[ पिछले दिनों पटना (11 नवंबर), कोलकाता (13 नवंबर), दिल्ली (18 नवंबर) और लखनऊ में काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य (शंभूजी) के लिए को याद करते हुए श्रद्धांजलि सभायें आयोजित की गईं जिनमें भारी तादाद में पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं, वाम दलों व अन्य जनवादी संगठनों से जुड़े लोगों और उन्हें चाहनेवालों ने हिस्सा लिया.]
पटना
11 नवंबर को पटना के रवीन्द्र परिषद भवन सभागार, आर. ब्लाॅक में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बिहार के विभिन्न जिलों और कई अन्य राज्यों से पार्टी नेता, कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी एकत्रित हुए.
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए, भाकपा(माले) के महासचिव काॅमरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि काॅमरेड स्वदेश के निधन से क्रांतिकारी आंदोलन में एक ऐसी कमी आ गई है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता. उन्होंने शंभूजी को अडिगता और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक बताया, जिन्होंने अपने अंतिम दिनों तक पार्टी को मजबूत करने के लिए काम किया.
शंभूजी की क्रांतिकारी विरासत को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण तरीका होगा देश में उभर रहे संघर्षों को संगठित करना और उन्हें व्यापक जन-आंदोलनों के साथ जोड़ना,
भाकपा(माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा ने काॅमरेड स्वदेश की कई सीखों को याद किया, जिनमें छात्र और युवा आंदोलनों को मजदूरों और किसानों के संघर्षों के साथ जोड़ने की बात शामिल थी. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब छात्रा, किसान और समाज के विभिन्न वर्ग अपनी-अपनी लड़ाइयाँ लड़ रहे हैं, इन संघर्षों के लिए एक साझा दिशा तय करना और भी महत्वपूर्ण हो गया है.
भाकपा(माले) के पश्चिम बंगाल राज्य सचिव अभिजीत मजूमदार ने ऐतिहासिक नक्सलबाड़ी आंदोलन और काॅमरेड स्वदेश के क्रांतिकारी योगदान को याद किया. कम्युनिस्ट संगठन के प्रति उनके आजीवन समर्पण को नमन करते हुए, अभिजीत ने पूरे देश में पार्टी को मजबूत और विस्तारित करने का आह्वान किया.
भाकपा(माले) के केंद्रीय कार्यालय प्रभारी प्रभात चौधरी और काराकाट के सांसद राजा राम सिंह ने किसान आंदोलनों के साथ शंभूजी के गहरे जुड़ाव, उनके राजनीतिक भाषणों और विभिन्न संघर्षों में उनके साथ काम करने के अपने अनुभवों को याद किया. उन्होंने उन्हें एक महत्वपूर्ण मार्क्सवादी शिक्षक के रूप में याद किया, जिनके निधन से क्रांतिकारी आंदोलन को एक ऐसी क्षति हुई है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती.
अन्य वामपंथी दलों के नेताओं ने भी काॅमरेड स्वदेश को श्रद्धांजलि दी और वामपंथी एकता को मजबूत करते हुए उनके संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. इनमें सीपीआइ के रामलला सिंह, फाॅरवर्ड ब्लाॅक के राज्य सचिव अमरीक महतो, फारवर्ड ब्लाॅक के राज्य सचिव अरुण कुमार सिंह और सीपीआइ (एमएल) ‘क्लास स्ट्रगल’ के अरविंद सिन्हा और सत्तर के दशक के चर्चित क्रांतिकारी छात्र नेता बलदेव झा शामिल थे.
श्रद्धांजलि सभा को भाकपा(माले) के राज्य सचिव कुणाल, अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की महासचिव मीना तिवारी, बिहार विधान परिषद की सदस्य शशि यादव, भाकपा(माले) के वरिष्ठ नेता के.डी. यादव और मनोहर, आरा के पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद व मौजूदा सांसद सुदामा प्रसाद, पूर्व विधायक और खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम और बिहार राज्य सचिव शत्रुघ्न साहनी, भाकपा(माले) केंद्रीय कमेटी के सदस्य जवाहर लाल सिंह व अभ्युदय तथा राज्य कमेटी सदस्य समता राय ने भी संबोधित किया.
काॅमरेड कुणाल ने काॅमरेड स्वदेश के जीवन और उनके क्रांतिकारी योगदान का विवरण प्रस्तुत किया. सभा का संचालन ऐपवा की महासचिव काॅमरेड मीना तिवारी ने किया.
सभा में काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य को क्रांतिकारी श्रद्धांजलि देते हुए पार्टी को मजबूत करने, जन-संघर्षों की एकता को आगे बढ़ाने, तथा सामंती उत्पीड़न, दमन और फासीवाद के खिलाफ उनके अधूरे क्रांतिकारी मिशन को आगे ले जाने के संकल्प को दोहराया गया.
कोलकाता
13 नवंबर को कोलकाता में पूरे पश्चिम बंगाल से आए साथियों और विभिन्न वामपंथी दलों के नेताओं ने एकजुट होकर एक स्मृति सभा का आयोजन किया और काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य को श्रद्धांजलि दी.
इस स्मृति सभा में वे कई साथी शामिल हुए जिन्होंने काॅमरेड स्वदेश के साथ उनकी लंबी क्रांतिकारी यात्रा के विभिन्न चरणों में करीब रहते हुए काम किया था. इनमें रांची के उनके शुरुआती दौर के साथी भी शामिल थे, जब वे ‘हेवी इंजीनियरिंग काॅर्पाेरेशन’ (एचईसी) में काम करते थे. वक्ताओं ने उनके राजनीतिक योगदान, संगठनात्मक क्षमताओं और कम्युनिस्ट आंदोलन के प्रति उनके आजीवन समर्पण से जुड़ी यादें साझा कीं.
मार्क्सवादी लेखक तिलक दास गुप्ता ने उस ईमानदारी, धैर्य, बारीकियों पर ध्यान देने की क्षमता और व्यापक सोच को याद किया, जिसके साथ काॅमरेड स्वदेश ने 1980 के दशक की शुरुआत में तेरह मार्क्सवादी-लेनिनवादी संगठनों की एक एकता बैठक की अध्यक्षता की थी. उनकी बातों से आंदोलन के एक अहम दौर में कम्युनिस्ट एकता बनाने में ‘शंभुजी’ की महत्वपूर्ण भूमिका उजागर हुई.
काॅमरेड मिताली बिस्वास ने 2018 में कोलकाता में रिकाॅर्ड किए गए काॅमरेड स्वदेश के एक वीडियो साक्षात्कार का संक्षिप्त संस्करण दिखाया, जिससे वहां मौजूद साथियों को उनकी क्रांतिकारी यात्रा और उनके विचारों को फिर से जानने का मौका मिला.
काॅमरेड अभिजीत मजूमदार ने भाकपा(माले) केन्द्रीय कमेटी से काॅमरेड स्वदेश को श्रद्धांजलि अर्पित की. वरिष्ठ नेता काॅमरेड मीना पाल, आइसा और जेएनयू छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष काॅमरेड सुचेता, पोलित ब्यूरो सदस्य काॅमरेड शशि यादव और काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य के भाई श्यामलाल भट्टाचार्य सहित कई वक्ताओं ने ‘शंभुजी’ से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं और क्रांतिकारी आंदोलन में उनके योगदान को याद किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता काॅमरेड कार्तिक पाल और संचालन काॅमरेड अतनु चक्रवर्ती ने किया.
स्मृति सभा की शुरुआत काॅमरेड बाबुनी मजूमदार द्वारा गाए गए सलिल चौधरी के एक मार्मिक गीत से हुई. इसके बाद काॅमरेड मेहुली चक्रवर्ती ने रवींद्रनाथ टैगोर की एक रचना प्रस्तुत की. कार्यक्रम का समापन अंतरराष्ट्रीय कम्युनिस्ट और मजदूर वर्ग आंदोलन का ऐतिहासिक गीत ‘कम्युनिस्ट इंटरनेशनेल’ को सामूहिक रूप से गाने के साथ हुआ.
लखनऊ
16 नवंबर. 2026 सोमवार को लखनऊ स्थित गांधी भवन के विनोबा भावे सभागार में काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई.
दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में जब लोकतंत्र की आत्मा पर हमले हो रहे हैं, मताधिकार, विरोध के अधिकार व संविधान पर हमले हो रहे हैं, काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य (शम्भू जी) जैसे नेता की बहुत जरुरत थी.
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान दौर में फासीवाद सर चढ़कर बोल रहा है, उच्च संस्थाओं का भगवाकरण हो रहा है, सरकारी और संवैधानिक संस्थाओं से न्याय मिलने की उम्मीद धुंधली होती जा रही है, ऐसे कठिन समय में शोषित-पीड़ित वर्ग को न्याय दिलाने, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन का ही रास्ता बचता है.
वक्ताओं ने कहा कि मजबूत आंदोलन के लिए मजबूत संगठन की जरुरत होती है. अन्ततः यह संगठन ही है जो पार्टी को भविष्य में ले जाएगा. राजनीतिक लाइन कितनी भी सही क्यों न हो, जब तक एक मजबूत, जीवंत और जुझारू संगठन नहीं होगा, तब तक न तो हम राजनीतिक लाइन को जमीन पर उतार सकते हैं, न ही भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकते हैं. इसलिए आज का सबसे जरूरी और महत्वपूर्ण कार्यभार मजबूत संगठन का निर्माण करना है.
कहा कि वे पार्टी संगठन विभाग के केंद्रीय प्रभारी थे. उनकी मुख्य चिंता रहती थी कि पार्टी का कैसे विस्तार हो, संगठन निर्माण पर जोर कैसे बढ़े और भविष्य की राजनीतिक जरुरतों के हिसाब से संगठन को कैसे ढाला जाए. उनका निधन भाकपा(माले) और वामपंथी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है. उनकी राजनीतिक सांगठनिक चिंताओं को व्यवहार में लागू करना और उनके अधूरे रह गए मिशन को पूरा करने की दिशा में प्रयास करना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
श्रद्धांजलि सभा को भाकपा(माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य काॅमरेड रामजी राय के अलावा भाकपा(माले) के राज्य सचिव सुधाकर यादव, वरिष्ठ नेता जयप्रकाश नारायण, जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कौशल किशोर, इलाहाबाद विवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, पार्टी की केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्णा अधिकारी, ऐपवा प्रदेश सचिव कुसुम वर्मा, समता राय, पार्टी के लखनऊ प्रभारी रमेश सिंह सेंगर, इंसाफ मंच के प्रदेश संयोजक अफरोज आलम, हाइकोर्ट के अधिवक्ता बलराम यादव, सौरभ चंद्र, पार्टी के राज्य कमेटी के सदस्यों ओमप्रकाश सिंह, काॅमरेड मीना व विजय कुमार ने संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन भाकपा(माले) के केंद्रीय कमेटी सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने किया.
दिल्ली
18 नवंबर को दिल्ली के सुरजीत भवन में आयोजित स्मृति सभा में भाकपा(माले) महासचिव काॅ. दीपंकर भट्टाचार्य माकपा के महासचिव एमए बेबी, भाकपा महासचिव डी राजा समेत अन्य वामपंथी दलों के नेताओं और विदेशी दूतावासों के प्रतिनिधियों के अलावा दिल्ली में विभिन्न इलाकों से मजदूरों, महिलाओं, छात्रों, पत्रकारों, शिक्षकों और कलाकर्मियों ने हिस्सा लिया.