वर्ष 34 / अंक-23 / ट्रंप टैरिफ, साम्राज्यवादी मुल्कों से मुक्त व्यापा...

ट्रंप टैरिफ, साम्राज्यवादी मुल्कों से मुक्त व्यापार समझौते और व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन

संयुक्त किसान मोर्चा व केंद्रीय ट्रेड यूनियन के आह्वान पर ‘कॉर्पारेट भारत छोड़ो’ के नारे के साथ 13 अगस्त 2025 को पूरे देश में आयोजित हुए विरोध दिवस का पालन करते हुए विविध कार्यक्रम आयोजित हुए.

economic-and-trade-agreement

संयुक्त किसान मोर्चा व केंद्रीय ट्रेड यूनियन के आह्वान पर ‘कॉर्पारेट भारत छोड़ो’ के नारे के साथ 13 अगस्त 2025 को पूरे देश में आयोजित हुए विरोध दिवस का पालन करते हुए विविध कार्यक्रम आयोजित हुए. इन कार्यक्रमों के जरिये ट्रंप के टैरिफ डंडे और ब्रिटेन से सीइटीए आर्थिक समझौते के खिलाफ प्रतिरोध दर्ज कराते हुए राष्ट्रपति महोदया के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया.

बिहार की राजधानी पटना में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं संयुक्त किसान मोर्चा ने लगातार वर्षा के बावजूद स्थानीय जीपीओ गोलम्बर से बुद्ध स्मृति पार्क तक मार्च निकाला. मार्च में मजदूर-किसान संगठनों के दर्जनों नेताओं-कार्यकर्ताओं ने शिरकत की. मौके पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एवं भारत के पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया. इस कार्यक्रम में ऐक्टू की ओर से राज्य महासचिव आरएन ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसके शर्मा, राज्य सचिव मुकेश मुक्त, भाकपा-माले के पटना महानगर सचिव जितेंद्र कुमार, एआईकेएम के राज्य सचिव उमेश सिंह, खेग्रामस के प्रेमराज आनंद आदि शामिल हुए.

समस्तीपुर में स्टेशन चौक पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प एवं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया और किसान महासभा के जिलाध्यक्ष महावीर पोद्दार की अध्यक्षता में प्रतिरोध सभा आयोजित की गई. वक्ताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर लगाये गये 50% टैरिफ को वापस करने एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों पर लगाम लगाने की मांग की. सभा को किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार, प्रोफेसर उमेश कुमार, दिलीप कुमार राय, सुरेन्द्र कुमार सिंह मुन्ना, सत्यनारायण सिंह, रामचन्द्र महतो, सुनील कुमार राय, रामकुमार राय, अनिल कुमार चौधरी, उपेन्द्र राय, टिंकू यादव, फूल परी देवी, आरती देवी, रेणु देवी, गुलशन आरा सहित कई लोगों ने सम्बोधित किया. दरभंगा में किसान महासभा के बैनर तले ट्रंप -मोदी का पुतला दहन किया गया.

शेखपुरा में अखिल भारतीय किसान महासभा और ऐक्टू के संयुक्त बैनर से शहर के पटेल चौक से विरोध मार्च निकाला गया और समाहरणालय के गेट पर पहुंच कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाया गया. कार्यक्रम में मौजूद भाकपा(माले) के जिला सचिव विजय कमुर विजय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के संप्रभुता का बिना ध्यान रखे साम्राज्यवादी देशों के सामने घुटने टेक दिया है. अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव कमलेश मानव ने कहा कि देश के सार्वजनिक संपत्तियों को पूंजीपतियों के हवाले करने वाले मोदी कृषि को भी कॉरपोरेटों के हाथ सौंप देना चाहते हैं. उन्होंने अरियरी प्रखड के दर्जनों गांवों के खेतों की सिंचाई के लिए किड़िहारी नदी में कचना पुल के पास छिलका और जिलवारिया गांव के पास नहर में सायफन बनवाने की मांग की. श्रमिक संगठन ऐक्टू के जिला संयोजक कमलेश प्रसाद ने कहा कि माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा कर्ज वसूली के बहाने महिलाओं को परेशान किया जा रहा है. माइक्रोफाइनेंस की जाल में फंसी महिलाओं का कर्ज अविलंब माफ किया जाना चाहिए और श्रमिक विरोधी चार श्रम कोड वापस लिये जाने चाहिए.

सैकड़ों की संख्या में उपस्थित किसान-मजदूरों की सभा को किसान नेता रामकृपाल सिंह, विशेश्वर महतो, प्रवीण सिंह कुशवाहा, शिवनंदन यादव, रिक्की खान, राजेंद्र पासवान, जितेंद्र मांझी ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में ऐपवा नेत्री तेतरी देवी, गौरी देवी, बाबूलाल महतो, शिव रविदास, नरेश रविदास, नरेश महतो सहित कई लोग शामिल रहे.

बेतिया में समाहरणालय के समक्ष अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान ट्रंप-मोदी का पुतला दहन कर अमेरिकी साम्राज्यवाद और भारतीय सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज किया गया.

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा जिला अध्यक्ष सुनील कुमार राव ने कहा कि साम्राज्यवादी मुल्कों से मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) करना तुरंत बंद किया जाए, अमेरिका भारत पर एफटीए के लिए दबाव बनाना बंद करे, व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता सीईटीए को रद्द किया जाए, अमेरिका भारत पर लगाया गया 50% टैरिफ तत्काल वापस ले और साथ ही, बहुराष्ट्रीय कंपनियों का देश की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता पर बढ़ता नियंत्रण खत्म किया जाए.

किसान महासभा जिला नेता विनोद यादव, संजय यादव, सुरेन्द्र चौधरी, अरूण तिवारी, विनोद कुशवाहा, रामचन्द्र यादव, ठाकुर पटेल, प्रकाश मांझी, जितेंद्र राम, फरहान राजा, सुरेश दुबे, केदार राम, वीरेंद्र पासवान, भरत शर्मा, सोने लाल पासवान, मंगल चौधरी, जंगाली माझी, हाकिम अंसारी, नन्दकिशोर शर्मा सहित प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने ‘किसान-मजदूर एकता जिंदाबाद’, ‘एफटीए रद्द करो’, ‘भारत की संप्रभुता बचाओ’ जैसे नारों से समाहरणालय परिसर को गुंजायमान कर दिया.

जहानाबाद में विरोध प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय नेता रामाधार सिंह, खेत  ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र रविदास, सकलदेव यादव, बिहार राज्य किसान सभा के नेताओं – जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार, कल्लू यादव एवं शंकर दास, खेत ग्रामीण मजदूर सभा के नेता रणधीर यादव, भाकपा नेता रफीक आलम, ओमप्रकाश और मिथिलेश कुमार, किसान नेता राम प्रसाद, खेत मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष राजाराम मांझी, खेत मजदूर मोर्चा के अरविंद कुमार, अवधेश पांडे, हसनैन अंसारी आदि नेताओं ने संबोधित किया. ट्रंप व मोदी का पुतला दहन करने और क्यूबा के पूर्व प्रधानमंत्री समाजवादी नेता फिदेल कास्त्रो को उनके जन्मदिन पर याद करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया.

वैशाली जिले के लालगंज में ‘बहुराष्ट्रीय कंपनियां भारत छोड़ो’ और ‘कारपोरेट घरानों भारत छोड़ो’ के नारे के साथ पुराना पोस्ट ऑफिस चौक से तीन पुलवा चौक तक सैकड़ां महिला-पुरुष किसान कार्यकर्ताओं ने प्रतिवाद मार्च निकाला और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया.

नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सह सचिव राम पारस भारती, राज्य पार्षद प्रेमा देवी, भिखारी प्रसाद सिंह, बबलू अंबेडकर, शिव कालो देवी, हरिंदर राम, विजय ठाकुर, मो. रुस्तम, रामेश्वर राम, अखिल भारतीय किसान खेत मजदूर संगठन के नेता राजेंद्र शर्मा, त्रिभुवन राय आदि ने संबोधित किया.

भोजपुर जिले के तीन प्रखंडों में अखिल भारतीय किसान महासभा के नेताओं के द्वारा अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ  ‘बहुराष्ट्रीय कंपनियां भारत छोड़ो’, ‘भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ वापस लो’ आदि नारों के साथ प्रतिवाद मार्च निकाला गया और ट्रंप-मोदी का पुतला दहन किया गया.

पीरो प्रखंड के कार्यालय से जुलूस निकालकर बाजार होते हुए लोहिया चौक पर किसान महासभा के जिला सचिव चंद्रदीप सिंह के नेतृत्व में डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया और सभा का आयोजन किया गया.

अगियांव प्रखंड के पवना बाजार पर किसान नेता भोला यादव के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया और जगदीशपुर में किसान नेता विनोद कुशवाहा के नेतृत्व में भाकपा(माले) कार्यालय से बाजार होते हुए कुंवर सिंह हाता तक जुलूस निकाला गया और ट्रंप का पुतला दहन करने के बाद नुक्कड़ सभा आयोजित की गई. दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने के बावजूद हर जगह लोगों की अच्छी उपस्थिति रही.

नवादा में संयुक्त किसान मोर्चा एवं खेत मजदूर संगठनों ने विरोध प्रदर्शन आयोजित कर ट्रंप-मोदी का पुतला दहन किया गया. भागलपुर में किसान-मजदूर संगठनों के देशव्यापी आह्वान पर स्थानीय घंटाघर चौक पर किसान संगठनों – एआईकेएम, एआईकेएस व बीआरकेएस का संयुक्त विरोध प्रदर्शन आयोजित हुआ. मौके पर अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और भारत के पीएम मोदी का पुतला भी फूंका गया.

राजस्थान के सलूंबर में अखिल भारतीय किसान महासभा और राजस्थान निर्माण मजदूर संगठन ने प्रतिरोध सभा कर कलेक्टर के माध्यम से ट्रंप के टैरिफ डंडे और ब्रिटेन से सीइटीए आर्थिक समझौते के खिलाफ राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा.

अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला अध्यक्ष व भाकपा(माले) राज्य कमेटी सदस्य का. गौतम लाल मीणा ने कहा कि भारत के किसानों और मजदूरों पर कारपोरेट हमले किए जा रहे हैं. पूरे देश का किसान और मजदूर  इसका प्रतिरोध कर रहा है. भारत सरकार ने कारपोरेट के संरक्षण के लिए 44 मजदूर कानूनों को चार संहिताओं में बदल दिया. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के साथ किए गए व्यापार आर्थिक समझौते की समीक्षा की जाए. अमेरिका के द्वारा भारत पर बेतहाशा टैरिफ (कुल 50%) टैरिफ लगा दिया गया है तथा और भी कई तरह की पाबंदियां लगाने की धमकी दी जा रही है. यह सब क्यों? क्योंकि भारत रूस से तेल खरीदता है व भारत अपना कृषि और डेयरी बाजार भी अमेरिका की लिए नहीं खोल रहा है. भारत सरकार अमेरिकी टैरिफ धमकी को सीधे तौर पर ठुकराये.

ऐक्टू जिला अध्यक्ष शंकर लाल मीणा ने कहा कि ब्रिटेन के साथ किए गए व्यापार आर्थिक समझौते को खत्म किया जाए. हाल ही में भारत व ब्रिटेन के बीच हुई ट्रीटी को सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा व आर्थिक आत्मनिर्भरता पर सीधा हमला माना जा रहा है. इस समझौते की तत्काल समीक्षा की जाए और इसे रोका जाए.

सरवणी पंचायत सरपंच प्रतिनिधि शंकर लाल मीणा ने कहा कि किसान-मजदूरों का मानना है कि कोई भी ऐसा व्यापार समझौता नहीं होना चाहिए जो किसानों और मजदूरों को नुकसान पहुंचा सकता हो. भारत को सभी देशों के साथ स्वतंत्र व्यापार का अधिकार सुनिश्चित करना चाहिए जिसमें रूस के साथ व्यापार भी शामिल है.

किसानों ने कहा कि भविष्य के सभी समझौते संसद की निगरानी में होने चाहिए, न कि गुप्त प्रक्रिया के द्वारा. उन्होंने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन को याद करते हुए कहा कि आज भारत की संप्रभुता, स्वतंत्रता और सुरक्षा खतरे में है और इसके खिलाफ जोरदार आंदोलन छेड़ना होगा.

प्रभु लाल मेघवाल, सरपंच प्रतिनिधि शंकर लाल मीणा, लिम्बाराम, लोकेश पाया तालाब, जबीउल्लाह, जुबेर भाई सलूंबर, नानजी मीणा, धनराज भणोर, भीमराज, रामलाल, रतन भाई पाल सराड़ा व अन्य भाकपा(माले) नेताओं ने प्रतिरोध सभा को संबोधित किया व एक प्रतिनिधिमंडल के बतौर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा.

लखीमपुर खीरी के निघासन और पलिया में अखिल भारतीय किसान महासभा और किसान यूनियन टिकैत ने जलूस निकलकर ज्ञापन सौंपा. मथुरा में अखिल भारतीय किसान महासभा के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मार्च व प्रदर्शन कर जिलाधिकारी मथुरा के जरिए राष्ट्रपति के नाम 12-सूत्रीय मांगो का ज्ञापन सौंपा.

ज्ञापन में अमेरिका और इंग्लैंड से हो रहे मुक्त व्यापार को रद्द कर अमेरिका द्वारा भारत पर लगाये गये 50% टैरिफ को वापिस लेने, सीटू +50% फार्मूले पर सभी फसलों के लिये न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी करने, विजली के निजीकरण व स्मार्ट मीटर पर रोक लगाकर 300 यूनिट विजली फ्री देने, दस हजार रूपये सरकारी पेंशन देने, समग्र कर्ज माफी कर माइक्रो फाइनेंस कम्पनियों जारी उत्पीड़न पर रोक लगाने, यूपी में प्राथमिक विद्यालयों की बंदी पर रोक लगाने, पुलिस द्वारा साम्प्रदायिक हिंसा पर रोक लगाने, बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर गरीव मतदाताओं को सूची से वाहर करने पर तत्काल रोक लगाने, आदि मांगें शामिल थी.

मार्च व प्रदर्शन में भाकपा(माले) के राज्य स्थायी समिति सदस्य एडवोकेट नशीर शाह, किसान महासभा के राज्य उपाध्यक्ष नत्थी लाल पाठक, जिला अध्यक्ष डॉ. एलएन सिंह, वरिष्ठ किसान नेता बृहम सिंह, क्षेत्रपाल सिंह, विजय सिंह, मोहन लाल सैनी, एडवोकेट वीसी अग्रवाल, एडवोकेट नईम शाह, एडवोकेट नरेंद्र चौधरी, एडवोकेट अमन शाह, विवेक रियार आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.

बहुराष्ट्रीय कंपनियों के पक्ष में मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ कोडरमा जिला समाहरणालय के समक्ष संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा विरोध प्रदर्शन कर सभा की गई.

तरहसी में ‘कॉरपोरेट भारत छोड़ो’ नारे के साथ ट्रंप के टैरिफ बढ़ाने  व भारत के संप्रभुता पर हमले के विरोध में ट्रंप व मोदी का पुतला दहन करने के बाद सभा हुई.

देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसे ही कार्यक्रम हुए.


16 August, 2025