भाकपा(माले) राज्य सचिव कुणाल ने पटना जिले के शाहजहांपुर थाना अंतर्गत सिगरियामा में सड़क हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है. मृतक सभी नालंदा के हिलसा थाना क्षेत्र के मलामा गांव के निवासी थे. पार्टी मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती है.
कुणाल ने कहा कि बिहार में हाल के वर्षों में सड़क दुर्घटनाएं लगातार और खतरनाक ढंग से बढ़ी हैं. बिना योजना, बिना सुरक्षा इंतजाम के हाईवे और फोरलेन बन रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों, पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किया जा रहा है. यह पूरी तरह सरकारी लापरवाही और जनविरोधी नीति का नतीजा है.
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार सिर्फ मुआवजे की औपचारिकता निभाकर पल्ला झाड़ लेती है, जबकि आम जनता की जान की कोई कीमत नहीं समझी जाती. यह एनडीए सरकार की असंवेदनशीलता और विफलता का जीता-जागता उदाहरण है.
भाकपा(माले) ने मांग की है कि सभी मृतकों के परिजनों को कम से कम 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए, घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था सरकार के खर्च पर की जाए और सभी पैदल पार पथ, स्पीड कंट्रोल और स्थानीय लोगों की सुरक्षित आवाजाही की पुख्ता व्यवस्था की जाए.