वर्ष 35 / अंक - 02 / उत्तरप्रदेश का योगी प्रशासन का. सुधाकर यादव व का....

उत्तरप्रदेश का योगी प्रशासन का. सुधाकर यादव व का. जीरा भारती को तत्काल रिहा करे!

उत्तरप्रदेश का योगी प्रशासन का. सुधाकर यादव व का. जीरा भारती को तत्काल रिहा करे!

नई दिल्ली  3 जनवरी 2026

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी(माले) की केन्द्रीय कमेटी पार्टी के उत्तर प्रदेश राज्य सचिव एवं पार्टी के केन्द्रीय कमेटी सदस्य कामरेड सुधाकर यादव एवं उत्तर प्रदेश राज्य कमेटी सदस्य कामरेड जीरा भारती की उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में योगी प्रशासन द्वारा तानाशाहाना तरीके से की गई गिरफ्तारी की कड़ी भर्त्सना करती है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग करती है. आज दिन में करीब 3.30 बजे दोनों साथियों को चुनार के अदलहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिना कोई कारण बताये एवं बगैर कोई वारंट दिखाये गिरफ्तार कर लिया है. योगी की पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें किस कारण, या किस मामले में ले जाया जा रहा है. यह भी नहीं पता चला है कि इन नेताओं को कहां ले जाया गया है. दोनों साथी बनारस में एक दिवंगत साथी की अंत्येष्टि में शामिल होकर वापस लौट रहे थे.

का. सुधाकर यादव व का. जीरा भारती मिर्जापुर जिला में वनाधिकार कानून के तहत वहां के आदिवासियों के वनाधिकारों को बहाल करने, उनका विस्थापन रोकने व बुलडोजर वापस कराने के संघर्ष का नेतृत्व कर रहे हैं. आज तड़के भी जिले में लालगंज के तेंदुआ खुर्द (आदिवासी बस्ती) में वन विभाग द्वारा बुलडोजर कार्रवाई की गई है, जिसमें कुछ व्यक्तियों के घायल होने की भी सूचना मिली है.

एक दिन पहले ही आदिवासियों को वनाधिकार कानून के तहत दावा दाखिल करने वालों को जमीन पर मालिकाना देने, पुस्तों से बसे एवं खेती करते आ रहे आदिवासियों-वनवासियों को उनकी जमीन और मकान से बेदखली रोकने, और वन विभाग एवं प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न रोकने की मांग के साथ प्रशासन के समक्ष प्रदर्शन किया गया था. इस प्रदर्शन के माध्यम से वन विभाग की जमीनों पर भूमाफिया द्वारा सगठित रूप से प्रशासन की मिलीभगत से कब्जा करने का भी विरोध किया गया था.

भाकपा(माले) की उत्तर प्रदेश राज्य कमेटी ने बताया है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कमिश्नर कार्यालय विन्ध्याचल मंडल के प्रशासनिक अपर कमिश्नर के अश्वासन के बाद भी वन विभाग के कर्मी जबरदस्ती आदिवासी बस्ती में रात मे करीब 2 बजे लहलहाती फसलों को उजाड़ने के लिए आ गए. जब इसका विरोध गांव वालों ने किया तो उन पर हमला कर दिया गया और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया. जबकि अपर कमिश्नर विंध्याचल मंडल द्वारा बुलडोजर ना चलने का आश्वासन दिया गया था. बिना किसी नोटिस/सूचना दिए जबरदस्ती लहलहाती फसलों को उजाड़ा जा रहा है.

भाकपा(माले) दोनों साथियों की तत्काल रिहाई और बुलडोजर कार्यवाही को तत्काल रोकने की मांग करती है. 

केंद्रीय कमेटी, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन

10 January, 2026