लखनऊ, 10 दिसंबर. भाकपा(माले) ने मिर्जापुर शहर कोतवाली क्षेत्र के निवासी मुस्लिम युवक (अब्दुल कुरैशी, 22) की अंतर्धार्मिक प्रेम मामले में हुई हत्या की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. युवक की बोरे में बंद लाश मंगलवार (9 दिसंबर) को शहर में गंगा किनारे महर्षि स्कूल घाट से बरामद हुई.
उक्त मांग पार्टी के दो सदस्यीय जांच दल द्वारा मृतक के शोकाकुल परिवार से भेंट करने के बाद यहां जारी बयान में की गई है. राज्य स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) की सदस्य कॉमरेड जीरा भारती के नेतृत्व में जांच दल ने मिर्जापुर में पीड़ित परिवार के घर जाकर कल मुलाकात की थी और सिटी एसपी से मिलकर न्याय की मांग की.
पार्टी ने कहा है कि अपना बेटा खोने वाले बेगुनाह मुस्लिम परिवार को सजा दी जा रही है. परिवार के अधिकांश सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सत्ताधारी दल के दबाव में मृतक के बेगुनाह व पीड़ित परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है. पार्टी ने जेल भेजे गए मृतक के परिजनों की रिहाई और असल दोषियों को सजा देने की मांग तथा उक्त घटना में मंगलवार को सिटी एसपी से मिलकर पार्टी कार्यालय लौटने के दौरान सीओ सिटी रास्ते में रोक कर कॉ. जीरा भारती से अभद्र व्यवहार की भी कड़ी निंदा की.