भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए समान विचार के लोगों को मिलकर काम करना होगा – सुदामा प्रसाद
14 अगस्त 2025 को उत्तर प्रदेश के पूरनपुर (लखीमपुर खीरी) में भाकपा(माले) और इंसाफ मंच द्वारा ‘संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ जनकन्वेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. एमन आमिल बरात घर, पूरनपुर में आयोजित जनकन्वेशन को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) के आरा (बिहार) से सांसद कामरेड सुदामा प्रसाद ने कहा कि अब जनता के सामने साबित हो गया कि भाजपा ने हरियाणा, मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के चुनाव वोट चोरी करके जीते हैं. उन्होंने कहा कि वोट चोरी करते-करते अब भाजपा वोट की डकैती पर आमादा हो गयी है. इसीलिए उसने बिहार में चुनाव आयोग के माध्यम से मतदाता सूची का ‘विशेष गहन पुनिरीक्षण’ करा कर 65 लाख मतदाताओ के नाम काट दिए हैं.
उन्होंने कहा कि भाकपा(माले) ने इस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ सबसे पहले नारा दिया – ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’. उसके बाद इंडिया गठबंधन की तमाम पार्टियों ने संसद के अंदर और वोटर अधिकार यात्रा के माध्यम से सड़कों पर उतर कर वोट चोरी के खिलाफ जोरदार प्रतिवाद किया. ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अब बिहार की जनता का लोकप्रिय नारा बन गया है. उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में भाजपा सरकार ने लोगों का सुकून व खुशहाली छीन ली है. लोगों के बीच जो सम्प्रदायिक सौहार्द था, उसे तहस-नहस कर दिया है. भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए समान पृष्ठभूमि और विचार के लोगों को एक साथ आना होगा और मिलकर प्रयास करना होगा.
उन्होंने कहा कि संसद जब जनविरोधी फैसले कानून के माध्यम से लेती है तब लोकतंत्र में जनता के हक-अधिकार के फैसले सड़कां पर और खेत-खलिहानों में होते हैं. देशव्यापी किसान आंदोलन इसका ज्वलंत उदाहरण है जिसके दबाव में मोदी सरकार को अपने तीन काले कृषि कानून वापस लेने पड़े थे. कहा कि भाजपा सरकार हर एक फैसला पूंजीपतियों, खासकर अपने मित्र अडानी और अम्बानी के हित मे ले रही है, जिसकी वजह से जनता के हर हिस्से में आक्रोश व्याप्त है. मंहगाई और बेरोजगारी से जनता का जीवन तबाह और बर्बाद है. भाजपा की जनविरोधी और साम्प्रदायिक राजनीति के खिलाफ सभी को मिलकर लड़ाई लड़ने की जरूरत है.
जनकन्वेशन को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) की केंद्रीय कमेटी सदस्य कामरेड कृष्णा अधिकारी ने कहा कि भारत के संविधान की नजर में देश की सभी जाति, धर्म और लिंग के लोग बराबर हैं. लेकिन, आज देश के नागरिकों को मजहब के आधार पर बांटा जा रहा है. तराई क्षेत्रा के जिलों में ऐसी मस्जिदों, मजारों और दरगाहों को जो हिन्दू-मुस्लिम एकता के प्रतीक हुआ करते हैं और शैक्षणिक संस्थानों पर चुनींदा ढंग से बुलडोजर चलाया जा रहा है, ताकि हिंदू मुस्लिम एकता को तोड़ा जा सके. योगी सरकार के प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ मे नोटिस रहता है और साथ में बुलडोजर भी. वह कानून व सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना करते हुए उजाड़ने की कार्यवाही कर रही है.
उन्होंने कहा कि आज इस देश की जनता के सामने सबसे बड़ा सवाल महगाई, बेरोजगारी और जमीन पर अधिकार का है. पीलीभीत और लखीमपुर खीरी में टाइगर रिजर्व और जंगल के नाम पर किसानों को उजाड़ा जा रहा है. भाजपा राज में कोई भी गरीब सुरक्षित नहीं है. समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार तानाशाह सरकार है जो लोकतंत्र और संविधान को खत्म कर देना चाहती है. भाजपा इस देश के नागरिकों को हिंदू-मुसलमान में बांटकर पूंजीपतियों की सेवा में लगी हुई है. भाकपा(माले) ने आरा के सांसद सुदामा प्रसाद को पूरनपुर की धरती पर बुला कर पूरनपुर की धरती पर लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है.
जनकन्वेशन को भाकपा(माले) राज्य कमेटी के सदस्य रमेश सिंह सेंगर, उपाधि डिग्री कालेज के सहायक प्रोफेसर विपिन नीरज, सपा नेता अजय भारती, समाजवादी पार्टी के विधानसभा प्रभारी संजय यादव, भाकपा(माले) जिला कमेटी के सदस्य देवीदयाल, सईद खां, धर्मेंद्र पांडेय, रामचन्द्र वर्मा, नगीना, जिला पंचायत सदस्य संजय खान, आदि लोगो ने भी संबोधित किया. जनकन्वेंशन की अध्यक्षता जिला सचिव देवाशीष राय तथा संचालन जिला प्रभारी अफरोज आलम ने किया. सैकड़ों लोगों ने इसमें भागीदारी की.