वर्ष 35 / अंक - 02 / वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले का देशव्यापी प्रतिवाद

वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले का देशव्यापी प्रतिवाद

वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले का देशव्यापी प्रतिवाद

5 जनवरी 2026 (सोमवार) को लखनऊ, रांची और पटना समेत कई शहरों में वेनेजुएला पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में किए गए आपराधिक हमलावर युद्ध, राजधानी काराकस को निशाना बनाकर की गई क्रूर बमबारी, सैन्य हमले तथा अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर देश से बाहर ले जाने की घटना के खिलाफ प्रतिवाद मार्च हुए. 

रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर वाम दलों – भाकपा(माले), भाकपा और माकपा – समेत कई सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों ने वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई और राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तारी का विरोध करते हुए वेनेजुएला की संप्रभुता बनाये रखने के समर्थन और अमेरिकी साम्राज्यवाद के विरोध के पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया.

वामदलों के नेताओं ने वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई को लेकर अब तक भारत के स्टैंड की भर्त्सना करते हुए कहा कि पहले विश्व पटल पर भारत अपना स्टैंड बेहद मजबूती से रखता था लेकिन अब भारत के विदेश विभाग का जो बयान आया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है.

माकपा के झारखंड राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि जिस तरह से आधी रात को अमेरिकी कार्रवाई हुई है, उससे साफ है कि अमेरिका ने ना केवल लोकतंत्र की हत्या की है बल्कि यूएन चार्टर की भी अवहेलना की है. प्रकाश विप्लव ने कहा कि आज अमेरिका, यूरोप और अन्य जगहों पर लोकतंत्र को चाहने वाले लोग अमेरिकी कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं.

भाकपा(माले) नेत्री नंदिता ने कहा कि आर्थिक अस्थिरता की स्थिति से जूझ रहा अमेरिका, स्वतंत्र देशों के निर्वाचित राष्ट्रपति पर हमला बोलता है, जिसका विरोध होगा.

भाकपा नेता अजय सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार को यह बताना होगा कि वह वेनेजुएला के निर्वाचित राष्ट्रपति मादुरो के साथ है या फिर अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के साथ.

गिरिडीह में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया.

लखनऊ में वामदलों ने परिवर्तन चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध प्रदर्शन किया और विदेश मंत्री भारत सरकार व अमेरिकी राजदूत को सम्बोधित दो सूत्रीय मांग पत्र एसीएम प्रथम श्रीचन्द कान्त तिवारी को सौंपा.

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत अपराह्न 1 बजे भाकपा(माले) के जिला प्रभारी और राज्य स्टेंडिंग कमेटी के सदस्य कॉ. रमेश सिंह सेंगर, भाकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉ. कांति मिश्रा, माकपा की जिला सचिव मंडल सदस्य कॉ. प्रवीण सिंह, फारवर्ड ब्लाक के प्रदेश नेता कॉ. उदय नाथ सिंह के नेतृत्व में वाम दलों के कार्यकर्ता लाल झंडां से के साथ ‘अमेरिकी साम्राज्यवाद, मुर्दाबाद’, ‘वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को रिहा करो’, ‘अमेरिकी गुंडागर्दी नहीं चलेगी’ आदि नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर वहां एक सभा आयोजित की.

इस अवसर पर इनौस के प्रान्तीय नेता राजीव गुप्ता, ऐक्टू के जिला मंत्री कुमार मधुसूदन मगन, आइसा के नेता शान्तम निधि, इंसाफ मंच के नेता और उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता मो. कामिल खां, किसान नेता केके चतुर्वेदी, एसएफआई के मो. बहाव, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक की नेता डा. आरती समेत कई नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रयागराज में भाकपा(माले), भाकपा और माकपा वाम दलों के जिला सचिवों क्रमशः सुनील मौर्य, नसीम अंसारी और अखिल विकल्प ने संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर वेनेजुएला पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में किए गए आपराधिक हमलावर युद्ध, राजधानी काराकस को निशाना बनाकर की गई क्रूर बमबारी, सैन्य हमले तथा अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर देश से बाहर ले जाने की घटना की पुरजोर निंदा की.

पटना में एआइपीएफ के बैनर तले बुद्ध स्मृति पार्क के समक्ष इकट्ठा होकर जोरदार प्रतिवाद आयोजित किया गया.

कमलेश शर्मा के संचालन में हुई विरोध सभा को खेग्रामस के महासचिव धीरेंद्र झा, सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कृष्ण, एमएलसी शशि यादव, किसान नेता शंभूनाथ मेहता, कुमार परवेज, दिव्या गौतम, आइसा नेत्री सबा आफरीन, पूर्व विधायक गोपाल रविदास सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया.

मौके पर भाकपा(माले) के वरिष्ठ नेता केडी यादव, किसान महासभा के राज्य सचिव उमेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता पंकज श्वेताभ, पटना नगर सचिव जितेंद्र कुमार, आफ्शा जबीं, पुनीत पाठक, आशुतोष कुमार, मुर्तजा अली, अनय मेहता, राखी मेहता, सहित कई लोग मौजूद थे.


10 January, 2026