22 दिसंबर 2025 को नालंदा (बिहार) में भाकपा(माले) जिला कमिटी सदस्य तथा बिहारशरीफ (ग्रमीण) के प्रभारी सुनील कुमार और नदियावां के ब्रांच सचिव अजय मांझी के नेतृत्व में प्रयागपुर गांव में कॉ. विनोद मिश्रा की 27 वीं बरसी मनायी जा रही थी. उसी समय करीब दर्जन भर लंपटों ने उनपर हमला कर दिया, अजय मांझी का हाथ तोड़ दिया और सुनील कुमार को लाठियों से पीटा. हमलावर अपराधियों ने जातिसूचक भद्दी गालियां भी दी.
25 दिसंबर को भाकपा(माले) की एक जिलास्तरीय जांच टीम ने पार्टी के जिला कार्यालय सचिव नवल किशोर, जिला कमिटी सदस्य अनिल पटेल, बृजकिशोर प्रसाद एवं किसान नेता अवधेश प्रसाद के नेतृत्व में प्रयागपुर (मांझी टोला) के अलावे लल्लु नगर और नदियावां के लोगों से भी तथ्यों के बारे में पूछताछ की और घटना को सत्य पाया.
इस हमले के विरोध में भाकपा माले जिला कार्यालय कमरुद्दीनगंज से एक प्रतिरोध मार्च निकाला गया. कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए भाकपा(माले) जिला सचिव सुरेन्द्र राम ने कहा कि पूरे सूबे में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. भाजपा-संघ के गुंडों ने गगन दीवान के अतहर हुसैन का नवादा के भट्टा गांव में मॉबलिंचिंग कर दिया और उल्टे उन्हीं पर चोरी का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया. भाजपा के गुंडों के जरिए ही सुनील कुमार और अजय मांझी पर हमला किया गया.
अन्य भाकपा(माले) नेताओं ने भी अपराधियों के द्वारा गाली-गलौज करने तथा हमला व मारपीट करने की कड़ी निन्दा की और पुलिस से सभी अपराधियों को पकड़ कर जल्दी जेल भेजने की मांग की और कहा कि ऐसा नहीं किया तो जनांदोलन तेज किया जाएगा.
कार्यक्रम में शहर के प्रभारी पाल बिहारी लाल, अनिल पटेल, मकसूदन शर्मा, रामदास अकेला, विनोद रजक, सुभाष शर्मा, रेणु देवी, संजय पासवान, सत्यनारायण प्रसाद, बाढ़न पासवान, सुभाष शर्मा, अवधेश प्रसाद, कारू साव, राजनन्दन राउत, बेबी देवी, प्रमोद मांझी आदि मौजूद थे.