13 अगस्त 2025 को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भाकपा(माले) की धनबाद नगर कमिटी द्वारा निगम क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओ को लेकर प्रशासन को ध्यान आकर्षित कराते हुए रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना का कार्यक्रम किया गया.
धरना के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त, धनबाद के कार्यालय में जाकर 37-सूत्री मांग पत्र सौंपा, जिसमें यथाशीघ्र समस्याओं का निबटारा कराने की मांग की गई. इनमें नगर निगम चुनाव अविलंब कराने, साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यव्स्था को दुरुस्त करने, पूरे शहरी क्षेत्र में जर्जर सड़कों और नालियों का पुर्ननिर्माण कराने, पेयजल आपूर्ति को नियमित करने, गरीबों को आवास योजना का लाभ और निःशुल्क पानी कनेक्शन देने, 15 दिनो के अंदर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र निर्गत करने एवं हर वार्ड में स्वास्थ्य उप केन्द्र का निर्माण कराने की मांगें प्रमुखता से शामिल थीं.
भाकपा(माले) के केंद्रीय सदस्य का. निताई महतो व वरिष्ठ नेता का. हरि प्रसाद पप्पू ने कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन के दौरान कहा कि संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र मे तमाम व्यवस्था ध्वस्त है. इस वजह से जनता के अंदर मे आक्रोश व्याप्त है. धरातल पर निगम प्रशासन द्वारा की कोई ठोस योजना दिखाई नही दे रही है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाकपा(माले) जिला सचिव का. बिंदा पासवान ने कहा कि आज के कार्यक्रम के माध्यम से जनता की बुनियादी समस्याओं से निगम प्रशासन को अवगत कराया गया है. उन्हांने यह भी कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मियों की मांगें जायज हैं और प्रशासन को गंभीरता से विचार कर इसका समाधान करना चाहिए तथा सफाई कर्मियों को स्थाई रूप से बहाल करना चाहिए. अगर इस मांग पत्र पर गंभीरतापूर्वक विचार नही किया गया तो और भी व्यापक गोलबंदी कर निगम प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी.
कार्यक्रम का संचालन भाकपा(माले) के धनबाद नगर संयोजक का. विजय कुमार पासवान ने किया. कार्यक्रम में जिला सहसचिव कार्तिक प्रसाद, विजय कुमार पासवान, राणा चटराज, दिलीप राम, देवाशीष पासवान, लक्ष्मी पासवान, विश्वजीत राय, आदि नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए.