पुराने बिजली बिल और माइक्रोफाइनेंस सहित गरीबों का सभी कर्ज माफ करने, दो सौ यूनिट बिजली फ्री करने, खूनचूसवा स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने, सरकारी बैंकों से गरीबों को सस्ते ब्याज पर कर्ज देने, परिषदीय स्कूलों को बंद करने पर रोक लगाने तथा शराबखाना बंद करने जैसी ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर 20 अगस्त 2025 को जुलूस निकाल कर धरना-प्रदर्शन किया गया. इस जुलूस और धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा(माले) केंद्रीय समिति सदस्य का. श्रीराम चौधरी व राज्य स्थायी समिति सदस्य का. लाल साहब ने किया. ‘योगी सरकार जबाब दो’ नारे के साथ हजारों लोग बलिया रेलवे स्टेशन से निकल कर चीतू पांडेय चौराहे से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचे जहां जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित हुआ.
धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) नेता व खेग्रामस के सम्मानित राष्ट्रीय अध्यक्ष का. श्रीराम चौधरी ने कहा कि बिना मीटर रीडिंग किए लाखों रुपए का बिजली बिल गरीबों पर लाद कर वसूली के नाम पर भेज कर और न देने पर कनेक्शन काट कर योगी सरकार गरीबों का उत्पीड़न कर रही है. अन्य प्रदेशों की तरह उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनता को दो सौ यूनिट बिजली फ्री देना होगा. सरकार ने रिचार्ज प्रक्रिया वाले खूनचूसवा स्मार्ट मीटर लगाकर बिजली को और महंगा कर दिया है और जनता का खून चूस रही है. यह बर्दाश्त से बाहर है. सरकार की नीतियों के कारण माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा भारी ब्याज पर गरीब भूमिहीनों को कर्ज के मकड़जाल में फंसाकर खून चूसा जा रहा है जिससे गरीब गांव-घर छोड़ कर भागने तथा आत्महत्या करने पर मजबूर हैं. सहतवार थाना के बलेउर गांव में 27 जून 2025 को समूह के कर्मचारियों द्वारा एक महिला का उत्पीड़न किया गया जिसके कारण उसके एकलौते बेटे ने आत्महत्या कर ली. इस मामले में प्रशासन ने दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की.
किसान महासभा के राज्य उपाध्यक्ष का. शिवाजी राय ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों तथा नौजवानों के साथ धोखाधड़ी तो कर ही रही है; देश के मजदूरों, गरीब भूमिहीनों, महिलाओं तथा दलितों-अल्पसंख्यकों के जीवन के साथ गहरा षड्यंत्र कर रही है. सरकारी स्कूलों को बंद करके प्रदेश में शराब की दुकान खोल रही है. वोट चोरी करके इस सरकार ने अब अपना औचित्य खो दिया है. अब हमें बस इस सरकार को गद्दी हटा कर फेंक देना होगा.
सभा को भाकपा(माले) के बलिया जिला सचिव का. लाल साहब, राज्य कमेटी सदस्य एवं देवरिया जिला सचिव का. श्रीराम कुशवाहा, राज्य कमेटी सदस्य का. वशिष्ठ राजभर, का. भागवत बिन्द, मनियर एरिया सचिव का. राधेश्याम चौहान, किसान महासभा के नेता का. वसंत कुमार उर्फ मुन्नी सिंह, महिला नेत्री का. रेखा पासवान और का. लीलावती देवी ने मुख्य रूप से संबोधित किया. अन्त में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट बलिया को सौंपा गया. अध्यक्षता का. नियाज अहमद और संचालन का. लक्ष्मण यादव ने किया.
– लाल साहब