वर्ष 34 / अंक-28 / जन सम्मेलन संपन्न हुआ, जिला अधिकारी कार्यालय पर प्...

जन सम्मेलन संपन्न हुआ, जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन की घोषणा

the-public-meeting-concluded-and-a-demonstration-was-announced

14 सितंबर 2025 को गोरखपुर (उप्र) के पीएमडी पब्लिक स्कूल, बेसहनी में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा और भाकपा(माले) के बैनर तले एक जन सम्मेलन आयोजित हुआ. सम्मेलन की अध्यक्षता विशुनदेव प्रसाद और संचालन अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष श्याम चरण ने किया.

जन सम्मेलन में भारी संख्या में ग्रामीण मजदूर, किसान, महिलाएं और नौजवान शामिल हुए. सम्मेलन में सर्वसम्मति से निम्न प्रस्ताव पारित किए गए :

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नामी-गिनामी कंपनियों को गांव की सीलिंग, बंजर, परती और आबादी की जमीन देने की नीति तत्काल वापस ली जाए. गरीबों को आवास व कृषि पट्टा दिया जाए.

विकास योजनाओं के नाम पर गरीबों को उजाड़ना बंद किया जाए. पुनर्वास व रोजगार की गारंटी के साथ हर भूमिहीन गरीब को बसाया जाए और आवास हेतु जमीन उपलब्ध कराई जाए.

माइक्रो फाइनेंस कंपनियों, बैंकों और निजी साहूकारों द्वारा गरीबों को दिए गए दो लाख रुपये तक के सभी कर्ज माफ किए जाएं तथा गरीबों के साथ लेनदेन में आरबीआई गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित किया जाए.

बिजली का निजीकरण रोका जाए, स्मार्ट मीटर योजना समाप्त की जाए, गरीबों का बकाया बिजली बिल माफ किया जाए और प्रति परिवार 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाए.

मनरेगा में पूरे साल काम की गारंटी दी जाए और केंद्र सरकार द्वारा अकुशल श्रमिकों के लिए निर्धारित मजदूरी रु. 783 मनरेगा सहित सभी कार्यों में दी जाए.

प्राइमरी स्कूलों के मर्जर और मदरसों के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाई जाए तथा बच्चों के शिक्षा के अधिकार कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए.

सहारा फाइनेंस में जमा गरीबों का पैसा ब्याज सहित तुरंत वापस किया जाए.

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) के राज्य स्थायी समति सदस्य का. राजेश साहनी ने कहा कि सरकार कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए गांव की जमीन और प्राकृतिक संसाधनों को लूट रही है. हमें इसके खिलाफ संगठित होकर लड़ाई लड़नी होगी.

का. राकेश सिंह ने कहा कि गरीबों की रोजी-रोटी, रोजगार, शिक्षा और बिजली के सवाल पर यह लड़ाई तेज की जाएगी और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने 25 सितंबर को जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन के लिए लोगों से भारी संख्या में गोरखपुर पहुंचे का आह्वान किया. अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के जिला सचिव विनोद भारद्वाज ने कहा कि गोरखपुर में मुख्यमंत्री शहर योजना के तहत सड़क चौड़ी करण कर लोगों का रोजी रोजगार छिना गया. अब 14 गांवों में जमीन खरीद-बिक्री पर रोक लगा कर सरकार लोगों उजाड़ रही है.

सभा को किसान यूनियन के खजनी तहसील अध्यक्ष सुरेश यादव, आरवाईए के उरूवा ब्लाक अध्यक्ष अभिषेक राना तथा भाकपा(माले) के माल्हनपार के सचिव एहेत्सामुल हक, नराईचपार लोकल कमेटी के सचिव विश्वनाथ, नीरज कुमार व  चादिका चौहान आदि ने भी संबोधित किया.

20 September, 2025