वर्ष 34 / अंक-35 / छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ रांची विश्वविद्यालय...

छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ रांची विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन का घेराव

छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ रांची विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन का घेराव

रांची विश्वविद्यालय में बीते कई वर्षों से शैक्षणिक सत्र की गंभीर अनियमितता, पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित न होने, स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं के परिणामों में देरी, अवैध शुल्क वसूली, छात्रासंघ चुनाव को ठंडे बस्ते में डालने तथा शिक्षा के बढ़ते निजीकरण के कारण छात्रा समुदाय गहरे संकट से गुजर रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन की लगातार उदासीनता के चलते छात्रों का शैक्षणिक और रोजगारपरक भविष्य लगातार अंधकारमय बनाया जा रहा है.

इन्हीं गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), रांची विश्वविद्यालय इकाई के आह्वान पर रांची, 20 दिसम्बर 2025 को विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन का घेराव किया गया. इस दौरान कुलपति के नाम कुलसचिव के माध्यम से निम्नलिखित ठोस मांगें प्रस्तुत की गईं –

1. स्नातक (UG) परीक्षाओं के परिणाम अविलंब एवं निर्धारित समय सीमा में प्रकाशित किए जाएं.
2. स्नातकोत्तर (PG) प्रवेश प्रक्रिया तुरंत शुरू कर स्पष्ट समय-सारणी जारी की जाए.
3. पीएचडी प्रवेश परीक्षा, 2024 शीघ्र आयोजित की जाए.
4. विश्वविद्यालय की स्वायत्तता खत्म करने की साजिश बंद हो और पीएचडी प्रवेश परीक्षा समाप्त करने और यूजीसी-सीएसआइआर-नेट-गेट को थोपने की साजिश पर रोक लगाई जाए.
5. अवैध शुल्क वसूली के लिए छात्रों को सेमेस्टर परीक्षा में असफल करने जैसी दमनकारी नीतियां तत्काल बंद की जाएं.
6. छात्रसंघ चुनाव नियमित रूप से बहाल कर छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार सुनिश्चित किए जाएं.
7. विश्वविद्यालय कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाए.
8. नई शिक्षा नीति 2020 के तहत थोपी गई अप्रासंगिक विषय-वस्तु एवं छात्र-विरोधी प्रावधानों को वापस लिया जाए.
9. खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं.
10. सस्ती, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा की पूर्ण गारंटी सुनिश्चित की जाए.

आइसा के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन इन जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो छात्र समुदाय अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत आंदोलन को और तेज करने के लिए विवश होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी.

घेराव कार्यक्रम में आइसा राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप, रांची जिला सचिव संजना मेहता, जिला अध्यक्ष विजय कुमार, सोनाली केवट, छुटुराम महतो, सत्य प्रकाश, निखिल राज, डीएसपीएमयू अध्यक्ष शालीन कुमार, सुनील सोरेन, वसीम अंसारी, काजल, निकिता, सोनू, अभिषेक, राजीव, उत्सव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

27 December, 2025