एलएन मिश्रा मथिला विश्वविद्यालय के चर्चित छात्र नेता एवं आरवाईए के बिहार राज्य उपाध्यक्ष संदीप चौधरी दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाकपा(माले)उम्मीदवार हैं. विगत 6 अक्टूबर को उनके नामांकन के मौके पर भाकपा(माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा, आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. अजीत कुशवाहा व आरवाईए राज्य सचिव शिव प्रकाश रंजन (दोनों पूर्व विधायक) मौजूद रहे.
बिहार आइसा में राज्य उपाध्यक्ष एवं राज्य सह सचिव की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं. वे सी.एम. लाॅ काॅलेज, दरभंगा के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि रह चुके हैं. ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में उन्होंने आइसा की ओर से छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा था. विश्वविद्यालय में छात्र हितों से जुड़े विभिन्न आंदोलनों में व हाल के वर्षों में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्र एवं शोधार्थियों से जुड़े मुद्दों पर भी वे लगातार सक्रिय रहे हैं. उन्होंने स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से की है और वर्तमान में इसी विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र से पीएचडी कर रहे हैं. अभी वे आरवाईए के बिहार राज्य उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य तथा भाकपा(माले) की दरभंगा जिला कमिटी के सदस्य हैं.
भाकपा(माले) राज्य सचिव कुणाल ने बताया कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, छात्र-युवाओं के अधिकार और स्नातकों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाते हुए उनका चुनाव अभियान चलाया जाएगा.