शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के मौके पर भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के लोकनायक जयप्रकाश स्मृति स्थल के समीप नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) भोजपुर के बैनर तले जिले के शिक्षक/कर्मचारियों के द्वारा एक दिवसीय धरना-उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष जय प्रकाश और संचालन जिला संरक्षक श्री उमेश कुमार सुमन के द्वारा किया गया.
जिला अध्यक्ष जय प्रकाश के द्वारा प्रमुख मांगों – एनपीएस (न्यू पेंशन स्कीम) एवं यूपीएस को वापस लेते हुए सभी शिक्षक एवं सरकारी कर्मियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने, एक ही विद्यालय में एक ही प्रकार के पाठ्यक्रम को पूरा करने हेतु नियमित शिक्षक/विशिष्ट शिक्षक/विद्यालय अध्यापक/नियोजित शिक्षक जैसे अलग-अलग संवर्ग को एकीकृत करते हुए एक संवर्ग (सहायक शिक्षक) का गठन करने एवं सबको सप्तम वेतनमान का लाभ देते हुए कृत्रिम वेतनमान के स्थान पर पूर्ण वेतनमान एवं सेवाशर्त का लाभ देने, विशिष्ट शिक्षकों/विद्यालय अध्यापकों (पूर्व नियोजित) को सेवा निरंतरता का लाभ देते हुए समस्थानिक इंडेक्स का लाभ देने एवं उनका वेतनमान निर्धारित करने, स्थानांतरण प्रक्रिया में वंचित सभी शिक्षकों को ऐच्छिक स्थानांतरण का लाभ देने और साथ ही सक्षमता-2, टीआरई-3, प्रधान शिक्षक/प्रधानाध्यापक को भी इस सुविधा से जोड़ने, शिक्षकों एवं सभी कर्मचारियों के आश्रितों को कैशलैस चिकित्सा व्यवस्था एवं दुर्घटना बीमा करने का प्रावधान करने को प्रस्तुत किया.
NMOPS की ओर से पुरानी पेंशन एवं अन्य मांगों के समर्थन में जिला प्रभारी श्री विजय सिंह आकाश, जिला संरक्षक डॉ. नीलाम्बुज सरोज, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री धर्म कुमार राम, जिला सचिव सुशील शर्मा, जिला उपाध्यक्ष श्री बंशीधर कुशवाहा, श्री शशिभूषण कुमार प्रसाद, श्री अवधेश पासवान, जिला संयुक्त सचिव श्रीमती पम्मी कुमारी, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी कुमारी, अल्का कुमारी, कुमारी अंजू, शिक्षक नेत्री शैलजा सिंह एवं श्रीमती किरण कुमारी आदि एक दिवसीय उपवास पर रहे.
पूर्व विधायक का. मनोज मंजिल ने उपवास की शुरूआत कराई जबकि उपवास कर रहे साथियों का उपवास आरा सांसद का. सुदामा प्रसाद द्वारा तुड़वाया गया. पुरानी पेंशन के साथ शिक्षकों एवं कर्मचारियों के अन्य मांगों के समर्थन में का. सुदामा प्रसाद, पूर्व विधायक मनोज मंजिल, राज्य संगठन सचिव लवकुश सिंह, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष चिंटू कुमारी, शिक्षक संघ (गोपगुट) सम्मानित जिला अध्यक्ष राजाराम प्रियदश सहित सैकडों शिक्षक-कर्मचारियों की उपस्थिति रही.