वर्ष 35 / अंक - 46-47 / मधुबनी से मनेर तक : बिहार में पुलिसिया हिंसा का नं...

मधुबनी से मनेर तक : बिहार में पुलिसिया हिंसा का नंगा नाच

मधुबनी से मनेर तक : बिहार में पुलिसिया हिंसा का नंगा नाच

पटना जिले के मनेर प्रखंड अंतर्गत गंगा किनारे स्थित शेरपुर में पुलिस मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत के मामले की जांच के लिए भाकपा(माले) की पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच टीम ने 8 नवंबर को घटनास्थल और मृतकों के घरों का दौरा किया. टीम ने परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत की तथा घटनास्थल का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर टीम ने पुलिस के मुठभेड़ के दावे पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी मुठभेड़ बताया है.

जांच टीम में भाकपा(माले) पोलित ब्यूरो के सदस्य  व पटना जिला सचिव काॅमरेड अमर, अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व विधायक काॅमरेड सत्यदेव राम, अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक रामबली सिंह यादव, मनेर प्रखंड सचिव काॅमरेड सुधीर कुमार तथा किसान नेता काॅमरेड रामकुमार यादव और उपेंद्र यादव शामिल थे.

इस घटना में मारे गए तीन लोगों की पहचान जेपी यादव (42 वर्ष), ग्राम-ताराचक, दानापुर; बबलू यादव (38 वर्ष), कृषि फार्म, दानापुर, स्थायी निवासी सूअरमरवा, मनेर; तथा राजा शर्मा (20 वर्ष), ग्राम-गंगहर, (जो गंगा नदी के उस पार शेरपुर के ठीक सामने स्थित है) के रूप में हुई है.

परिजनों के बयान ने खड़े किए गंभीर सवाल

जांच टीम सबसे पहले दानापुर कृषि फार्म स्थित बबलू यादव के घर पहुंची. घर पर ताला लगा था और आसपास के लोग भयभीत थे. परिचय देने के बाद ग्रामीणों ने बताया कि बबलू की मां का हाथ टूटा हुआ था. उनका इलाज कराने के बाद वह 5 नवंबर की शाम करीब चार बजे घर लौटा था और फिर बाजार की ओर निकला था. ग्रामीणों के अनुसार वह कोई गलत काम करने वाला व्यक्ति नहीं था. परिवार के लोग उस समय गांव में दूधमूंही कार्यक्रम में गए हुए थे.

इसके बाद टीम ताराचक स्थित जेपी यादव के घर पहुंची. उनके बड़े भाई रामाशीष यादव ने बताया कि जून महीने में पड़ोस के बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर जेपी पर मुकदमा दर्ज हुआ था. मुकदमे के भय से वह रामगढ़ (झारखंड) में अपनी बहन के यहां रह रहे थे. 7 नवंबर को दानापुर कोर्ट में जमानत लेने के लिए वे 5 नवंबर को बस से घर के लिए चले थे. फोन पर उन्होंने रात 10 बजे तक घर पहुंचने की बात कही थी. रात में फोन बंद मिलने पर परिवार को लगा कि वे कहीं रुक गए होंगे. अगली सुबह फेसबुक के माध्यम से परिवार को उनके पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की खबर मिली.

परिजनों के अनुसार, दानापुर सदर अस्पताल पहुंचने पर वहां भारी पुलिस बल तैनात था, लेकिन जेपी यादव अस्पताल में भर्ती नहीं थे. एंबुलेंस देखने के लिए अस्पताल के पीछे जाने की कोशिश करने पर पुलिस ने उन्हें रोका और लाठीचार्ज किया. काफी मशक्कत के बाद वे शव देख पाए. परिजनों ने बताया कि जेपी यादव के सीने में सात गोलियां लगी थीं, जबकि उन्होंने टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसमें गोली का एक भी छेद नहीं था.

परिजनों ने बताया कि जेपी यादव का ससुराल गंगहर गांव में था और राजा शर्मा भी उसी गांव का रहने वाला था. संभव है कि जेपी यादव घर आने के बजाय अपने ससुराल चले गए हों. जांच टीम ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि दोनों आखिर गंगहर से शेरपुर कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में पुलिस की गिरफ्त में आए,


घटनास्थल के निरीक्षण में मुठभेड़ की कहानी पर सवाल

जांच टीम ताराचक से करीब आठ किलोमीटर पश्चिम स्थित शेरपुर गांव पहुंची और वहां से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम गंगा किनारे स्थित मंदिर के पास घटनास्थल का निरीक्षण किया. स्थानीय लोगों और मंदिर के पुजारी ने एक स्वर में बताया कि वहां कोई मुठभेड़ नहीं हुई थी. पुजारी के अनुसार, उन्होंने रात में गोली चलने की कोई आवाज नहीं सुनी. सुबह करीब पांच बजे जब वे जागे तो वहां भारी पुलिस बल मौजूद था और एंबुलेंस जा रही थी.

स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्तिक महीने में यहां तड़के तीन बजे से ही महिलाएं गंगा स्नान के लिए आने लगती हैं, लेकिन पुलिस के भय के कारण कोई खुलकर कुछ बताने को तैयार नहीं है. ग्रामीणों ने कहा कि अब इन इलाकों में पुलिस को देखकर लोग सुरक्षा महसूस करने के बजाय भयभीत हो जाते हैं.

घटनास्थल के निरीक्षण में मंदिर से लगभग 100 गज दक्षिण, गंगा नदी के पानी से 20-25 फीट पूरब तीन अलग-अलग जगहों पर खून के निशान मिले. वहां कुछ ग्लव्स और गमछे का आधा टुकड़ा भी पड़ा था. जांच टीम के अनुसार, यह उसी गमछे का हिस्सा था जिसे पुलिस अधिकारी की बांह में बंधा दिखाया गया था. खून के निशान से करीब 10 मीटर पूरब ईंट-भट्टेे की ऊंची मिट्टी का ढेर था. घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति भी पुलिस की बताई मुठभेड़ की कहानी से मेल नहीं खाती. इस स्थान पर कथित मुठभेड़ का घटनाक्रम विश्वसनीय नहीं लगता और इस बात की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए कि तीनों को वास्तव में कहां और किन परिस्थितियों में गोली मारी गई.

पुलिस के दावों में कई गंभीर विरोधाभास

स्थानीय लोगों ने जांच टीम के सामने पुलिस के दावों को लेकर कई सवाल उठाए. 8 नवंबर के प्रभात खबर अखबार में पुलिस के बयान के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 18 और अपराधियों ने 24 गोलियां चलाई थीं. जबकि तीनों मृतकों के शरीर पर कुल करीब 30 गोलियां लगने की बात सामने आई है. यदि पुलिस की ओर से चलाई गई सभी 18 गोलियां अपराधियों को लगीं, तो शेष गोलियां किसने और किन परिस्थितियों में चलाईं?

दूसरा सवाल यह है कि तीनों मृतकों को गोलियां मुख्य रूप से सीने में ही क्यों लगीं? क्या कथित मुठभेड़ के दौरान तीनों बिल्कुल स्थिर खड़े थे?

पुलिस अधीक्षक के वीडियो बयान में कहा गया है कि अपराधियों की गोली मनेर थानाध्यक्ष की वर्दी को छूते हुए निकल गई और वे बाल-बाल बच गए. लेकिन सवाल है कि यदि गोली इतनी करीब से गुजरी थी तो थानाध्यक्ष की बांह में गमछा क्यों बंधा था? वह गमछा जेपी यादव का बताया जा रहा है. जांच टीम ने यह भी सवाल उठाया कि गमछे पर खून का कोई निशान क्यों नहीं था और थानाध्यक्ष को किसी अस्पताल में इलाज कराने की जरूरत क्यों नहीं पड़ी? वे सामान्य रूप से ड्यूटी करते हुए क्यों दिखाई दिए?

जांच टीम का निष्कर्ष और मांग

जांच टीम का स्पष्ट निष्कर्ष है कि उपलब्ध परिस्थितिजन्य साक्ष्य, परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान तथा घटनास्थल की स्थिति पुलिस की मुठभेड़ की कहानी पर गंभीर संदेह पैदा करते हैं. टीम के अनुसार, प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि तीनों की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शेरपुर में मुठभेड़ का दृश्य तैयार किया गया. घटनास्थल पर मोटर से पानी डाले जाने के निशान भी मिले, जिसके कारण खून के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे. स्थानीय लोग भी वहां मिले खून और पुलिस द्वारा जारी वीडियो के आधार पर घटनाक्रम पर सवाल उठा रहे थे.

मृतकों के निजी जीवन और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच अलग विषय है, लेकिन किसी भी व्यक्ति को बिना कानून की प्रक्रिया का पालन किए इस तरह मार डालने का अधिकार पुलिस को नहीं है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस यदि खुद कानून से बाहर जाकर कार्रवाई करती है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों के लिए गंभीर खतरा है.

भाकपा(माले) जांच टीम ने मांग  की है किः
1. शेरपुर में तीनों लोगों की मौत की उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए.
2. घटनास्थल, खून के नमूनों, गमछे, ग्लव्स और अन्य भौतिक साक्ष्यों की फाॅरेंसिक जांच कराई जाए.
3. तीनों मृतकों के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी, बैलिस्टिक रिपोर्ट और शरीर में लगी गोलियों की विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए.
4. घटनाक्रम से जुड़े पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और जांच पूरी होने तक दोषी पाए जाने की आशंका वाले अधिकारियों को जांच प्रक्रिया से अलग रखा जाए.
5. मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सुरक्षा प्रदान की जाए.

भाकपा(माले) ने इस पूरे मामले को मानवाधिकार का गंभीर उल्लंघन मानते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस की वर्दी में किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की छूट नहीं दी जा सकती.



मधुबनी का बलिराज गढ़ गोलीकांड

मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराज गढ़ के धत्ता टोला में पुलिस गोलीबारी से अशोक यादव की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना की जांच के लिए आज भाकपा(माले) की  उच्चस्तरीय जांच टीम गांव पहुंची. टीम में एमएलसी शशि यादव, पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम, इंसाफ मंच के राज्य उपाध्यक्ष नेयाज अहमद, भाकपा(माले) के मधुबनी जिला सचिव ध्रुव नारायण कर्ण, श्याम पंडित, हरि पासवान, चंद्रनारायण कुशवाहा सहित दर्जनों नेता शामिल थे. टीम ने धत्ता टोल पहुंचकर पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से मुलाकात की तथा घटना की.

जांच टीम ने पाया कि सरकार की बड़ी-बड़ी घोषणाओं के बावजूद अब तक गोली चलाने वाले आरोपी दारोगा की गिरफ्तारी नहीं हुई है. गोलीबारी में घायल लोगों के इलाज का खर्च सरकार नहीं उठा रही है और मृतक अशोक यादव के परिजनों को अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला है. पीड़ित परिवार और घायल लोग इंसाफ की बाट जोह रहे हैं जो सरकार और प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है.

जांच दल में शामिल एमएलसी शशि यादव ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर पीड़ित परिवारों को इंसाफ नहीं मिला तो भाकपा(माले) एवं वे स्वयं साथियों के साथ मधुबनी डीएम के समक्ष धरने पर बैठेंगी.

पूर्व विधायक सत्यदेव राम ने कहा कि सम्राट सरकार में पुलिस बेलगाम हो गई है और अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है. पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर मुसहर, सहनी, यादव, राम सहित विभिन्न समुदायों के लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. हाजत में हत्याओं का दौर शुरू हो गया है और फर्जी मुठभेड़ आम बात बनती जा रही है. दूसरी ओर अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है.

आरोपी दारोगा को तत्काल गिरफ्तार करने, मृतक अशोक यादव के परिजनों को उचित मुआवजा देने, सरकार द्वारा घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करने और पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग को लेकर भाकपा(माले) ने इस जघन्य पुलिसिया करतूत के खिलाफ पूरे मिथिलांचल में धारावाहिक आंदोलन शुरू किया है.

पर्व-त्योहारों के समय में घटित इन दोनों घटनाओं ने बिहार में सत्ता पर बैठी सम्राट चौधरी सरकार के एनकाउंटर राज में एक और नया अध्याय जोड़ दिया है.

14 November, 2026