु कुमार, पहले से ही वहां रह रहा था. 5 अप्रैल की रात को, दोनों भाइयों को अलग-अलग कमरों में सुलाया गया. 6 अप्रैल की सुबह, स्कूल प्रशासन ने परिवार को सूचित किया कि बच्चे की हालत गंभीर है.

जब परिवार स्कूल पहुंचा, तो उन्होंने बच्चे को एक कमरे के अंदर नग्न और खून से लथपथ पाया. वह बुरी तरह घायल था और उसने इशारों में बताने की कोशिश की कि उसके साथ क्या हुआ था. परिवार उसे तुरंत कनौदी स्थित महावीर इमरजेंसी अस्पताल ले गया. वहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया जहां एक निजी अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

जांच टीम के सामने परिवार द्वारा साझा किए गए विवरण क्रूरता की हद को दर्शाते हैं – बच्चे के दोनों गुर्दों के पास गहरे घाव थे, गला रेता गया था, गुप्तांग काट दिया गया था और दाहिनी आंख के पास भी गंभीर चोट थी. चोटों की प्रकृति से यह साबित करती थी कि उसकी हत्या अत्यंत क्रूर और अमानवीय तरीके से की गई थी.

बुलाकी बीघा, गुहारी पार, कनौदी, मुथेर, लोदीपुर और आसपास के इलाकों के आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए 6 अप्रैल को राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया जो जहानाबाद के अनुमंडलाधिकारी से आश्वासन मिलने के बाद ही हटाया जा सका. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच, पटना भेज दिया. भाकपा(माले) टीम के पहुंचने से पहले ही स्कूल में ताला लगा दिया गया था और सभी बच्चों को घर भेज दिया गया था. इससे और भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. लोदीपुर गांव के पश्चिम में स्थित यह गुरुकुल स्कूल गुहारी पार के एक व्यक्ति द्वारा – नालंदा जिले के परवलपुर में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से – किराए की जगह पर चलाया जा रहा है. बुचाकी बीघा गांव में लगभग 80 यादव परिवार और 20 पासवान परिवार रहते हैं. पीड़ित के परिवार और 100 वर्षीय परदादा जगन्नाथ यादव सहित पूरा गांव गहरे सदमे में है.

भाकपा(माले) जांच टीम ने इस घटना की न्यायिक जांच कराने, इसके लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उन्हें अधिकतम सजा देने, पीड़ित बच्चे के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निजी आवासीय स्कूलों का कड़ा विनियमन और निगरानी बहाल करने की मांग की है.

इस घटना ने भाजपा-जदयू शासन के तहत स्कूली बच्चों की सुरक्षा में गंभीर प्रशासनिक विफलता और बढ़ती असुरक्षा को उजागर किया है.


11 April, 2026