23 जनवरी 2026 को भागलपुर के नाथनगर में आजादी आंदोलन के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 129वीं जयन्ती श्रद्धापूर्वक मनायी गयी. इस अवसर पर भाकपा(माले) व ऐक्टू की ओर से स्थानीय मोहनपुर स्थित जगदीश-बौधी स्मृति आवास में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. संध्या में नाथनगर स्थित उनके मूर्तिस्थल पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया. कैंडल लाइट जलाकर दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया.
भाकपा(माले) के नगर प्रभारी व ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह खेदजनक है कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रेरक वामपंथी नेता के रुप में उनकी भूमिका पर बहुत कम ध्यान दिया गया. वे धर्मनिरपेक्ष, साम्राज्यवाद-विरोधी और समाजवादी थे और मेहनतकश लोगों के अधिकारों के प्रति समर्पित थे.
उन्होंने कहा कि पिछले दस-ग्यारह वर्षों में सत्ता का गलत इस्तेमाल कर साम्प्रदायिक ताकतें संविधान व लोकतंत्र को क्षति पहुंचा रहे हैं. इसकी रक्षा की लड़ाई को मजबूत करना ही नेताजी जैसे तमाम शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा(माले) के नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल ने की. असंगठित कामगार महासंघ के राज्य सचिव सुभाष कुमार, दयाराम मंडल, फिरोज अंसारी, हर्ष राज, श्रवण कुमार, मनोज साह, शत्रुघ्न जैन, विष्णु दास, राजेश कुमार, आदि कार्यक्रम में शामिल हुए.