भाकपा(माले) की उत्तर प्रदेश राज्य इकाई ने 27 अप्रैल (सोमवार) को बयान जारी कर प्रतापगढ़ जिले में मानिकपुर थाना क्षेत्र के ककरहा गोतनी गांव में 19 वर्षीय दलित युवती से गैंगरेप के बाद हत्या कर उसकी लाश गांव के बाग में पेड़ से लटका देने के मामले में दोषियों को सख्त सजा देने और प्रतापगढ़ और गाजीपुर की घटनाओं में पीड़ित परिवारों को त्वरित न्याय दिलाने की मांग की है.
कहा है कि गाजीपुर के कटरिया गांव के दुष्कर्म-हत्या मामले में लीपापोती करने की कोशिशों के बीच प्रतापगढ़ में रविवार को ककरहा गांव की घटना सामने आई है. जिस तरह से कमजोर वर्ग की महिलाओं के साथ गैंगरेप-हत्या की घटनाएं हो रही हैं, उससे लगता है कि प्रदेश में कानून के राज की जगह गुंडा राज चल रहा है. एक ऐसा शासन जिसमें समाज के कमजोर हिस्सों की हिफाजत करने के बजाए दबंगोंअ-अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है. प्रदेश की पुलिस अपराधों पर लगाम लगाने के बजाय सरकार के इशारे पर मजदूर आंदोलनों का दमन और प्रभुत्वशाली वर्ग के संरक्षण का काम कर रही है. ऐसे ही शासन पर रामराज्य होने का मुलम्मा भी चढ़ाया जा रहा है.