वर्ष 34 / अंक-26 / युवक को दी गयी अमानवीय यातना के खिलाफ प्रदर्शन

युवक को दी गयी अमानवीय यातना के खिलाफ प्रदर्शन

protest-against-inhuman-torture-given-to-a-youth

नवगछिया (भागलपुर) के भवनपुरा पंचायत के मुखिया बंटी सिंह और जेडीयू के एमएलसी संजय सिंह के चचेरे भाइयों द्वारा बिहपुर प्रखंड के दयालपुर निवासी नवीन कुमार झा पर चोरी का आरोप लगा कर, उसे टॉर्चर करने और उसके मलद्वार में पेट्रोल डाले जाने की सामने आयी अमानवीय घटना के खिलाफ 4 सितम्बर 2025को भाकपा(माले) ने स्थानीय वैशाली चौक पर विरोध प्रदर्शन किया. नीतीश-भाजपा के डबल इंजन की सरकार में तेजी से बढ़ रहे सत्ता संरक्षित अपराध से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मौके पर भाजपा-जदयू सरकार का पुतला भी फूंका. विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा(माले) के जिला सचिव विंदेश्वरी मंडल ने किया.

विरोध प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए भाकपा(माले) नेताओं ने कहा कि झंडापुर थानांतर्गत दयालपुर में सत्ता संरक्षित अपराधियों द्वारा अंजाम दी गयी क्रूर यातना की घटना, सभ्य समाज के लिए कलंक है. भाजपा-जदयू के शासन में लगातार अपराध बढ़ रहा है. एक के बाद एक, अपराध की भयावह घटनाएं हो रही है और नीतीश सरकार अकर्मण्य बनी हुई है. दयालपुर की सम्बंधित घटना, बिहार में बढ़ रही सामंती क्रूरता का ताजा प्रमाण है. सुशासन का दंभ भरने वाली सरकार हर मोर्चे पर विफल है. इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है जिससे प्रतीत होता है कि सत्ता के दबाव में पुलिस मामले को रफा-दफा करने के फिराक में है.

उन्होंने घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने, उन्हें कड़ी सजा देने, इस जघन्य घटना के जिम्मेदार सम्बंधित थाना प्रभारी को अविलंब बर्खास्त करने और इस पूरे घटनाक्रम में एमएलसी संजय सिंह की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.

वक्ताओं ने यह भी कहा कि बिहार को विनाश के गर्त में धकेलने वाली भाजपा-जदयू की अहंकारी सरकार की फरेब को अब जनता समझ चुकी है. बिहार की जनता अब भाजपा के जाल में नहीं आएगी. आंसुओं की नौटंकी से वोट चोरी का कलंक नहीं धुलेगा. एक-एक अपराध और अत्याचार का हिसाब होगा.

विरोध प्रदर्शन में भाकपा(माले) के जिला कमिटी सदस्य व ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त, नवगछिया प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल, खरीक प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव, जिला कमिटी सदस्य सुशील भारती व आशुतोष यादव, बिहारी शर्मा, श्रीमंत शर्मा, अमीर राम, राजेश सिंह, मोहन यादव, सुशील यादव, बालमुकुंद राय, श्यामलाल मंडल, शिवचंदर सिंह आदि सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए.

06 September, 2025