वर्ष 34 / अंक-33 / संविधान रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प

संविधान रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प

संविधान रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प

6 दिसम्बर 2025 को भाकपा(माले) ने भागलपुर में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेदकर की 69वीं स्मृति दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए देश में संविधान रक्षा के लिए जारी जनसंघर्ष को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने का संकल्प लिया गया. इस मौके पर भाकपा(माले) व ऐक्टू के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय यूनियन कार्यालय में बाबा साहेब  की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया तथा भाजपा-आरएसएस द्वारा संविधान को कुचलने, उसकी मूल भावना को कमजोर करने, संविधान प्रदत्त अधिकारों के हनन और विधानसभा चुनाव परिणाम से मदमस्त मोदी-नीतीश सरकार द्वारा गरीबों, मजदूरों, दलितों पर जबरन थोपे जा रहे बुलडोजर राज के खिलाफ जनसंघर्ष तेज करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल ने की.

इस मौके पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए भाकपा(माले) के नगर प्रभारी व ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने मोदी राज को संविधान और लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया. उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र व धर्मनिरपेक्षता को क्षति पहुंचा कर माहौल को विषैला बनाया जा रहा है. आम जनता के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि की गारंटी करने में नाकामयाब अहंकारी भाजपा-नीतीश सरकार पूरे राज्य में गरीबों-दलितों के रोजी-रोटी और आशियाने को उजाड़ने में अपना दमखम दिखा रही है. केंद्र की विनाशकारी मोदी सरकार ने संविधान विरोधी लेबर कोड्स को लागू कर मजदूरों को गुलामी के अंधेरे में धकेल देने की घोषणा कर दी है. लगातार मजदूरों-किसानों व आम नागरिकों के अधिकारों को छीना जा रहा है. हम सभी को संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ अपने लोकतंत्र व देश की धर्मनिरपेक्ष-संघीय ढांचे को बचाने की चुनौती स्वीकारनी होगी तथा शांति, सद्भावना व न्याय के लिए जारी संघर्ष को ऊंचाई तक ले जाना होगा.

कार्यक्रम में उपरोक्त सहित भाकपा(माले) के तिलका मांझी ब्रांच सचिव अमर कुमार, करण कुमार, ऐक्टू के संयुक्त जिला सचिव राजेश कुमार दास, अमित गुप्ता, बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन के चंचल पंडित, दिनेश कापरी, लूटन तांती, मो. रुस्तम, जयराम सिंह, असंगठित कामगार महासंघ के प्रमोद ठाकुर, दीपक कुमार, राजू साव, धनंजय कुमार, मो. जसीम, सुबोध कुमार, सुमन कुमार, धीरेन्द्र यादव, गोपाल दास आदि शामिल रहे.

13 December, 2025