ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल द्वारा थोपे गए युद्ध के विरोध में वामपंथी दलों – भाकपा(माले), भाकपा, माकपा व फॉरवर्ड ब्लॉक ने संयुक्त रूप से 1-10 मार्च के बीच उत्तर प्रदेश में विरोध का आह्वान किया था.
इसके तहत विभिन्न जिलों में प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजे गये. राष्ट्रपति से भारत सरकार द्वारा ईरान पर जारी हमलों का मुखर प्रतिवाद करने, युद्ध को रोकने की तत्काल पहल करने, मोदी सरकार के अमेरिका-इजराइल गठजोड़ का रणनीतिक साझेदार बनने की तीखी आलोचना करते हुए स्वतंत्र विदेश नीति पर अमल करने, इजराइल में भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा व उनकी सकुशल देश वापसी व पेट्रोलियम व एलपीजी के दामों में की जा रही वृद्धि को वापस लेने की मांग की गई.
इलाहाबाद में भाकपा(माले), माकपा व भाकपा के नेतृत्व में 1 मार्च को बालसन चौराहे पर धरना और सभा का आयोजन हुआ. 2 मार्च को बनारस में भाकपा(माले) के नेतृत्व में शास्त्री घाट पर धरना देकर ईरान पर हमले का विरोध करते हुए पुलिस कमिश्नरेट के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया. धरने पर हुई सभा को भाकपा(माले) जिला सचिव का. अमरनाथ राजभर, ऐपवा की राज्य सचिव का. कुसुम वर्मा, राज्य कमेटी सदस्य मिठाई लाल आदि लोगों ने संबोधित किया. पुनः 9 मार्च को भाकपा(माले), भाकपा व माकपा की तरफ से शास्त्री घाट पर धरना व सभा करके राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया.
देवरिया में भाकपा(माले), भाकपा व माकपा की तरफ से जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया. इस मौके पर हुई सभा को भाकपा(माले) जिला प्रभारी का. श्रीराम कुशवाहा व अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया.
लखनऊ में 10 मार्च को परिवर्तन चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला गया. जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भेजा गया. मार्च का नेतृत्व भाकपा(माले) जिला प्रभारी रमेश सिंह सेंगर, माकपा जिला सचिव मधु गर्ग, भाकपा जिला कमेटी सदस्य रिजवान और फारवर्ड ब्लाक के उदयनाथ सिंह ने किया.
जालौन जिला मुख्यालय उरई में भाकपा(माले) ने ‘ईरान के खिलाफ इजराइल-अमेरिका युद्ध बंद करो’ के नारे के तहत शांति मार्च करते हुए मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन दिया. मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी हाथों में अमेरिका-इजराइल ईरान में स्कूली बच्चों के नरसंहार का जवाब दो, युद्ध नही शांति चाहिए, दुनिया को जीने का अधिकार चाहिए, मोदी सरकार साम्राज्यवाद की गुलामी बंद करो के नारे लगाते हुए प्लेकार्ड व फेस्टून लेकर चल रहे थे. मार्च का नेतृत्व भाकपा(माले) जिला सचिव का. राजीव कुशवाहा व ऐक्टू नेता रामसिंह चौधरी आदि ने किया.
मथुरा में 10 मार्च को वामदलों भाकपा(माले), माकपा तथा सांप्रदायिकता-विरोधी समिति की तरफ से, भगत सिंह प्रतिमा डैंपियर नगर से विकास बाजार स्थित गांधी स्मारक तक, नागरिक शांतिमार्च का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस और सपा के नेताओं ने भी भाग लिया. शांति मार्च में अमरीकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद, ट्रंप तानाशाही नहीं चलेगी, विश्व शांति जिंदाबाद, अमरीका-इजराइल गठजोड़ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया. गांधी स्मारक पर हुई सभा की अध्यक्षता सांप्रदायिकता-विरोधी कमेटी के नेता शिवदत्त चतुर्वेदी ने की. सभा में भाकपा(माले) के नेता एड. नसीर शाह और एड. मधुवन दत्त चतुर्वेदी, भाकपा के नेता एड. गफ्फार अब्बास, माकपा के नेता टीकेंद्र शाद, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर आदि लोगों ने संबोधित किया.
अयोध्या जिले में भाकपा(माले), भाकपा तथा माकपा के संयुक्त नेतृत्व में सदर तहसील पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया. वहां हुई सभा को भाकपा(माले) जिला प्रभारी का. अतीक अहमद व अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया. गोंडा में भाकपा(माले), भाकपा व माकपा की तरफ से जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करके सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया. कानपुर में भाकपा(माले), भाकपा व माकपा की तरफ से मानव श्रृंखला बनाकर से ईरान पर जारी हमलों पर विरोध व्यक्त करते हुए तत्काल युद्ध रोकने की मांग की गई. रायबरेली में भाकपा(माले) राज्य स्थाई समिति सदस्य व ऐक्टू के प्रदेश अध्यक्ष का. विजय विद्रोही व भाकपा(माले) जिला सचिव का. हनुमान अंबेडकर के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करके राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया.
आजमगढ़ में 11 मार्च को भाकपा(माले), भाकपा व माकपा ने शहीद कुंवर सिंह उद्यान से शान्ति मार्च निकाला जो पुनः कुंवर सिंह उद्यान के गेट पर पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया. सभा को संबोधित करते किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष का. जयप्रकाश नारायण ने कहा कि ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका दुनिया के तमाम देशों पर मुनाफे के स्रोतों पर कब्जे के लिए हमला कर रहा है. पहले वेनेजुएला और अब वह ईरान पर कब्जा करना चाहता है. भाकपा नेता वं किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग, भाकपा(माले) के जिला प्रभारी का. विनोद सिंह, भाकपा के जिला मंत्री का. जितेंद्र हरि पाण्डेय, का. हामिद अली आदि ने संबोधित किया.
मऊ में भाकपा(माले), भाकपा व माकपा के नेतृत्व में ईरान पर हमले के खिलाफ मार्च निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करके राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया. वहां हुई सभा को भाकपा(माले) जिला सचिव का. वसंत समेत कई लोगों ने संबोधित किया.