1 सितम्बर 2025 को मजदूर मुक्ति मोर्चा, पंजाब (लिबरेशन) ने मानसा जिले के ब्लॉक झुनीर में मनरेगा कार्यों को शुरू कराने की मांग पर धरना दिया. संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष कामरेड दर्शन सिंह दानेवाला, सीपीआई(एमएल) लिबरेशन की ब्लॉक सचिव बिंदर कौर और हरमेश सिंह भम्मे खुर्द के नेतृत्व में सैकड़ों मजदूरों ने बीडीपीओ ब्लॉक झुनीर के सामने धरना दिया और ज्ञापन सौंप कर रुके हुए मनरेगा कार्य तुरंत शुरू कराने, मजदूरों के काम के घंटे 8 से घटाकर 6 किए जाएँ, श्रम कानूनों में किए गए संशोधन वापस लेने, मनरेगा मेठों को स्थायी करने, और न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की मांग की. यह भी मांग किया कि सरकार छोटे किसानों की खेती को मनरेगा में लाने के लिए अधिसूचना जारी करे और फसलों के रखरखाव के लिए ग्राम पंचायतों से मांग की जाए. मनरेगा की दैनिक मजदूरी 1000 रु. हो और वर्ष में 200 दिन काम दिया जाए, मनरेगा में ठेकेदारी प्रथा बंद की जाए, पांच किलोमीटर के दायरे से ज्यादा जगहों पर काम करने पर प्रतिशत भत्ता दिया जाए, सरकार मनरेगा मजदूरों के लिए दूर जाकर काम करने के लिए साधन की व्यवस्था करे, मनरेगा में आने के दौरान नेटवर्क की समस्या का समाधान करे, बाढ़ से हुई जनहानि पर 10 लाख प्रति व्यक्ति मुआवजा दिया जाए, बाढ़ के कारण मजदूरों के मकानों की छतें गिरने से हुए नुकसान पर 5 लाख रुपये प्रति परिवार मुआवजा दिया जाए, किसानों की फसलों के नुकसान पर 70 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, बेरोजगारों को दिए गए झूठे कागजात रद्द किए जाएं तथा योग्यता अनुसार रोजगार की गारंटी दी जाए.
उपरोक्त धरना कार्यक्रम को सीपीआई(एमएल) लिबरेशन के केंद्रीय कमेटी सदस्य का. राजविंदर राणा, मजदूर मुक्ति मोर्चा पंजाब के जिला अध्यक्ष का. बलविंदर सिंह घरंगा, अंग्रेज सिंह घरंगा, धर्मपाल नीता भीखी, निरंजन सिंह माखा, लाभ सिंह माखा, गुरसेवक सिंह मान आदि नेताओं ने सम्बोधित किया.