पार्टी के पूर्व महासचिव का. विनोद मिश्र के निधन की 27वीं बरसी पर जमुई जिले के बरहट प्रखंड के धीरणपुरी में कार्यक्रम आयोजित हुआ. कामरेड बिनोद मिश्र समेत अन्य शहीदों को दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि देने के बाद शंभू मांझी की अध्यक्षता में आयोजित सभा में में ऐपवा नेत्री किरण गुप्ता ने संकल्प पत्र का पाठ किया
भाकपा(माले) के जमुई जिला कमेटी सदस्य मो. हैदर ने कहा कि अभी गरीबों के आशियाने पर भाजपा का बुलडोजर चल रहा है, उसे हर हाल में रोका जायेगा. सभा में तुलसी मांझी, मो. अनवर, रूबी देवी, मंती देवी, रंजू देवी, बिन्दु देवी, लालो देवी, रमनी देवी, रेखा देवी, शंकर दास, शरीफ मांझी, अनिल मांझी, गुलशन मांझी, प्रेम मांझी आदि लोग मौजूद हुए.
मुजफ्फरपुर पार्टी जिला कार्यालय में कार्यकर्ता संकल्प सभा का आयोजन किया गया. कार्यकर्ताओं ने लाल सलाम और क्रांतिकारी श्रद्धांजलि पेश करते हुए सभी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने तथा बुलडोजर राज के खिलाफ चौतरफा संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया. सकरा में भुखमरी और तंगहाली के शिकार तीन बेटियों के साथ पिता अमरनाथ राम द्वारा आत्महत्या कर लेने के हृदयविदारक घटना के लिए डबल इंजन की सरकार को जिम्मेवार ठहराया गया.
संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पार्टी जिला सचिव कृष्णमोहन ने कहा कि 1990 के दशक में संघ-भाजपा के बढ़ते खतरनाक हमलों के चुनौतीपूर्ण दौर का मुकाबला करने के लिए पार्टी को तैयार करने तथा पार्टी को राष्ट्रव्यापी आयाम दने में का. विनोद मिश्रा ने एक शानदार, गौरवशाली कम्युनिस्ट विरासत प्रस्तुत की है. आज के नाजुक राजनीतिक दौर में हमें उसी बुनियादी ताकत और जुझारूपन को और मजबूती से दोबारा साबित करने की जरूरत है.
इस अवसर पर पार्टी की केन्द्रीय कमिटी द्वारा जारी संकल्प पत्र का पाठ वरिष्ठ कम्युनिस्ट कार्यकर्ता मनोज कुमार वर्मा ने किया. संकल्प सभा को मो. शाहनावाज नौशाद ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर पार्टी की महिला नेत्री शारदा देवी, सच्चिदानंद राय, सुरेश ठाकुर, राजकिशोर प्रसाद, विजय गुप्ता, इंकलाबी नौजवान सभा के शफीकुर रहमान, सहारा संघर्ष मोर्चा के राज्य अध्यक्ष ललित कुमार आदि सहित बडी संख्या में महिला कार्यकता मौजूद रहे.
पटना जिले में मसौढ़ी अनुमंडल कार्यालय सहित कई जगहों पर आयोजित संकल्प बैठकों में 18 से 24 दिसंबर तक सदस्यता भरती व नवीकरण तथा पार्टी मुखपत्र समकालीन लोकयुद्ध का ग्राहक बनाने; चुनाव में आए वोटों की बुथ स्तर पर समीक्षा करने; ब्रांच व लोकल कमेटियों के पुनर्गठन हेतु ब्रांच व गांव की बैठक का अभियान चलाने का संकल्प लिया गया.
भाकपा(माले) जिला सचिव का. अमर में पुनपुन के नीमा व नुरीचक आयोजित बैठकों को संबोधित करते हुए पार्टी को हर मोर्चे पर, हर संभव तरीके से मजबूत करने व उसे संगठित, गतिशील, अडिग व जुझारू बनाने का आह्वान किया. जिले के सभी 535 ब्रांचों में 18 से 24 दिसबंर के बीच बैठक होगी और गांव स्तर पर बैठक कर संगठन की मजवुत करने पर जोर दिया जाएगा. मसौढी, धनरूआ, पुनपुन, पालीगंज, दुल्हिनबाजार, विक्रम व बिहटा समेत सभी प्रखंडों में विभिन्न नेताओं ने ऐसी ही बैठकों में हिस्सा लिया.
भागलपुर में स्थानीय सुरखीकल यूनियन कार्यालय में पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने का. विनोद मिश्र को लाल सलाम, साम्प्रदयायिक-फासीवादी ताकतों को शिकस्त दो, शहीदों के सपनों का भारत बनाओ, भाकपा(माले) को हर मोर्चे पर-हर संभव तरीके से मजबूत करो आदि गूंजते नारों के बीच उनकी तस्वीर पर सामूहिक रुप से पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उनकी याद में दो मिनट का मौन रखा और पार्टी की केंद्रीय कमिटी द्वारा जारी संकल्प पत्र का सामूहिक पाठ किया. इसके पहले पार्टी का झंडा फहराया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा(माले) के नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल ने की.
कार्यक्रम को भाकपा(माले) के राज्य कमिटी सदस्य एसके शर्मा, जिला सचिव महेश प्रसाद यादव, ऐक्टू के राज्य सचिव व पार्टी के नगर प्रभारी मुकेश मुक्त आदि ने मुख्यतः संबोधित किया.
सारण (छपरा) जिले के पानापुर प्रखंड के भोराहन में आयोजित संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) जिला सचिव सभापति राय ने कहा कि आज के दौर में बिहार में गरीबों को बुलडोजर के जरिए घर से बेदखल किया जा रहा है, उसके खिलाफ संघर्ष किया जायेगा. प्रखंड सचिव अनुज कुमार दास की अध्यक्षता में प्रखंड कमिटी की बैठक आयोजित कर पार्टी को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान चलाने, पंचायत सम्मेलन करते हुए जिला सम्मेलन को सफल बनाने पर भी जोर दिया गया.
मधुबनी जिले के जयनगर में का. मुस्तफा की अध्यक्षता में संकल्प सभा आयोजित की गई संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) के प्रखंड सचिव भूषण सिंह ने कहा कि का. विनोद मिश्र हमेशा शोषित-पीड़ित जनता के हक-अधिकार के लिए संघर्ष करते रहे. उन्होंने देश के अंदर मोदी सरकार के द्वारा किसानों-मजदूरों के ऊपर फासीवादी हमले खासकर नए चार लेबर कोड के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान किया.
सुपौल अनुमंडल के किशनपुर प्रखड अंतर्गत लोहिया चौक में एक श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. सभा की शुरुआत का. विनोद मिश्र के चित्रा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट के मौन के साथ हुई. एरिया सचिव कलाधर प्रसाद यादव ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि का. विनोद मिश्र का जीवन संघर्ष, त्याग और वैचारिक दृढ़ता का प्रतीक है, जिनसे आज भी पार्टी को दिशा मिलती है.
जिला सचिव का. जय नारायण यादव ने कहा कि काविनोद मिश्र ने नक्सलबाड़ी आंदोलन को जनआंदोलन, लोकतांत्रिक संघर्ष और संगठन निर्माण की दिशा दी. उन्होंने कहा कि आज जब जनविरोधी नीतियां तेजी से लागू की जा रही हैं, तब विनोद मिश्र के विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं. का. अनिल कुमार ने कहा कि विनोद मिश्र का पूरा राजनीतिक जीवन गरीबों, दलितों, किसानों और मेहनतकशों के हक की लड़ाई को समर्पित रहा. उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के सवाल को वर्ग संघर्ष से जोड़ने का काम किया. नेताओं ने का. विनोद मिश्र के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं को आंदोलन से जोड़ने पर जोर दिया. मौके पर डा. देवेंद्र कुमार, मो. शाबिर, संजय कुमार झा, अमरनाथ दास, मंगल सदा, तेतर चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, मो. कलीम, अभिमन्यु कुमार आदि मौजूद थे.
लखनऊ (उप्र) में अनेक जगहों पर पार्टी की ओर से लाल झंडा रोहण करके संकल्प सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आरंभ पार्टी के लाल कुआं कार्यालय लेनिन पुस्तक केंद्र में हुआ. इस अवसर पर कामरेड विनोद मिश्र के क्रांतिकारी योगदान को याद करते हुए वर्तमान में फासीवाद के हमले के खिलाफ एक मजबूत व गतिशील पार्टी बनाने तथा मोदी-योगी सरकार के हर हमले के खिलाफ जोरदार संघर्ष चलाने का संकल्प लिया.
संकल्प सभा को भाकपा(माले) के लखनऊ जिला प्रभारी रमेश सिंह सेंगर, जन संस्कृति मंच उत्तर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष कौशल किशोर, किसान नेता शिवाजी राय, ऐपवा की जिला संयोजक सरोजिनी बिष्ट, ऐक्टू के जिला मंत्री कुमार मधुसूदन मगन, जिला अध्यक्ष चन्द्रभान गुप्ता, इनौस नेता राजीव गुप्ता, उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता मोकामिल खां, सतीश राव, ऐक्टू नेता राम अनुज ओझा आदि लोगों ने संबोधित किया.
वक्ताओं का कहना था कि एक के बाद एक राज्य चुनावों में मिली जीत से मोदी सरकार बेलगाम हो चुकी है. उसने पूरे देश में अपने फासीवादी हमलों को तेज कर दिया है. ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के नाम पर मतदाता सूची से नामों की कटाई की देशव्यापी मुहिम चलाई जा रही है. नए श्रम कानूनों और निजीकृत शिक्षा के जरिए मजदूर तबके और छात्रों पर कॉर्पारेट नियंत्रण को मजबूत किया जा रहा है. देश का संघीय ढांचा चरमरा रहा है. देश में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की खाई को गहरा किया जा रहा है. लोकतंत्र, संविधान और संस्थाओं पर हमला तेज है. इसका जवाब जन आंदोलन है. इसके लिए अपने संगठन को मजबूत और व्यापक करने का हमारे सामने कार्यभार है.
अनेक ब्रांचों – मुंशी खेड़ा, धुबैला, मोहिबुल्लापुर, हरदासी खेड़ा, बरगदी, बन्नौर आदि – में भी संकल्प सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के अंत में पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड राजा बहुगुणा को दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.